प्रदेश
CG - लाल आतंक ने ली अपने ही साथी की जान : 25 लाख के इनामी नक्सली की हत्या...जंगल में मिली लाश..!!
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले में कुख्यात नक्सली को उसके ही साथियों ने मौत के घाट उतार दिया है। मृतक छोटू खैरवार 25 लाख रुपए का इनामी नक्सली था और वह बलरामपुर में कई नक्सल वारदातों में शामिल रहा है। उसका शव झारखंड के छिपादोहर थाना क्षेत्र के भीमगांव जंगल से बरामद किया गया है।
यह घटना छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे झारखंड के लातेहार जिले की है। बताया जा रहा कि माओवादियों के आपसी विवाद में कुख्यात नक्सली छोटू खैरवार की हत्या हुई है।
CG - कांग्रेस की बैठक के बाद जोरदार हंगामा, इस वजह से नेताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक, पढ़े क्या है पूरी खबर..!!
बिलासपुर। बिलासपुर के कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक के बाद उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कांग्रेस के बिलासपुर लोकसभा प्रभारी सुबोध हरितवाल और वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मेयर राजेश पांडे के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. घटना के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद थे.
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर कांग्रेस भवन में आज नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के संबंध में एक बड़ी बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्य रूप से पीसीसी चीफ दीपक बैज भी शामिल हुए थे. इसी बैठक पूर्व मेयर राजेश पांडे को बोलने का मौका नहीं दिया गया. जिसके बाद राजेश पांडे और सुबोध हरितवाल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. वहीं बैठक में उपस्थित कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने हस्तक्षेप कर दोनों नेताओं के बीच सुलह कराई. विवाद शांत होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज रायपुर के लिए रवाना हो गए.
GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, लोहे से लदे ट्रक को पकड़ा, राजधानी के बड़े इस्पात कारोबारी का 50 लाख से अधिक का माल जब्त…
बेमेतरा। जीएसटी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा लदे ट्रक को पकड़ा है, जिसमें करीब 40 टन लोहा भरा हुआ है। लोहे की कीमत करीब 50 लाख के आसपास बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर GST विभाग की टीम ने बेमेतरा में रायपुर पासिंग ट्रक CG 04 JD 3551 को पकड़ा। रायपुर से जबलपुर जा रही ट्रक में करीब 40 टन लोहा भरा हुआ था। यह लोहा रायपुर के एक बड़े इस्पात कारोबारी का बताया जा रहा है।
जीएसटी टीम ने ड्राइवर से लोहे के संबंध में पूछताछ की। ड्राइवर ने बताया कि रायपुर से लोहा लेकर वह जबलपुर के लिए निकला है, लेकिन ड्राइवर कोई दस्तावेज नहीं दे पाया। इस पर ट्रक को जब्त कर बेमेतरा रक्षित केंद्र में खड़ा किया गया है।
CG - बिना ढके ही धड़ल्ले से हो रही रेत की सप्लाई राहगीरों के लिए बनी बड़ी समस्या...पढ़े पूरी खबर...!!
बिलासपुर :- मस्तूरी ब्लाक के रेत घाट से लगातार खनिज का परिवहन बड़े छोटे गाड़ियों में भर भर कर किया जा रहा है छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रेत घाट बंद करने के बाद भी यहां से लगातार रेत निकाला गया इसके बाद भी इससे गाँव वालो को आसपास जो गांव में ग्रामीण रहते हैं उनको कोई परेशानी नहीं वह बड़े ही भोले भाले और सीधे-साधे प्रवृत्ति के हैं किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है पर समस्या तब शुरू हो जाती है जब खनिज विभाग के आदेश करने के बावजूद खनिज माफिया नियमों की अनदेखी करते हुए रेत का परिवहन करते हैं दरअसल खनिज विभाग ने आदेशित किया हुआ है कि खनिज ले जाते समय रेत आदि गाड़ियों को ढक कर इनका परिवहन करना होगा गाड़ी में लोड रेत राहगीरों की समस्या ना बने अधिकांश गाड़ी वाले अपनी गाड़ियों में रेत भर लेते हैं और उसे बिना ढके ही गांवो व हाईवे से गुजरते हैं जिसके कारण रेत उड़ उड़ कर राहगीरों के आंखों में पड़ता है जिससे खासकर मोटर साइकिल सवार दुर्घटनाओं का शिकार भी हो जाते हैं गाड़ी वालों की इन लापरवाही के कारण लोग बहुत ही परेशान है खास कर गांव से जब इनकी गाड़ियां गुजरती है तो गाँव वाले रोड में गाड़ियों के पास से गुजरते हैं तो रेत उड़ कर राहगीरों युवाओं दीदी बहनों विद्यार्थियों की आंखों में पड़ती है जिसके वजह से उनको आंखों की तकलीफ होती है यही वजह है कि ग्रामीण इनकी शिकायत कर रहे हैं पर लापरवाह खनिज परिवहन करने वाले हैँ की समझने को तैयार ही नहीं हैं
CG : सीमेंट फैक्ट्री में मिली मजदुर की लाश, मजदूर संघ कर रहा 50 लाख रुपए मुआवजा राशि देने की मांग
बलौदाबाजार : जिले के खपराडीह स्थित श्री सीमेंट फैक्ट्री में बुधवार सुबह एक मजदूर की लाश सेलो में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही सुहेला पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मृत मजदूर अशोक सिंह पिता गुलाब सिंह (33 वर्ष) मध्य प्रदेश के चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम चंदवार का रहने वाला है. अशोक श्री सीमेंट फैक्ट्री के नए प्रोजेक्ट में काम के दौरान बीती रात गायब हो गया था, जिसकी आज सुबह सेलो में लाश मिली है. मजदूर संघ मजदूर की मौत पर 50 लाख रुपए मुआवजा राशि के साथ सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
बता दें कि इसके पहले भी श्री सीमेंट संयंत्र में हादसे हो चुके हैं, उसके बाद भी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त काम नहीं हुआ है. सवाल यह है कि मजदूर उंचाई पर काम कर रहा था, तो क्या बिना सुरक्षा उपकरण पहने था. ठेकेदार के साथ कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा के उपाय क्यों नहीं किया. अब एक बार फिर सवाल यह है कि सीमेंट संयंत्रों में हो रहे हादसों पर जिला प्रशासन, उद्योग विभाग और औद्योगिकी सुरक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है।
CG : जहाँ गूजती थी गोलियों की आवाज़, वहां लोगों को मिली मोबाइल की सुविधा
बीजापुर : सरकार के कामकाजों से बस्तर की तस्वीरें बदलती नजर आ रही है। जहां पहले गोलियों की आवाज गूंजती थी वहां अब लोग शांति से रह रहे हैं। “नियद नेल्ला नार” योजना के तहत छूटवाई गांव में मोबाइल टावर की सुविधा शुरू की गई है। इससे अब बीजापुर जिले के सुदूर ग्राम छूटवाई, गुंडेम, कोंडापाल्ली, गगनपल्ली, मुरकिनार के ग्रामीणों को संचार सुविधा का लाभ मिलेगा।
राज्यपाल श्री डेका हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रजवाड़े के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल
राज्यपाल रमेन डेका महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े के नया रायपुर अटल नगर स्थित मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम में गत दिवस सम्मिलित हुए और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
CG- भाई ने अपने ही भाई और मां पर एसिड फेंककर किया घातक हमला, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम, पूरा मामला जान रह जाएंगे दंग
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से आशा को मिला नया जीवन
जब जीवन में हर तरफ अंधेरा दिखाई देने लगे तब उम्मीद के एक छोटी सी रोशनी भी पूरे जीवन को प्रकाशवान कर जाती है। ऐसी ही कहानी है कुनकुरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत रेमते में रहने वाली 15 साल की आशा चक्रेश की। सिकलसेल से पीड़ित आशा के जीवन में कई उतार चढ़ाव आये पर कहीं भी उम्मीद की किरण दिखाई नहीं दे रही थी। यहां पर आशा के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना एक नई उम्मीद बन कर आई।
आशा को जन्म से ही सिकलीन की बीमारी है। यह जानकारी मजदूर माता पिता के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। चिकित्सकों ने बताया था कि आशा को सिकलसेल की बीमारी का वह प्रकार है जो 10 लाख लोगों में एक व्यक्ति को होने वाली बीमारी है। इस संबंध में आशा की माता बिमला बाई चक्रेश ने बताया कि आशा के पिता स्व. मंगलराम चक्रेश उसके स्वास्थ्य और इलाज के लिए हमेशा चिंतित रहा करते थे। आशा के ईलाज के लिए दंपत्ति ने अपनी छोटी सी बचत और आयुष्मान भारत योजना की सहायता से कई अस्पतालों का चक्कर लगाया। रायपुर से लेकर इंदौर, मुंबई सभी जगह आशा की जांच कराने के बाद भी निराशा ही हाथ लगी थी।
बचपन से हर महीने आशा को खून चढ़ाने अस्पताल का चक्कर लगाना ही पड़ता था और इसका खर्च भी वहन करना पड़ता था। ऐसे में एक दिन एक दुखद दुर्घटना में पिता मंगलराम का भी निधन हो गया। इस हालात में आशा का आगे का इलाज असंभव लगने लगा था। एक दिन जिला प्रशासन द्वारा मेडिकल कैम्प आयोजित किया गया था जहां जांच उपरांत चिकित्सकों ने बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी। हमारे लिए इसका खर्च उठा पाना संभव नहीं था तब जिला प्रशासन से जांच हेतु 01 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई, जिससे रायपुर जाकर जांच संभव हो सका। परन्तु महंगे ईलाज की समस्या अभी भी बनी हुई थी।
चिकित्सकों ने उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी दी। जहां से स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवेदन को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यालय भेजा गया। त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुए ईलाज के लिए 20 लाख रुपये प्रदान किया गया। जिसके बाद रायपुर के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए दाता की पहचान की गई। दाता का सैम्पल मैच होने पर आशा का बोन मैरो ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन किया गया। जिसके बाद आशा को नया जीवन प्राप्त हुआ। इस नए जीवन के लिए आशा और उनकी माता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया और कहा कि यदि मुख्यमंत्री जी से सहायता ना मिलती तो शायद आशा का जीवन बचा पाना उनके लिए संभव नहीं होता।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगे 21 लाख रुपए, जानिए कैसे शातिर ने फंसाया जाल में…
बिलासपुर। ठगी करने वाले अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बिलासपुर से सामने आया है, जिसमें सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर व्यक्ति से अश्लील वीडियो मंगाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर 21 लाख रुपए ठग लिए. पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस अपराध कायम कर जांच में जुट गई है.
दरअसल, शहर के एक व्यक्ति ने साइबर थाना में शिकायत की. एक फेसबुक आईडी से उनके मोबाइल में फ्रेंड रिक्वेस्ट आया. उन्होंने फेसबुक आईडी वाले से दोस्ती कर ली. दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत चलती रही. इसी दौरान फेसबुक दोस्त ने बातों में फंसाकर उनका अश्लील वीडियो मंगा लिया.
उसके बाद अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने का धमकी देकर ब्लेकमैलिंग करने लगा. कई किश्तों में उक्त व्यक्ति ने 21 लाख रुपए उसके बताए बैंक खाते में ट्रांसफर भी किए. लेकिन लगातार पैसों की मांग से तंग आकर साइबर थाना में फेसबुक दोस्त के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मामले में अब पुलिस फेसबुक फ्रेंड के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच में जुट गई है.
CG : सरकारी कर्मचारी पर गैंगरेप मामले में कार्रवाई शुरू, प्रिंसिपल समेत दो आरोपी सस्पेंड
मनेंद्रगढ़ : मनेंद्रगढ़ जिले के जनकपुर में नाबालिग छात्रा से हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद चारों आरोपी सरकारी नौकरी में जिस-जिस विभाग में पदस्थ थे उनपर विभागीय कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। वन विभाग की कार्रवाई के बाद अब एक और कार्रवाई की गई है। लोक शिक्षण संचनालय ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी प्रिंसिपल अशोक कुमार कुशवाहा और लेक्चरर कुशल सिंह परिहार को सस्पेंड किया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर के पत्र के आधार पर की गई है।
छत्तीसगढ़ में लागू होगी इकोरेस्टोरेशन पॉलिसी: मुख्यमंत्री की पहल पर तैयार हुई पॉलिसी, लागू करने वाला छत्तीसगढ़ होगा देश का दूसरा राज्य
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में जल्द इकोरेस्टोरेशन पॉलिसी लागू की जाएगी। वन विभाग द्वारा इसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य होगा, जहां इकोरेस्टोरेशन पॉलिसी लागू होगी। अभी तक देश के एक मात्र राज्य केरल में यह पॉलिसी लागू है। इस पॉलिसी के लागू होने से राज्य में वनों का संवर्धन, जल स्त्रोतों का संरक्षण, मिट्टी का कटाव रोकने के साथ ही जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।
यह जानकारी वनमंत्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज नया रायपुर के मेफेयर में ‘क्लाइमेट रेसिलिएंट छत्तीसगढ़ हरित और सशक्त भविष्य की ओर’ विषय पर आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए दी। यह कार्यशाला छत्तीसगढ़ राज्य जलवायु परिवर्तन केंद्र एवं सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इस कार्यशाला का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और पूर्वी राज्यों में जलवायु अनुकूलता और लो कार्बन आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए ज्ञान साझा करना और विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभावों और उससे निपटने के महत्व पर चर्चा की। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘जनजाति समुदाय सदैव जल, जंगल, और जमीन का संरक्षक रहा है। उन्होंने 1910 के भूमकाल आंदोलन का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज ने अंग्रेजों से अपने प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। श्री कश्यप ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सरकार के सतत विकास लक्ष्यों का अभिन्न हिस्सा है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं को पर्यावरण संरक्षण के आदर्श उदाहरणों के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कैलाश पर्वत और भगवान शिव-पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के साथ उनके वाहन नंदी, बाघ, मूषक और मोर सबके एक साथ रहने के उदाहरण देते हुए सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘जलवायु परिवर्तन केवल चर्चा का विषय नहीं है; यह हमारे राज्य और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम है।’ उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रीन इकॉनमी को बढ़ावा देने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। श्री चौधरी ने ग्रीन इकॉनमी, बायोफ्यूल, और सोलर एनर्जी पर विशेष जोर देते हुए युवाओं को पर्यावरण नवाचारों और हरित निवेश में भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ वन विभाग के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पांडे ने कहा कि राज्य सरकार ने क्लाइमेट स्टूडियो की स्थापना को स्वीकृति दी है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए नेटिव स्पीशीज के पौधों के रोपण, वन क्षेत्रों के विकास और वेटलैंड संरक्षण की योजनाओं पर जोर दिया। कार्यक्रम में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरणविद, शिक्षाविद और नीति-निर्माताओं ने व्यापक चर्चा की।
इस कार्यशाला में पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात मिश्रा, सीड के डायरेक्टर डॉ. मनीष राम, क्रेडा के अभिषेक शुक्ला, झारखंड वन विभाग के रवि रंजन, पश्चिम बंगाल सरकार के चीफ एनवायरनमेंट ऑफिसर धर्मदेव राय, ठाकुर प्यारेलाल इंस्टीट्यूट निमोरा के डायरेक्टर पी. सी. मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य जलवायु परिवर्तन केंद्र के प्रोजेक्ट साइंटिस्ट डॉ. अनिल श्रीवास्तव, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चेयरमैन प्रदीप टंडन, आईआईएम रायपुर के डॉ. राहुल बी. हीरेमथ, पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर निनाद बोधनकर, सीजी कास्ट के साइंटिस्ट और कलिंगा विश्वविद्यालय के डॉ. मनोज सिंह सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित थे।
शिक्षा विभाग बड़ी कार्रवाई: BEO, बीआरसी सहित इन अधिकारियों के वेतन पर लगी रोक...जानिये क्या है वजह
बस्तर : लापरवाही मामले में शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई । APAAR ID बनाने की लापरवाही मामले में सभी BEO, बीआरसी और सीआरसी के वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया गयाहै। मामला बस्तर का है, जहां APAAR ID बनाने की जिले काफी सुस्त रफ्तार थी। पिछले दिनों हुई जिला स्तरीय आकलन में भी इसे लेकर चिंता जतायी गयी है। बैठक में APAAR ID के कामों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया था।
बावजूद एक माह में किसी तरह की प्रगति नजर नहीं आयी। बस्तर जिला पूरे प्रदेश में 28वें स्थान पर है। कामों में उल्लेखनीय प्रगति नहीं होने के बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मिशन समन्वयक के नवंबर माह के वेतन पर रोक लगा दी। जिसके अब जिला परियोजना कार्यालय की तरफ बीईओ, बीआरसी और सीआरसी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए सभी के नवंबर माह के वेतन पर रोक लगा दी है।
आदेश में ये भी कहा गया है कि अगर एक सप्ताह के अंदर कामों में प्रगति नहीं देखी गयी, तो और भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

CG-ठंड की वजह से स्कूल के समय में हुआ बदलाव, जानिये अब कितने बजे से कितने बजे तक होगी संचालित
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी : छत्तीसगढ़ में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। कई जगहों पर शीत लहरी और कड़ाके की ठंड का भी अलर्ट जारी किया जा रहा है। ठंड का प्रकोप देखते हुए कलेक्टर ने स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किया है। मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर कलेक्टर ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक दो पाली मं चलने वाली कक्षाओं की पहली पाली अब सुबह 9 बजे से 12.30 बजे तक संचालित होगी। वहीं दो पाली में संचालित होने वाली कक्षाओं की दूसरी पाली 12.45 से 4.15 तक चलेगी। वहीं एक पाली में संचालित होने वाली कक्षाएं 10.30 बजे 3.30 बजे तक संचालित होगी।

BREAKING : हाईकोर्ट ने पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती 2023-24 पर लगाई रोक...जानिए क्या है पूरा मामला
बिलासपुर : पुलिस बल आरक्षक संवर्ग 2023-24 के पदों पर होने वाली भर्तियों पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य के जिलों में आरक्षकों के अलग-अलग पदों पर भर्तियां होने वाली थीं। मामले की सुनवाई जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच में हुई।
बता दें कि हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता बेदराम टंडन द्वारा दाखिल याचिका के मुताबिक यह आरक्षक संवर्ग 2023-24 भर्ती प्रक्रिया का पूरा मामला है, जिसके तहत राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग पदों पर भर्ती होनी थी। इसमें याचिकाकर्ता के पुत्र ने राजनांदगांव में होने वाले कांस्टेबल जनरल ड्यूटी के लिए आवेदन दिया था। राजनांदगांव जिले में इस श्रेणी के तहत 143 पद जारी किए गए थे, लेकिन विज्ञापन जारी होने और फॉर्म भरने के बाद डीजी पुलिस ने सचिव को इस नियुक्ति प्रक्रिया में पुलिस विभाग में कार्यरत/EX SERVICEMEN कर्मचारियों के बच्चों को छूट देने संबंधी पत्र लिखा था।
पत्र में सुझाव देते हुए लिखा गया था कि भर्ती नियम 2007 की कंडिका 9(5) के तहत भर्ती प्रक्रिया के मापदंडों को शिथिल किया जा सकता है, जिसमें फिजिकल टेस्ट के दौरान सीने की चौड़ाई और ऊंचाई जैसे कुल 9 बिंदुओं में शामिल थे। अवर सचिव ने इस सुझाव को स्वीकार भी कर लिया। इससे आहत होकर याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी।
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि केवल अपने विभाग के कर्मचारियों को छूट देना आम नागरिकों के साथ भेदभाव है, इसलिए इस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। मामले में वकील द्वारा पेश की गई दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने आरक्षक संवर्ग 2023-24 के अलग-अलग पदों पर होने वाली भर्तियों पर रोक लगा दी है। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि क्योंकि नियमों को शिथिल करने का लाभ सभी पदों पर मिलता है, इसलिए सभी पदों पर होने वाली भर्ती पर रोक लगा दी गई है।
CG : छत्तीसगढ़ में ट्रेन हादसा ! एकाएक 22 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनें रद्द, देखें लिस्ट
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर मंगलवार को एक मालगाड़ी बेटपरी हो गई। हादसा खोंगसरा एवं भनवारटंक स्टेशनों के बीच मंगलवार सुबह करीब 11.11 बजे हुआ, जब एक लांग हाल मालगाड़ी के 22 डिब्बे पटरी से उतर गए। नीचे देखिए हादसे की तस्वीरें।

कुछ डिब्बे पटरियों पर पलट गए। अप लाइन की इस घटना के चलते इस मार्ग पर अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित हुआ है। रेस्टोरेशन का कार्य शुरू किया गया है। इस मार्ग में परिचालन बाधित होने की वजह से कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे बिलासपुर, रायगढ़, अनुपपुर, शहडोल, उसलापुर, दुर्ग, रायपुर एवं गोंदिया स्टेशन में हेल्प डेस्क बनाया है। इसके बिलासपुर में कुछ हेल्प लाइन नंबर 9752441105 एवं 1072 भी जारी किया है।
रेलवे ने इन घटना के कारण चार ट्रेनों को रद कर दिया है। वहीं दो के पहिए बीच रास्ते मे ही थम गए। इसके अलावा नौ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।

इन ट्रेनों को किया रद्द
- 18258 चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस
- 18257 बिलासपुर- चिरमिरी एक्सप्रेस
- 18242 अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस
- 18241 दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस
गंतव्य से पहले रद्द ट्रेन
- 08739 शहडोल-बिलासपुर मेमू को पेंड्रारोड स्टेशन में समाप्त किया गया है।
- 08748 कटनी-बिलासपुर मेमू को शहडोल स्टेशन में समाप्त किया गया है।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें
- 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्स्प्रेस परिवर्तित मार्ग बिलासपुर-गोंदिया-जबलपुर-कटनी मुड़वारा होकर योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।
- 12549 दुर्ग-मेजर कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर एक्सप्रेस दुर्ग-गोंदिया-जबलपुर होकर मेजर कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर पहुंचेगी।
- 12854 भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस जबलपुर-गोंदिया होकर दुर्ग पहुंचेगी।
- 12853 दुर्ग- भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस गोंदिया-जबलपुर होकर भोपाल जाएगी।
- 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस जबलपुर-गोंदिया होकर दुर्ग पहुंचेगी।
- 15160 दुर्ग- छपरा सारनाथ एक्सप्रेस गोंदिया-जबलपुर होकर भोपाल जाएगी।
- 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्स्प्रेस भी गोंदिया-जबलपुर- कटनी मुड़वारा होकर अमृतसर जाएगी।
- योग नगरी ऋषिकेश से रवाना हुई 18478 योग नगरी ऋषिकेश- पुरी कलिंग उत्कल एक्स्प्रेस परिवर्तित झांसी-भोपाल-इटासी-नागपुर-दुर्ग-बिलासपुर होकर पुरी जाएगी।
- मंगलवार को निज़ामुद्दीन से रवाना होने वाली 12824 निज़ामुद्दीन-दुर्ग संपर्क क्रांति एक्स्प्रेस परिवर्तित मार्ग झांसी-भोपाल-इटासी-नागपुर-दुर्ग होकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
