प्रदेश
जीत के करीब बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी, कुछ ही देर में बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे मुख्यमंत्री साय, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल…...
रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती चल रही है। दसवें राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। सुनील सोनी 20,629 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा को 42,667 और कांग्रेस को 22,038 वोट मिले हैं। इस बीच खबर है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर पहुंचने वाले हैं। यहां सीएम बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं।
पोस्टल बैलेट की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हुई है और शुरू से ही बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी बढ़त बनाए हुए हैं। इसके लेकर कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल बना हुआ है।
दक्षिण विधानसभा राउंड वार अपडेट
पहला राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 3583, आकाश शर्मा कांग्रेस 2798 वोट मिले.
दूसरा राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 7651, आकाश शर्मा कांग्रेस 4245 वोट मिले.
तीसरा राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 11240, आकाश शर्मा कांग्रेस 5202 वोट मिले.
चौथा राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 14374, आकाश शर्मा कांग्रेस, 8738 वोट मिले.
पांचवा राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 18578, आकाश शर्मा कांग्रेस 10213 वोट मिले.
छठवा राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 23107, आकाश शर्मा कांग्रेस 11821 वोट मिले.
सातवां राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 27911, आकाश शर्मा कांग्रेस 14083 वोट मिले.
आठवें राउंड के बाद – सुनील सोनी बीजेपी 31619, आकाश शर्मा कांग्रेस 17243 वोट मिले.
दसवां राउंड – सुनील सोनी बीजेपी 42667, आकाश शर्मा कांग्रेस 22038 वोट मिले.
क़ृषि मंत्री रामविचार नेताम सड़क दुर्घटना में हुए घायल
केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह का स्वामी विवेकानंद विमानतल पर आत्मीय स्वागत
केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह के रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद विमानतल पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
BREKING : जवानों और नक्सली के बीच मुठभेड़, जवानों को मिली बड़ी कामयाबी
सुकमा : सुकमा जिले के कोन्टा के भेज्जी इलाके इलाक़े में मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि अभी भी मुठभेड़ जारी है। जिसमें जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों द्वार 10 नक्सली मारे जाने की खबर है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामला जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र का है। बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद हुए हैं।
CG : न्यायधानी में दिनदहाड़े लूट, शख्स से साढ़े तीन लाख कैश छीनकर भागे बाइक सवार लुटेरे
बिलासपुर :- बिलासपुर में खुलेआम दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है, यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है जहां एक शख्स बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये निकालकर बाजार पहुंचा हुआ था, तभी अज्ञात लुटेरों ने रकम छीन ली। इस घटना के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने शुरू कर दिए है। साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। घटना स्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले में जुटी हुई है।
बिलासपुर विकास दीप महोत्सव- 10 हजार दीपों से जगमग होगी अरपा, लेजर और लाइट शो से बिखरेगी सतरंगी छटा
23 नवंबर को रामसेतु मार्ग का लोकार्पण,सीएम विष्णुदेव साय होंगे शामिल
बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड का आयोजन,143 करोड़ 68 के कार्यों का सीएम करेंगे लोकार्पण
छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा देंगे विशेष प्रस्तुति
बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट - बिलासपुर- 23 नवंबर की शाम बिलासपुर और अरपा के तट पर खास नजारा देखने को मिलेगा। शहर में पहली बार लेजर शो देखने को मिलेगा और 10 हजार दीयों से अरपा को जगमग करने की तैयारी है। 23 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श रामसेतु मार्ग,मिनी स्टेडियम,स्पोर्ट्स कांप्लेक्स समेत 143 करोड़ 68 लाख के विकास कार्यों की सौगात शहर को देने जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी की टीम और जिला प्रशासन तैयारियों में जुटी है। इस अवसर पर अरपा के दोनों पुल को आकर्षक लाइट से सजाया गया है।
बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार किए गए विकास के विभिन्न प्रोजेक्ट का लोकार्पण करने सीएम विष्णुदेव साय शहर पहुंच रहे हैं। हालांकि अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम सीएम हाउस से जारी नहीं हुआ है पर संभावित लोकार्पण कार्यक्रम शाम 3.30 बजे से शुरू होगा,सबसे पहले सकरी उस्लापुर उन्नयन कार्य का लोकार्पण,फिर मिनोचा काॅलोनी सड़क,स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सिटी कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग,मिनी स्टेडियम और अंत में शाम 7 बजे नए रिवर व्यू श्री रामसेतु मार्ग का लोकार्पण किया जाएगा। जहां 10 हजार दीयें अरपा नदी में छोड़े जाएंगे,लेजर शो और आतिशबाजी से बिलासपुर विकास दीप महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर शाम 6 बजे से सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग शर्मा म्यूजिकल नाइट का भी आयोजन किया जाएगा।
इतने प्रमाणों के बावजूद डॉक्टर पर कार्यवाही क्यों नहीं ?
पानी की बहुलता एवं बांध वाले क्षेत्रों में मत्स्य टूरिज्म को दिया जाएगा बढ़ावा: मंत्री रामविचार नेताम
किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पानी की बहुलता एवं बांध वाले क्षेत्रों में मत्स्य टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे मत्स्य कृषकों के आय भी बढ़ेगी और निरंतर रोजी-रोजगार की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने कहा कि मत्स्य किसानों को कलस्टरों और समितियों से जोड़कर समृद्ध बनाया जा सकता है। इसके लिए किसानों को भी आगे आना चाहिए। कृषि मंत्री श्री नेताम आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में स्थित कृषि मंड्डपम में विश्व मात्स्यिकी दिवस पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित एक दिवसीय मत्स्य कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मत्स्य किसानों के निरंतर उन्नति और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री मत्स्य किसान संपदा योजना शुरू की। पृथक से मत्स्य मंत्रालय का गठन किया है। निश्चित ही इससे छोटे-छोटे मत्स्य किसान को रोजगार मिलेगा और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत से किसानों के पास डबरी व गांव में तालाब होते है। जिसके माध्यम से मत्स्य पालन कर रोजी-रोजगार करते है। उन्होंने कहा कि सरकार मत्स्य किसानों के लिए संचालित योजना में 60 प्रतिशत अनुदान का भी प्रावधान किया है। मत्स्य कृषकों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धमतरी, दुर्ग, रायपुर जैसे पानी की बहुलता वाले क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए काम करना चाहिए। संगोष्ठी कार्यक्रम को मंत्री श्री केदार कश्यप ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति गिरीश चंदेल, मत्स्य कृषक बोर्ड के अध्यक्ष श्रीमती हेमलता निषाद, रामकृष्ण धीवर, नेतराम निषाद, कृष्णा हिरवानी, आनंद निषाद, बसंत सहित सहकारिता विभाग के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में मत्स्य कृषक उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा को बेहतर बनाने संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल
स्कूल शिक्षा को बेहतर बनाने संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल
समग्र शिक्षा अभियान और स्वायत्त निकायों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत: बृजमोहन अग्रवाल
दिनांक: 21 नवंबर 2024
नई दिल्ली/रायपुर: रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को राज्यसभा सचिवालय में आयोजित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, युवा एवं खेल की स्थाई समिति की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए।
बैठक में स्कूल शिक्षा पर नई शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावों और इसकी क्रियान्वयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी, स्कूल शिक्षक संघों और सिविल सोसायटी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। चर्चा का मुख्य फोकस नई शिक्षा नीति के प्रभाव, समग्र शिक्षा अभियान, और स्वायत्त निकायों जैसे एनसीईआरटी, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), एवं नवोदय विद्यालय समिति (एनबीएस) की कार्यप्रणाली पर रहा।
इसके अलावा, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत शिक्षा के सर्वांगीण विकास के लिए उठाए जा रहे कदम, स्वायत्त निकायों के कार्यप्रणाली का मूल्यांकन और इनके प्रभावी संचालन के सुझाव के साथ ही बजट आवंटन और योजनाओं का कार्य निष्पादन, शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा और इनके कार्यान्वयन में सामने आने वाली चुनौतियों तथा इनसे निपटने के उपाय जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस बैठक में छत्तीसगढ़ के शैक्षिक परिदृश्य की चुनौतियों और संभावनाओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि "नई शिक्षा नीति देश के युवाओं को सशक्त बनाने का माध्यम है, और इसे प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सभी संबंधित पक्षों का समन्वय जरूरी है। एनईपी से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार की उम्मीद है, लेकिन इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक संसाधन, शिक्षक प्रशिक्षण और बजट आवंटन सुनिश्चित करना आवश्यक है।”
उन्होंने समिति के समक्ष सुझाव दिया कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में शैक्षिक सुविधाओं को बढ़ाने और समग्र शिक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, उन्होंने स्वायत्त निकायों के कामकाज को और अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह बैठक शिक्षा क्षेत्र में सुधार और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और इसके निष्कर्षों से देश में शिक्षा प्रणाली को और सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के समापन में शामिल हुए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप
सहकार से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है छत्तीसगढ़ - केदार कश्यप
अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के समापन में शामिल हुए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। बस्तर जिला सहकारिता एवं मर्यादित जगदलपुर के द्वारा अयोजित 71वां अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के समापन समारोह में वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप सम्मिलित हुए। उन्होंने इस अवसर पर किसान भाइयों को सम्बोधित किया।
अपने संबोधन में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी समितियों के सशक्तिकरण से किसानों सहित गांव, प्रदेश और देश की समृद्धि जु़ड़ी हुई है। सबकी सहभागिता से सबका विकास ही सहकारिता का मूल उद्देश्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गांव, गरीब और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘‘सहकार से समृद्धि‘‘ को साकार करने का आव्हान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली हमारी सरकार का ध्येय वाक्य भी ‘‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास‘‘ है और इसी ध्येय वाक्य को लेकर हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। उन्होंने सहकारी समिति से जुड़े लोगों से कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में हमारा काम जमीनी स्तर पर दिखनी चाहिए। सबकी सहभागिता और सहयोग से ही हम आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकेंगे।
हम धरती पुत्र हैं, साय सरकार ने किसानों को किया सशक्त, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की हो रही खरीदी
सहकारिता मंत्री कश्यप ने कहा कि धरती मां को हम वसुंधरा के नाम से भी जानते हैं। इस वसुंधरा की हम पूजा करने वाले लोग हैं। जहां भी हल चलाकर हम बीज बो देते हैं। वसुंधरा हमें जीवकोपार्जन के लिए कई गुना अनाज देती है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति केवल धान, बीज खरीदी और बिक्री का केन्द्र नहीं, बल्कि इसे मल्टी एक्टिविटिज तथा कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने प्रदेश के किसानों से एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। हमारी सरकार ने इन वादों के मुताबिक 3100 सौ रूपए प्रति क्विंटल के मान से आज प्रदेश के सभी केंद्रों में धान खरीदी हो रहा है। वहीं इस धान खरीदी से कांग्रेसियों में पीड़ा भी है जिसके कारण से धान खरीदी को लेकर तरह - तरह का अफवाह फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति हमारी प्राथमिकता में है। किसानों के प्रारंभिक जरूरतों को पूरा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक साढ़े 5 हजार करोड़ रूपए ऋण वितरण किए जा चुके हैं।
सहकारिता को बढ़ावा देने भाजपा ने बनाया सहकारिता मंत्रालय
मंत्री केदार कश्यप ने किसानों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि भाजपा सरकार ने ही सहकारिता के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हरित क्रांति और श्वेत क्रांति की सफलता में सहकारिता का बड़ा योगदान रहा है। लेकिन सहकारिता कभी भी हमारी नियोजित विकास प्रक्रिया का हिस्सा नहीं रही है और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने नीतिगत योजनाओं में भी कभी विशेष महत्व नहीं दिया। जिसके चलते इसकी संभाव्य क्षमता का भरपूर उपयोग नहीं हो पाया है। लेकिन मोदी सरकार के विकास मॉडल में सहकारिता को 'सहकार से समृद्धि' का आधार माना गया है, जिसके चलते हाल के वर्षों में सहकारिता के विकास पर अधिक समग्रता से प्रयास किए गए हैं। भारत सरकार ने 6 जुलाई, 2021 को सहकारिता मंत्रालय नाम से एक नए मंत्रालय का गठन किया है, जो कि एक ऐतिहासिक निर्णय है। यह मंत्रालय सहकारिता को असली जनांदोलन के रूप में समाज की जड़ों तक ले जाने में सहायक होगा। यह मंत्रालय सही मायनों में सहकारी संघवाद की भावना स्थापित करने के लिहाज से सहकारिता का एक अग्रदूत साबित होगा।
CG : पानी में डूबने से हाथी की मौत, हाल ही में बरामद की गई थी शावक की सड़ी गली हड्डी
रायगढ़ : जिला का धरमजयगढ़ वनमंडल हाथियों के लिए अभिशाप शाबित होते जा रहा है। पिछले कई सालों से वन मंडल क्षेत्र में लगातार हाथियों के मौत की खबरें सामने आ रही है। हाल ही में बोरो रेंज के रुआफूल बीट में हाथी के शावक की सड़ी गली हड्डी बरामद की गई है जिसकी जानकारी वन विभाग के किसी अधिकारी कर्मचारी को नहीं थी। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ था की छाल रेंज के हा सर्किल अंतर्गत पीएफ 554 में शावक हाथी की पानी में डूबने से मौत हो गई। फिलहाल वन विभाग घटनास्थल पर मौजूद है वही जंगल में घटना स्थल के पास अभी 54 हाथी मौजूद है जिसे हाथी मित्र दल के द्वारा ड्रोन के माध्यम से निगरानी किया जा रहा है अब जांच के बाद ही मौत की असली कारण सामने आ पाएगा।
CG - दिल दहला देने वाली घटना : महिला ने खुद को आग लगाकर दी जान, इस वजह से उठाया आत्मघाती कदम
कबीरधाम। जिले से आत्महत्या का मामला सामने आया है। जहां बीमारी से परेशान बुजुर्ग महिला ने खुद को आग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतिका स्वास्थ्य समस्याओं से लंबे समय से पीड़ित थी। महिला का उपचार भी जारी था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोसटमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, थाना सहसपुर लोहारा के अंतर्गत ग्राम गगरिया ख़महरिया में आज सुबह लगभग 10 बजे एक दुखद घटना घटित हुई। गांव के खेलावन साहू (पिता बुद्धू साहू, उम्र 55 वर्ष) ने सूचना दी कि उसकी मां, साहस बाई (70 वर्ष) अपने घर से लगे बाड़ी में आग लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतिका बीपी, शुगर, और हाथ-पैर दर्द जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से लंबे समय से पीड़ित थी। इसके अतिरिक्त, पिछले 7-8 वर्षों से बुजुर्ग की कमर सही से काम नहीं कर रही थी, जिससे उन्हें चलने-फिरने, उठने-बैठने में काफी कठिनाई होती थी। प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि उन्होंने इन्हीं समस्याओं से परेशान होकर आत्महत्या की होगी।
CG : इलाज के दौरान बिगड़ी तांत्रिक की नियत, 10वीं की छात्रा के साथ किया दुष्कर्म, कार्रवाई से बचने किया यह काम
अंबिकापुर :- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में 10वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा ढोंगी तांत्रिक के झांसे में आ गयी। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान तांत्रिक की छात्रा पर नियत बिगड़ गयी और उसने छात्रा के साथ रेप की घटना को अंजाम दे दिया। आरोप है कि पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए तांत्रिक ने छात्रा को शादी करने का झांसा दिया गया और स्टांप पेपर में बनाये गये शपथ पत्र में छात्रा की उम्र 14 वर्ष की जगह 24 वर्ष बता दिया गया। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
अंधविश्वास और फिर छात्रा के साथ रेप की ये वारदात अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिला के सिधमा में तांत्रिक का दरबार है। जहां तांत्रिक मिट्ठू राम झाड़-फूंक से गंभीर बीमारियों के इलाज का दावा करता था। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने भैया-भाभी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी बीच 25 अक्टूबर को छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हो गई। भैया-भाभी और उसके परिजनों ने लापता छात्रा की काफी पतासाजी की लेकिन उसकी कोई जानकारी नही मिल सकी।
इसके बाद परेशान छात्रा के पिता ने अंबिकापुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर के बाद पुलिस की टीम हरकत में आई। पुलिस रहस्यमय ढंग से लापता छात्रा की तलाश में जुटी हुई थी। जानकारी मिली कि छात्रा को एक ढोंगी बाबा अपने साथ भगाकर ले गया है। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बलरामपुर के सिधमा से बरामद किया। ढोंगी तांत्रिक के पास से बरामद छात्रा ने पूछताछ में महिला अधिकारी को बताया कि उसकी तांत्रिक मिट्ठू राम से करीब 3 साल पहले पहचान हुई थी।
इसके बाद मिट्ठू राम से पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। तांत्रिक ने छात्रा को शादी के झांसे में लेकर एक महीने पहले अपने साथ भगा ले गया था। छात्रा ने बताया कि मिट्ठू राम ने उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाया, जिसमें जन्मतिथि बदलकर उसे बालिग बताया। जन्मतिथि बदलकर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार कराया गया। छात्रा की उम्र 14 साल है, जबकि शपथ पत्र में उसकी उम्र 24 साल दर्ज करा दिया।
वहीं आधार कार्ड के आधार पर मिट्ठू राम ने नाबालिग छात्रा से शादी के लिए स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र तैयार करवाया था। इसके बाद बाबा छात्रा को एक महीने पहले अपने घर बलरामपुर ले गया, जहां उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया। छात्रा के इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी ढोंगी तांत्रिक को बलरामपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के जुर्म को कबूल कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
CG : शादीशुदा प्रेमी ने गला घोंटकर की एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या, फिर फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कांकेर : जिले के चारामा नगर में एक युवती की लाश उसके पूर्व प्रेमी दीपचंद देवांगन के घर मिली थी, जिसकी गला दबा कर हत्या करने की पुष्टि पीएम रिपोर्ट के आने के बाद हुई थी। घटना के बाद से प्रेमी फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी, वहीं इसी दौरान बुधवार को दुर्ग जिले के रानी तराई में प्रेमी युवक की लाश फांसी के फंदे में झूलती मिली है। पास ही उसका एटीएम कार्ड लायसेंस और बुलेट बाइक बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि चारामा के वार्ड क्रमांक 6 में रहने वाले युवक दीपचंद का अपने ही समाज की एक युवती से शादी से पहले प्रेम प्रसंग था, लेकिन दोनों परिवारों में आपसी विवाद के कारण दोनों की शादी नहीं हो सकी, जिसके बाद कुछ माह पहले ही युवक की शादी दूसरी जगह कर दी गई थी। उसके बाद भी दोनों का प्रेम प्रसंग जारी था, शुक्रवार से युवक की गर्भवती पत्नी अपने मायके पक्ष में किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थी, और युवक चारामा में अपने ही घर में था।
युवक की वेल्डिंग की दुकान चारामा में उसकी पूर्व प्रेमिका के घर के नजदीक वार्ड क्रमांक 2 में ही है। शाम के युवक ने अपने पिता को फोन कर दुकान में कोई पेमेंट आने की बात कहकर दुकान आने को कहा और खुद दुकान से निकल गया था, जिसके बाद से युवक न तो दुकान लौटा था और ना ही घर पहुंचा। जिसके बाद रात करीब साढ़े 9 बजे उसके पिता ने फोन कर पूछा तो खाना बाहर खाकर लेट से घर आने की बात युवक ने कही थी। सुबह तक युवक सोकर नहीं उठा तो पिता ने कमरे में जाकर देखा, जहां से युवक गायब था और युवती की लाश पड़ी थी, जिससे घबराकर युवक के पिता ने पुलिस को सूचना दी।
और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है, बताया जा रहा है कि युवती भी शाम करीब 4 बजे से ही अपने घर से गायब थी और युवक भी इसी समय दुकान से निकला था, पुलिस लगातार युवक की तलाश में लगी थी, वहीं बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के पास आमदी पलारी गया था और सुबह गुटका खाने के नाम से वहां से भी निकल गया, पैसे पास ना होने के कारण आरोपी दीप चंद ने अपनी बुआ से भी पैसों की मांग फोन पर की थी, जिसपर बुआ ने पुलिस उसकी खोज बीन कर रही है कि जानकारी मिलने के बाद वो वहां से भी भाग निकला और बुधवार को उसकी लाश फांसी के फंदे से झूलती मिली। पुलिस लगातार दुर्ग पुलिस से संपर्क बनाई हुए है। वहीँ मौत के कारणों की जांच में जुट गई है।
CG : लाख का कर्ज लेकर किसान ने तैयार की थी फसल, रातों रात महीनों की मेहनत जलकर हुई खाक
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बीती रात एक किसान की महीनों की मेहनत से हुई फसल जलकर खाक हो गई. यह घटना जिले के उसूर क्षेत्र की है जहां किसान रमेश चापडी ने 2 लाख रुपये कर्ज लेकर खेती की थी और कटाई के बाद लाखों का धान ब्यारे में रखा था. सुबह जब वे वापिस ब्यारे में गए तो पूरी फसल जलकर खाक हो चुकी थी और आग तब भी जल रहा था. किसान ने घटना की जानकारी पटवारी और पुलिस में दी. जिसके बाद पुलिस इस घटना की जांच में जुट गई है.
इस घटना को लेकर एसडीएम भूपेंद्र गावरे ने कहा कि पटवारी को मौके पर भेजा गया है. खेत में कितनी जमीन और फसल जली है, इसका आंकलन किया जा रहा है. उन्होंने आश्वासन दिया कि आरबीसी 6(4) के तहत उचित मुआवजा दिलाया जाएगा. वहीं फसल बर्बाद होने से किसान अब कर्ज चुकाने को लेकर चिंतित है. हालांकि प्रशासन की ओर से जल्द मदद मिलने की उम्मीद है.
कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रही नेत्री ने भी खुलासा किया है कि बिटकॉइन मामले में लिप्त जिस गौरव मेहता के यहां छत्तीसगढ़ में कारवाई हुई है, उसके पूर्व सीएम बघेल से संबंध थे : संजय
प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव का कांग्रेस नेताओं पर हमला, कहा : इसमें महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष इन्वॉल्व हैं और अपराध करने वाला छत्तीसगढ़ में है, तो क्या इसमें भूपेश भी इन्वॉल्व हैं?
कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रही नेत्री ने भी खुलासा किया है कि बिटकॉइन मामले में लिप्त जिस गौरव मेहता के यहां छत्तीसगढ़ में कारवाई हुई है, उसके पूर्व सीएम बघेल से संबंध थे : संजय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बिटकॉइन घोटाले के खुलासे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत प्रदेश के कांग्रेस नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा है कि बिटकॉइन मामले में, जिसके तार महाराष्ट्र चुनाव से जुड़े हैं, छत्तीसगढ़ में भी कार्रवाई हुई है और इस मामले में अब बघेल की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्री श्रीवास्तव ने पुरजोर मांग की कि बिटकॉइन घोटाले मामले में भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता अपनी भूमिका पर प्रदेश की जनता को जवाब दें।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री श्रीवास्तव ने गुरुवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस में लंबे समय तक महत्वपूर्ण पदों पर रही एक नेत्री ने ‘एक्स पोस्ट’ कर यह पूछा है कि बिटकॉइन मामले में लिप्त जिस गौरव मेहता के यहां छत्तीसगढ़ में कारवाई हुई है, उसके पूर्व सीएम भूपेश बघेल से क्या संबंध थे? महादेव ऐप मामले में तो यह स्पष्ट ही हुआ है कि कांग्रेस सरकार में आर्थिक मामलों के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े रहे हैं, ऐसे में बिटकॉइन घोटाले का यह खुलासा महत्वपूर्ण है। कांग्रेस को, खासकर भूपेश बघेल को इसका जवाब देना चाहिए। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इस मामले जो ऑडियो टेप सामने आया है, उसमें महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की बातचीत भी है। अगर इसमें महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष इन्वॉल्व है और अपराध करने वाला छत्तीसगढ़ में है, तो यह क्यों न माना जाए कि इसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस और इस प्रकार के कार्यों में महारत रखने वाले भूपेश बघेल इन्वॉल्व हैं? इससे पहले भी राज्य में कांग्रेस की भूपेश सरकार द्वारा अन्य चुनावी राज्यों में कांग्रेस को भ्रष्टाचार के रुपयों से फंडिंग करने के तथ्य सामने आ चुके है। भ्रष्टाचार के हर आरोपी के साथ छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल का इनवॉल्वमेंट पाया गया है, फिर वह सौम्या चौरसिया हो, समीर विश्नोई हो, एजाज ढेबर के भाई अवनर ढेबर हो या कोई और।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री श्रीवास्तव ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश साक्षी है कि कांग्रेस की भूपेश-सरकार किस तरह अनेक गंभीर आर्थिक आपराधिक मामलों में लिप्त रही है! भाजपा ने लगातार उन विषयों को उठाया और प्रदेश देख रहा है कि भूपेश-सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण अधिकारियों, नेताओं को किसी भी अदालत से जमानत तक नहीं मिल पा रही है। ताज़ा मामला पीएससी के अध्यक्ष रहे टामन सोनवानी का है। 5 साल तक लगातार भाजपा उनके घोटाले के खिलाफ आवाज उठाती रही। यह अपनी तरह की एक अनोखी सरकार थी जो अपने ही राजस्व पर डाका डालती रही। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि आज भूपेश बघेल के कई करीबी या तो जेल में हैं या फिर बेल पर हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय की उपसचिव रही सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, समीर बिश्नोई, भूपेश बघेल के चहेते महापौर के भाई एजाज ढेबर पर जब-जब एजेंसियां कार्रवाई करती रही भूपेश बघेल उनके संरक्षक बनकर खड़े होते रहे और इसे पॉलिटिकल मामला बताते रहे। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि महीनों हो गए, अदालत से इन्हें बेल नहीं मिलना इस बात का सबूत है कि ये सब भ्रष्टाचार में लिप्त थे और उनके संरक्षक पिछली कांग्रेस सरकार और उनके मुखिया भूपेश बघेल थे। सभी कांग्रेसी भ्रष्टाचारी हैं, ऐसा हम नहीं कहते हैं परंतु, सभी भ्रष्टाचार में कांग्रेसियों के नाम ही क्यों आ रहे हैं, यह अवश्य शोचनीय है।
प्रेस ब्रीफ के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता द्वय उमेश घोरमोड़े और अमरजीत छाबड़ा भी मौजूद रहे।
-------------
