देश विदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सौर ऊर्जा स्ट्रीट लाइट से गांव-गांव रोशन।

जशपुर जंक्शन 23 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस पहल से गांव-गांव रोशन हो रहे हैं और हर गली व हर मोहल्ला प्रकाश से जगमगा उठा है। सौर स्ट्रीट लाइटों से न केवल गांवों की तस्वीर बदली है, बल्कि ग्रामीण जीवन भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हुआ है।

फरसाबहार ब्लॉक के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सुरक्षा की दृष्टि से गांवों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था किए जाने की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कैंप कार्यालय की पहल पर सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्ययोजना तैयार की गई और इसका प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।
फरसाबहार ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम फरसाबहार, खुटगांव, बनगांव, हेटघिंचा, गारीघाट एवं भगोरा सहित अन्य गांवों में सौर स्ट्रीट लाइट की स्थापना से स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पहले जहां अंधेरे के कारण रात के समय आवागमन में कठिनाइयां होती थीं, अब पर्याप्त रोशनी से ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी बिना भय के रात में बाहर निकल पा रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट लगने से हाथी प्रभावित क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ी है। रात के समय पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध होने से सतर्कता बढ़ी है और मानव–हाथी संघर्ष की घटनाओं में कमी आई है। ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों का समय रहते आभास हो जाता है, जिससे जान–माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।
सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण यह पहल पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रही है। स्वच्छ, हरित और सतत ऊर्जा के उपयोग की दिशा में यह एक सशक्त कदम है। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौर स्ट्रीट लाइटों से उनके गांवों में सुरक्षा, सुविधा और विकास की नई रोशनी आई है, जिससे दैनिक जीवन अधिक सहज और सुरक्षित हुआ है।
ब्रेकिंग जशपुर :फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी के नाम पर ठगी, जशपुर पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से दबोचा।

जशपुर जंक्शन 17 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुलिस वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमते हुए दो महिलाओं को झांसे में लिया और एक महिला से दो लाख रुपये की ठगी की।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) व 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसे तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिलासपुर जिले के ग्राम टाडा दर्रीकापा से गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का सिपाही बताकर वर्दी पहनने और नौकरी लगवाने का झांसा देने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से नौकरी के नाम पर लिए गए शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज भी जप्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बिहार के युवाओं का जागरण — डॉ. चिन्मय पण्ड्या, खान सर और नित्यानंद राय की प्रेरणा से गूंज उठा बापू सभागार।


जशपुर जंक्शन,09 दिसंबर 2025
पटना। बिहार की आध्यात्मिक और वैचारिक जागृति का इतिहास रचते हुए बापू सभागार आज युवाओं के अभूतपूर्व महाकुंभ का साक्षी बना। प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ, अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित YOUTH EMPOWERMENT–2025 कार्यक्रम में 10 से 12 हजार से अधिक युवा भाई–बहन शामिल हुए, जिससे पूरा सभागार उत्साह, ऊर्जा और उमंग से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या, विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकप्रिय शिक्षाविद् एवं युवाओं के रोल मॉडल खान सर तथा भारत सरकार के केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को कई गुना बढ़ा दिया। मंच पर प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विभिन्न ज़ोन प्रभारी भी उपस्थित रहे।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अपने ओजस्वी और प्रेरणामयी उद्बोधन से सभागार में उपस्थित युवाओं के भीतर अभूतपूर्व चेतना का संचार कर दिया। उन्होंने कहा कि युवा केवल आयु का चरण नहीं, बल्कि चेतना की अवस्था है—जोश, सपनों, ऊर्जा और संकल्प का संगम है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, करियर और सफलता के साथ–साथ चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, मूल्य और राष्ट्र सेवा को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “भारत की आत्मा उसके करोड़ों युवाओं के हृदयों में बसती है। यदि युवा अपने विचारों और कर्मों को सही दिशा दें, तो भारत विश्व नेतृत्व का ध्वजवाहक बनेगा।”
डॉ. पण्ड्या ने युवाओं को तनाव, भ्रम और एकाग्रता की कमी जैसी समस्याओं से बाहर निकलने के उपाय बताते हुए कहा कि मन का प्रबंधन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य का स्पष्ट निर्धारण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा—“सपनों को छोटा मत होने दो, सोच जितनी ऊँची होगी, जीवन उतना ऊँचा उठेगा।”
उन्होंने अपने उद्बोधन में “बिहार गौरव” की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि बुद्ध, अशोक, चाणक्य और अनेकों महान विभूतियों की भूमि बिहार भारतीय संस्कृति, ज्ञान और अध्यात्म का स्तम्भ रहा है और समय आ गया है कि बिहार का युवा फिर से विश्व को नेतृत्व प्रदान करे। उनके इस संदेश ने सभागार में उपस्थित युवाओं के भीतर गर्व, आत्मबल और संकल्प की बिजली भर दी।
इसके बाद विशिष्ट अतिथि खान सर ने अपनी हाजिरजवाबी और दमदार शैली में युवाओं को दिशा देते हुए कहा कि लक्ष्य को पहचान लेने वाला युवा अजेय बन जाता है। उन्होंने कहा—“युवा शक्ति दुनिया को बदलने की क्षमता रखती है। फर्क सिर्फ इतना है कि कुछ को अपनी शक्ति का एहसास है, और कुछ को नहीं। मेरा काम है कि युवाओं को उनकी छिपी क्षमता का एहसास दिलाना।”
खान सर ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन तकनीक पर महत्वपूर्ण बातें साझा करते हुए कहा कि 2 घंटे की एकाग्र पढ़ाई 8 घंटे की अनफ़ोकस्ड पढ़ाई से अधिक प्रभावी होती है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के भ्रम, तुलना और मानसिक दबाव से दूर रहने तथा निरंतरता व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
भारत सरकार के केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा और प्रगति युवाओं के आदर्शों, अनुशासन और संकल्प पर टिकी है। उन्होंने बिहार के युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आज का यह आयोजन उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेष बात यह रही कि मंच पर प्रस्तुति देने वाले बच्चे किसी निजी विद्यालय के नहीं, बल्कि गायत्री परिवार द्वारा संचालित बाल संस्कारशाला के स्लम क्षेत्रों, श्रमिक परिवारों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से जुड़े बच्चे थे। 2007 से प्रारंभ बाल संस्कारशाला अभियान के अंतर्गत इस समय पटना की 40 जगहों पर प्रतिदिन लगभग 20 हजार बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा व संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित हजारों युवाओं ने नशा–मुक्ति, सकारात्मक जीवनशैली, चरित्र निर्माण, राष्ट्र सेवा और समाज परिवर्तन का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा प्रकोष्ठ के हजारों साथियों ने दिन–रात सेवा व पुरुषार्थ किया।
आज का दिन इस बात का साक्षी बना कि बिहार के युवा जाग चुके हैं, दिशा भी है और अब देश को नई ऊर्जा, नए विचार और नए नेतृत्व की प्रतीक्षा नहीं—वरन आश्वस्ति मिल चुकी है। बिहार के युवा संकल्पित हैं और भविष्य उनके हाथों में उज्ज्वल दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से अखिल विश्व गायत्री परिवार के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की
.jpg)
जशपुर जंक्शन 24 नवम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को आगामी 10 दिसंबर से 13 दिसंबर तक जशपुर जिले के अंतर्गत नगर पंचायत बगीचा में आयोजित होने वाले 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए गायत्री परिवार के सदस्यों का धन्यवाद देते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर श्री भानु यादव, श्रीमती मुक्ता देवी, श्रीमती रीना बरला, श्री मिकलेश यादव एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।

खाद्य प्रसंस्करण हब बनाने की ओर जशपुर: निफ्टेम कुंडली का सतत् प्रयास।

जशपुर जंक्शन 02 दिसंबर 2025
राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान कुंडली हरियाणा की 18 यूजी व पीजी छात्रों और 2 संकाय सदस्यों की टीम ने अपने प्रतिष्ठित ग्राम अंगीकारण कार्यक्रम के तहत 19 से 27 नवंबर 2025 तक लगातार तीसरे वर्ष जशपुर का दौरा किया। निफ्टेम ने 2023 में जशपुर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार कृषि, बागवानी और वन उत्पादों विशेषकर महुआ के खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में अपनी गतिविधियाँ प्रारम्भ की थी टीम ने समूह, एफ़ पी ओ और खाद्य प्रसंस्करण हितधारकों से मिलकर गुणवत्ता, सुरक्षा, विनियमन और उद्यमिता से संबंधित जानकारी साझा की

2025 : जशपुर में खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण की आधारशिला मजबूत हुई वर्तमान वर्ष में टीम ने कुशल मानव संसाधन तैयार करने हेतु विविध प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए। कुंकुरी स्थित कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन में एक फूड प्रोसेसिंग ट्रेनिंग एवं इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किया गया, जहां युवाओं को मोटे अनाज आधारित बेकरी उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। वीअपी टीम द्वारा स्व सहायता समूह एवं एफ पी ओ सदस्यों तथा युवाओं के लिए मोटे अनाज से मूल्यवर्धित उत्पादों पर तीन व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, सुजी आधारित पास्ता निर्माण, पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कुल 96 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें 65 प्रतिशत महिलाएँ सम्मिलित रहीं।
जशपुर : फसलों और अवसरों का समृद्ध भंडार
जशपुर की जलवायु एवं भौगोलिक विविधता में अच्छी फसलों का उत्पादन होता है।जहां धान, कोदो-कुटकी, रागी, सेब, नाशपाती, स्ट्रॉबेरी, काजू, कटहल, अदरक, हल्दी, नींबू, चाय और महुआ जैसी फसलों के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती है। खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से इन अतिरिक्त उत्पादों को दीर्घ शेल्फ लाइफ, सुरक्षित प्रसंस्करण, और मूल्यवर्धित खाद्य उत्पादों—जैसे स्नैक्स, नाश्ते के अनाज, एनर्जी बार और रेडी-टू-ईट/कुक उत्पाद—में बदला जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी ब्लॉकों में खाद्य प्रसंस्करण अवसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। निफ्टेम का वी ए पी कार्यक्रम ग्रामीण समुदायों को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण और उद्यमिता विकास प्रदान कर इस प्रयास को सशक्त बना रहा है।
*महुआ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस : निफ्टेम टीम द्वारा सराहना*
अपने दौरे के दौरान निफ्टेम टीम ने महुआ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भी दौरा किया, जहाँ महुआ फूल से तैयार किए गए विभिन्न नवाचारपूर्ण मूल्यवर्धित उत्पादों जैसे महुआ चवनप्राश,महुआ टी, महुआ आधारित स्नैक्स तथा अन्य प्रयोगात्मक खाद्य उत्पाद के विकास कार्य को विस्तार से समझा।
टीम ने उत्पादों की गुणवत्ता, संगत प्रसंस्करण विधि, पैकेजिंग की स्वच्छता एवं प्रस्तुति तथा महुआ के आधुनिक फूड-ग्रेड उपयोग की विशेष रूप से सराहना की। महुआ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जिला प्रशासन जशपुर द्वारा प्रारम्भ किया गया एक छोटा लेकिन महत्त्वपूर्ण प्रसंस्करण केंद्र है, जिसे वर्तमान में जय जंगल द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह केंद्र जिले में कोदो, कुटकी, रागी और महुआ के प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और स्थानीय महिला समूहों के लिए वास्तविक कौशल एवं आय-वृद्धि का केंद्र बन चुका है।
वी ए पी कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रो. प्रसन्ना कुमार ने जशपुर की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया उन्होंने जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, एनआर ए एल एम मिशन मैनेजर श्री विजय शरण प्रसाद, तथा जय जंगल एफपी सी के निदेशक श्री समर्थ जैन के योगदान को रेखांकित किया।
निफ्टेम निदेशक डॉ. हरिंदर सिंह ओबेरॉय ने वी ए पी को छत्तीसगढ़ में उभरते खाद्य प्रसंस्करण पारिस्थितिकी तंत्र का आधार बताते हुए इसकी गतिविधियों को और अधिक क्षेत्रों तक विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस समग्र विश्लेषण के आधार पर तैयार की गई विस्तृत “जशपुर खाद्य प्रसंस्करण विकास रिपोर्ट” आज जिला प्रशासन को औपचारिक रूप से प्रस्तुत की गई।
“बच्चों के अधिकारों पर किसी भी गलती को माफ नहीं किया जाएगा” - डॉ. वर्णिका शर्मा बाल संरक्षण आयोग एक्शन मोड में, राज्यभर की रिपोर्टों कड़ी निगरानी।
“बच्चों के अधिकारों पर किसी भी गलती को माफ नहीं किया जाएगा” - डॉ. वर्णिका शर्मा
जशपुर जंक्शन 01 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रदेशभर से प्राप्त निरीक्षण रिपोर्टों और बाल-संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को त्वरित और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।प्रेस वार्ता में हाल ही में बाल संरक्षण गृहों एवं पर्यवेक्षण गृहों में किए गए औचक निरीक्षणों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।

निरीक्षणों में स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और देखभाल से जुड़ी कई कमियां पाई गईं। कुछ संस्थानों में अव्यवस्था, बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार, सुरक्षा गार्डों की कमी और परिसर में नशीले पदार्थों की उपलब्धता जैसी गंभीर अनियमितताएँ उजागर हुईं। आयोग ने तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि कोरबा प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इस दिशा में ठोस कदम निरंतर बढ़ाए जा रहे हैं।
विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों की स्थितियों पर भी आयोग ने चिंता व्यक्त की। कई स्कूलों में साफ-सफाई की कमी, खेल मैदानों की जर्जर हालत और परिसर के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आईं। आयोग ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से स्कूलों में सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समीक्षा में कई बाल संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं और मेडिकल स्टाफ की कमी पाई गई। इस पर आयोग ने स्वास्थ्य विभाग को सभी कमियों को पांच दिनों के भीतर दूर करने का निर्देश दिया है।
बैठक में बाल उत्पीड़न, शोषण और प्रताड़ना से जुड़े मामलों पर विशेष जोर दिया गया। आयोग ने सभी जिलों को ऐसे मामलों में तुरंत संज्ञान लेकर बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
राज्यभर में बाल अधिकारों, सुरक्षा और देखभाल को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया है। स्कूलों,आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल गृहों के कर्मचारियों के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि आयोग बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। बाल संरक्षण में किसी भी प्रकार की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग नियमित निरीक्षण करता रहेगा और आवश्यक कार्रवाई तुरंत सुनिश्चित की जाएगी।
स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर बगीचा में आयुर्वेद चिकित्सक के कार्य हेतु आदेश, अनुपस्थित आयुष चिकित्सक को नोटिस पंचकर्म विशेषज्ञ की नियमित पदस्थापना का प्रस्ताव राज्य शासन को प्रेषित
NEWS@स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर बगीचा में आयुर्वेद चिकित्सक के कार्य हेतु आदेश

जशपुर जंक्शन 20 नवम्बर 2025
जिला आयुष विभाग के अनुसार स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर बगीचा में 12 अक्टूबर 2022 से विशेषज्ञ चिकित्सक (एम.डी. पंचकर्म) का पद रिक्त है। इस कारण पंचकर्म चिकित्सा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए अन्य आयुर्वेद चिकित्सक के माध्यम से संस्था का संचालन कराया जा रहा है।
आयुष अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में एक अन्य आयुर्वेद चिकित्सक को सप्ताह में तीन दिन सेवाएं देने के लिए आदेशित किया गया है। वहीं, पूर्व में पदस्थ आयुष चिकित्सक के लगातार अनुपस्थित रहने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला जशपुर के लिए कुल तीन पंचकर्म विशेषज्ञ चिकित्सक के पद स्वीकृत हैं। इनमें से एक जिला चिकित्सालय आयुष विंग जशपुर में पदस्थ है और एक स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर पत्थलगांव में कार्यरत है। जिला मुख्यालय में एम.डी. पंचकर्म विशेषज्ञ एवं अन्य चिकित्सक अतिशेष या संलग्न नहीं हैं। स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर बगीचा में एक पद रिक्त है, जिसकी नियमित पदस्थापना हेतु संचालनालय आयुष रायपुर को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
कैबिनेट की बैठक में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय खरीदी, प्रशासनिक सुधार, आवास योजनाओं में नई व्यवस्था और क्रिकेट स्टेडियम के संचालन पर बड़े फैसले।
ब्रेकिंग न्यूज : कैबिनेट की बैठक में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय खरीदी, प्रशासनिक सुधार

जशपुर जंक्शन 20 नवम्बर 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्यहित में कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें किसानों से समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन की खरीद, विभागीय संरचना में सुधार, धान खरीदी हेतु वित्तीय प्रत्याभूति, आवास योजनाओं में नए प्रावधान और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के संचालन से जुड़े निर्णय शामिल हैं।
दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी रखने का निर्णय
मंत्रिपरिषद ने खरीफ एवं रबी विपणन मौसम में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PSS) के तहत दलहन-तिलहन फसलों की पूर्ववत उपार्जन व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया। इसके तहत खरीफ में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी में चना, सरसों और मसूर का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाएगा। इससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी।
शासन कार्य आवंटन नियम में संशोधन
कैबिनेट ने सुशासन को बढ़ावा देने और 'मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस' के सिद्धांत को लागू करने के उद्देश्य से सार्वजनिक उपक्रम विभाग को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग में तथा बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में विलय करने की मंजूरी दी।
धान खरीदी हेतु शासकीय प्रत्याभूति का पुनर्वेधीकरण
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू रखने के लिए मंत्रिपरिषद ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत 15 हजार करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति को आगामी वर्ष 2025-26 के लिए पुनर्वेधीकरण करने और विपणन संघ को 11,200 करोड़ रुपये अतिरिक्त शासकीय प्रत्याभूति प्रदान करने का निर्णय लिया।
आवास योजनाओं में नए प्रावधान
राज्य प्रवर्तित दीनदयाल आवास योजना, अटल आवास योजना, अटल विहार योजना और नवा रायपुर मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्रता से जुड़े नए प्रावधान जोड़कर अविक्रित भवनों के विक्रय की अनुमति दी गई।
EWS एवं LIG वर्ग के अविक्रित भवनों को तीन बार विज्ञापन के बाद किसी भी आय वर्ग के हितग्राही को बेचा जा सकेगा, हालांकि उन्हें शासन द्वारा स्वीकृत अनुदान नहीं मिलेगा।
Bulk Purchase की स्थिति में एकल व्यक्ति या संस्थाएं एक से अधिक भवन खरीद सकेंगी, परंतु अनुदान से वंचित रहेंगी।इन प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम दीर्घकालीन लीज पर
शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर को दीर्घकालीन संचालन एवं विकास के लिए अनुबंध के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का निर्णय लिया गया। इससे उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और राज्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मैचों का आयोजन बढ़ेगा।
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक पर जशपुर कोतवाली में FIR दर्ज, आरोपी गिरधारी राम यादव फरार।

जशपुर जंक्शन 14 नवम्बर 2025
जशपुर कोतवाली में नाबालिग छात्रा की शिकायत पर शिक्षक के विरुद्ध छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। जशपुर पुलिस ने शिक्षक गिरधारी राम यादव निवासी दरबारीटोली, जशपुर के विरुद्ध
बीएनएस की धारा 74,75,64 (2)(एम), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 8 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।
मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया, जिसकी पतासाजी पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2025 को नाबालिग छात्रा अपने परिजनों के साथ कोतवाली जशपुर पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों के साथ आई नाबालिग पीड़िता ने बताया कि वह जुलाई 2024 से आरोपी के घर पर घरेलू काम करती थी और जशपुर के एक स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कई बार उसे अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी पहले बाल कल्याण समिति तक पहुंचीं जहां बयान के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराते हुए मामले में पुलिस ने जांच शुरु की।
एएसपी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने कहा “आरोपी गिरधारी राम यादव के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।”
राज्योत्सव 2025 : स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने जशपुर वन विभाग के स्टॉल में बांस से बने आभूषणों को सराहा।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने जशपुर वन विभाग के स्टॉल में बांस से बने आभूषणों को सराहा।

जशपुर जंक्शन 20 नवम्बर 2025
जिला मुख्यालय के रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। स्टॉल में जशपुर के वनों से प्राप्त वनौषधियों से निर्मित च्यवनप्राश, काँचपाक, शहद जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
इसके साथ ही “जशक्राफ्ट” ब्रांड के तहत वन प्रबंधन समितियों की महिलाओं द्वारा स्थानीय सामग्रियों — बांस और सवई घास — से तैयार झुमके, माला और अन्य आभूषण भी विशेष रूप से प्रदर्शित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को बांस से बनी माला पहनाई। मंत्री श्री जायसवाल ने वन विभाग के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं के रोजगार और महिला सशक्तिकरण से जोड़ते हुए वृहद स्तर पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
वन विभाग के स्टॉल में हाथी-मानव द्वंद को कम करने हेतु चलाए जा रहे “गजरथ” अभियान की जानकारी भी दी गई, जो हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।
नर्सरी के जंगल में लकड़ी काटने की बात पर विवाद में हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत – चार आरोपी गिरफ्तार
ब्रेकिंग जशपुर जंक्शन : नर्सरी के जंगल में लकड़ी काटने की बात पर विवाद में हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत

जशपुर जंक्शन 29 नवम्बर 2025
पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल, सुगापारा में लकड़ी काटने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक इंदबल मांझी (40 वर्ष) ग्राम जोराडोल का निवासी था। 18 अक्टूबर को गांव के ही हृदन उर्फ हिरदन साय, डोमन साय मांझी और अशोक मांझी के साथ नर्सरी के जंगल से लकड़ी काटने को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने इंदबल मांझी के साथ हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की थी। अगले दिन 19 अक्टूबर को उसी विवाद को लेकर गांव के ही नईहर साय ने भी मृतक के साथ लकड़ी की लाठी से हमला किया।
मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल इंदबल को खून की उल्टी होने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में भर्ती कराया, जहां 20 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस को घटना की जानकारी मेडिकल कॉलेज से मिली, जिस पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। मृतक की पत्नी सुनोबाई के बयान के आधार पर पत्थलगांव पुलिस ने सभी चारों आरोपियों — हृदन उर्फ हिरदन साय (36), डोमन साय मांझी (33), अशोक मांझी (35) और नईहर साय (45), सभी निवासी ग्राम जोराडोल, सुगापारा — के खिलाफ हत्या का अपराध बीएनएस की धारा 103(1) व 3(5) के तहत पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जप्त कर ली गई है। सबूत मिलने पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे तथा आरक्षक कमलेश्वर वर्मा, राजेंद्र रात्रे, तुलसी रात्रे, आशीषन टोप्पो और पदुम वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र में मारपीट के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जिसमें चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वविजेता बनने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

जशपुर जंक्शन 03 नवम्बर 2025
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्वविजेता बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और अदम्य जज़्बे से देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को “परिश्रम, आत्मविश्वास और संकल्प की जीत” बताते हुए कहा कि यह जीत देशभर में महिला खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगी।
आंवला नवमी पर मुख्यमंत्री ने आंवला वृक्ष की पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

जशपुर जंक्शन 31 अक्टूबर 2025
आंवला नवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आंवला नवमी, जिसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है, धन, आरोग्य और समृद्धि का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने बताया कि भारतीय परंपरा में आंवला वृक्ष को दिव्य और औषधीय गुणों से युक्त माना गया है। यह मान्यता है कि आंवला वृक्ष के नीचे भोजन करने और आंवला फल का सेवन करने से स्वास्थ्य लाभ, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्राकृतिक एवं औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति हमारी संस्कृति का आधार है और वृक्ष हमारे जीवन के पोषक हैं। वृक्षों की पूजा के साथ ही उनका संरक्षण करना भी हमारा सामूहिक दायित्व है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा छत्तीसगढ शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एक और बड़ा कदम: 5000 शिक्षक भर्ती ।

जशपुर जंक्शन 24 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य शासन के वित्त विभाग ने आज 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की सहमति प्रदान कर दी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री साय की उस घोषणा के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने प्रदेश के शैक्षणिक ढांचे को मज़बूत बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की नींव होती है, और छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य है कि हर बच्चे तक ज्ञान और अवसर दोनों पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह भर्ती न केवल शिक्षण व्यवस्था को गति देगी बल्कि युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर भी सृजित करेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने वित्त विभाग द्वारा दी गई सहमति को ‘नए छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम’ बताया। 5000 पदों हेतु शिक्षा विभाग शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ करेगा। इन पदों की पूर्ति से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी, जिससे शिक्षण की निरंतरता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
राज्य शासन ने पिछले कुछ महीनों में शिक्षा सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। विद्यालय भवनों के निर्माण, डिजिटल शिक्षा सामग्री के प्रसार, और शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश में शिक्षकों की कमी लंबे समय से एक प्रमुख चुनौती रही है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सीमित थी। नई भर्ती से इन क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे बच्चों को अब अपने ही गाँव और क्षेत्र में बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह पहल प्रदेश में शिक्षण के स्तर को राष्ट्रीय औसत के बराबर लाने में सहायक सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वांगीण विकास का आधार मानते हुए लगातार निवेश कर रही है। स्कूल इन्फ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण से लेकर छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन और छात्र हितैषी योजनाओं तक, सरकार का फोकस हर स्तर पर शिक्षा के दायरे को व्यापक बनाना है। शिक्षकों की यह नई भर्ती उसी दीर्घकालिक दृष्टि का हिस्सा है, जो ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विज़न को साकार करने की दिशा में अग्रसर है। इस निर्णय से जहाँ शिक्षा प्रणाली को नई ऊर्जा मिलेगी, वहीं हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने का मार्ग भी खुलेगा। यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़’ की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी।
"मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की मंशा के अनुरूप शिक्षा को राज्य की शीर्ष प्राथमिकता बनाया गया है। वित्त विभाग द्वारा 5000 शिक्षकों के पदों की भर्ती की सहमति देना इसी संकल्प का हिस्सा है। शिक्षा में किया गया प्रत्येक निवेश प्रदेश के भविष्य में किया गया निवेश है। इस निर्णय से स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी होगी, ग्रामीण व आदिवासी अंचलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ेगी और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्र को संसाधन उपलब्ध कराना हमारी सरकार की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता दोनों है।" - वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
"शिक्षा राज्य के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला है। हमारी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और हर विद्यालय में योग्य शिक्षक उपलब्ध हों। वित्त विभाग द्वारा 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की सहमति उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। यह निर्णय न केवल शिक्षा के क्षेत्र को सशक्त करेगा, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।" - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
छ.ग. राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बगीचा में कृषक संगोष्ठी का आयोजन।

जशपुर जंक्शन 17 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृषि विभाग बगीचा द्वारा शासन के निर्देशानुसार विकासखण्ड स्तरीय रजत जयंती वर्ष कृषक संगोष्ठी का आयोजन बगीचा में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसी गेंद बिहारी सिंह, प्रभात सिडाम अध्यक्ष नगर पंचायत बगीचा व पार्षद एलआर चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
संगोष्ठी में विकासखण्ड बगीचा के विभिन्न ग्राम पंचायतों से कृषक उपस्थित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्ष की विकास यात्रा एवं कृषकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी किसानोंतक पहुंचाना था।
इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लालसाय केरकेट्टा सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा योजना तथा पीएम आशा योजना की विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही फसलों में लगने वाले कीट एवं रोग नियंत्रण, रबी मौसम में अधिक से अधिक दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने तथा पंजीयन कराने के लिए किसानों को मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में सैकड़ों कृषक समेत जनप्रतिनिधि व कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर बागबहार को मिला आधुनिक मिनी स्टेडियम और इंडोर हॉल का तोहफा, 4 करोड़ 67 लाख की स्वीकृति, क्षेत्र में खुशी की लहर....।

जशपुर जंक्शन 10 अक्टूबर 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। शासन की प्राथमिकताओं में अब खेल सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण भी प्रमुख रूप से शामिल है। इसी कड़ी में बागबहार क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में राज्य शासन द्वारा 4 करोड़ 67 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से बागबहार में आधुनिक मिनी स्टेडियम और इंडोर हॉल का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए सुसज्जित मंच मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुछ समय पूर्व बागबहार में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में पहुंचकर यह घोषणा की थी। स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया था, और अब शासन द्वारा उसकी औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह देखा जा रहा है।नवनिर्मित मिनी स्टेडियम और इंडोर हॉल में फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, सहित कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल ग्रामीण अंचल के खेल प्रतिभाओं को जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जशपुर की धरती में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें केवल उचित अवसर और सुविधाओं की आवश्यकता है। सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव और हर ब्लॉक से खिलाड़ी आगे बढ़ें और प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का क्षेत्र वासियों ने जताया आभार
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा के पूरा होने पर आभार जताया है। क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। बागबहार निवासी खेलप्रेमी युवाओं ने कहा कि अब उन्हें अपने गांव में ही उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जशपुर जिला न केवल सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि अब खेल और संस्कृति के क्षेत्र में भी एक नया इतिहास लिख रहा है।
