प्रदेश
महाराजा अग्रसेन ने किया समानता और भाईचारे के साथ समाज को आगे बढ़ाने का महान कार्य- मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज यहां राजधानी रायपुर के छोकरा नाला स्थित श्री अग्रसेन धाम में भगवान महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव-2024 में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समानता और भाईचारे के साथ समाज को आगे बढ़ाने का महान कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अग्रसेन जयंती के अवसर पर श्री अग्रसेन धाम के द्वितीय तल का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को महाराजा अग्रसेन जयंती और नवरात्रि पर्व की बहुत-बहुत बधाई। अग्रवाल समाज हर क्षेत्र में अग्रणी रहने वाला समाज है। चाहे वह सेवा का क्षेत्र हो या शिक्षा और व्यापार की बात हो, हर क्षेत्र में अग्रवाल समाज ने महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोई भी समाज अपनी संस्कृति और अपनी अर्थव्यवस्था के बल पर आगे बढ़ता है। इन दोनों के संतुलन से ही वास्तविक उन्नति होती है। महाराजा अग्रसेन जी ने यही शिक्षा हम सभी को दी है। उन्होंने जहां व्यापार और आर्थिक विकास के सिद्धांत हमें दिए, वहीं वैदिक धर्म, संस्कृति और आदर्शों का पालन करते हुए समाज के सभी वर्ग के लोगों की उन्नति के लिए समान अवसरों के निर्माण पर भी उन्होंने जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, भाईचारे और न्याय की स्थापना के लिए जो आदर्श प्रस्तुत किए, वे आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्शों पर चलते हुए अग्रवाल समाज के लोगों ने अपने व्यापार-व्यवसाय में ऊंची सफलता हासिल करते हुए देश के आर्थिक विकास में भी अपना उत्कृष्ट योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मेरा यह सौभाग्य रहा कि अपने सार्वजनिक जीवन मे मुझे हमेशा अग्रवाल समाज के लोगों के बीच रहने का मौका मिला। केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्य करते हुए मैंने देखा कि उद्योग-धंधों से जुड़े जिन लोगों से मिलने का अवसर मिलता था, उनमें अधिकांश लोग अग्रवाल समाज से होते थे।
अग्रवाल समाज एक परोपकारी समाज है। इस समाज द्वारा सभी के परोपकार के लिए बहुत से कार्य किये जाते हैं । चाहे वह धर्मशाला निर्माण हो या स्कूल-अस्पताल बनवाना, सेवा के हर कार्य में अग्रवाल समाज अग्रणी रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को कार्य करते हुए अभी 9 महीने हुए हैं। उद्योग-धंधों का विकास हमारी प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ राज्य हर मामले में बहुत समृद्ध है, यहां उद्योगों की बहुत सम्भावना है। अग्रवाल समाज से मेरा आग्रह है कि वे उद्योगों के विकास के लिए अपना पूरा योगदान दें। उद्योगों के विकास से रोजगार सृजन में तेजी आएगी। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों के हिसाब से स्किल डेवलपमेंट कर रोजगार से जोड़ने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा नई उद्योग नीति के माध्यम से अधिक से अधिक सहूलियत उद्योगों को प्रदान की जा रही है। हम सिंगल विण्डो सिस्टम द्वारा उद्योग-धंधों को बढ़ावा दे रहे हैं। अग्रवाल समाज को इनका लाभ उठाना चाहिए।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज का भारत की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान है। अग्रवाल समाज धर्म की रक्षा और परिवार-व्यवस्था के लिए जाना जाता है। अग्रवाल समाज द्वारा समाजसेवा के कई कार्य किये जाते हैं। समाज की सेवा करना बहुत जरूरी है। आज परिवार को जोड़ कर चलने की जरूरत है। ये संस्कार नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्रवाल समाज के लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन की जीवनगाथा का विमोचन किया।
इस अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बसना के विधायक श्री सम्पत अग्रवाल, श्री निर्मल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग उपस्थित रहे।
15 राइस मिल संचालकों को विपणन कार्यालय ने जारी किया नोटिस, इतने दिनों के भीतर मांगा जवाब, जाने क्या है पूरा मामला...!!
रायगढ़। जिले में समय पर चावल के स्टॉक का काम पूरा नहीं किये जाने के बाद जिला विपणन विभाग ने 15 राइस मिलों को नोटिस जारी किया है। जिन राइस मिलों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है, उनके ऊपर समय अवधि में चावल की स्टेक का काम पूर्ण नहीं होने पर घोर लापरवाही मानते हुए पांच दिनों के भीतर कार्यालय में जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।
नोटिस प्राप्त राइस मिलों में ए वन राइस इंस्ट्रीज, जीटी राइस मिल, जेके राइस मिल, गोपी ट्रेडर्स, जय मा दुर्गा इंस्ट्रीज, कृष्णा राइस मिल, श्री तिरूपति राइस मिल, मां दुर्गा फूड्स प्रोडक्ट, महालक्ष्मी राइस मिल, एमएस बैघनाथ फूड, एमएस सूरज एग्रो, श्री मंगला ग्रीन, श्री श्याम एग्रो, श्री राधा कृष्ण एग्रो, श्री राधेकृष्ण राइस मिल, शुभम राइस मिल के नाम शामिल है।
समय पर चावल के स्टेक एफसीआई नहीं भेजे जाने के मामले में जिला विपणन अधिकारी शैला नेताम ने बताया कि शासन के नियमानुसार एफसीआई में चावल जमा करने के लिए प्रत्येक राइस मिल को 15 दिन का समय दिया जाता है। लेकिन 15 राइस मिल संचालकों द्वारा समय अवधि पूर्ण होनें के बाद भी एफसीआई में चावल के स्टेक जमा नहीं किये गए जिसके चलते उन्हें नोटिस जारी करते हुए सप्ताह भर के भीतर जवाब मांगा है। विपणन अधिकारी ने बताया कि सात दिनों के भीतर संतोषपूर्ण जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
CG ब्रेकिंग : जिला आबकारी अधिकारी निलंबित...जानिए क्या है पूरा मामला
महासमुंद : - जिले के आबकारी अधिकारी मोहित जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है। ज्यादा कीमत पर शराब बेचे जाने की शिकायत मिलने पर चार अफसरों की टीम ने महासमुंद जिले की दुकानों की जांच की।

जांच में दो दुकानों तुमगांव और झलप में ज्यादा कीमत पर शराब बचते हुए कर्मचारी पाए गए। कर्मचारी बिना बेच और वर्दी के ही दुकान में काम करते पाए गए। इसी अव्यवस्था के चलते जिला आबकारी अधिकारी पर कार्यवाही की गई है।
BREAKING : सीएम साय ने पुल , नवीन भवन, छात्रावास निर्माण सहित की कई बड़ी घोषणाएं
बलरामपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर में धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मंच से कई प्रमुख घोषणाएं की –
नरसिंहपुर से मरकाडाड़ के मध्य महान नदी में पुल निर्माण की घोषणा।
हायर सेकंडरी राजपुर के लिए नवीन भवन निर्माण की घोषणा।
राजपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत उफिया में चन्दर मुसखोर नाला में पुलिया निर्माण की घोषणा।
राजपुर में अपर कलेक्टर लिंक कोर्ट प्रारंभ करने की घोषणा।
पंडो जनजाति के लिए 50-50 सीटर बालक बालिका छात्रावास निर्माण की घोषणा।
बिलासपुर और सरगुजा संभाग में प्रतिवर्ष कर्मा महोत्सव आयोजन कराने की घोषणा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि आज रायपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के तहत स्वच्छता पखवाड़ा के समापन और खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के अवसर पर उन्होंने खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी वस्त्रों पर 02 अक्टूबर से 31 मार्च 2025 तक 25 प्रतिशत डिस्काउंट की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।
BREAKING : नक्सलियों और जवानों के बीच बड़ी मुठभेड़...रुक-रुक कर फायरिंग जारी
सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा इलाके में डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ के जवानों का नक्सलियों से सामना हुआ है. जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के कोर जोन चिंतावागु नदी के किनारे मुठभेड़ हो रही है. सुरक्षा बल की संयुक्त टीम बोटलंका, एरनपल्ली और आसपास के इलाकों में अभियान के लिए रवाना हुए थे. इस दौरान नदी के किनारे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया. फिलहाल दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है. इलाके की सर्चिंग के बाद जवानों ने नक्सलियों का अस्थाई कैंप ध्वस्त कर दिया गया. इसके साथ ही मौके से नक्सली सामग्री और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. फिलहाल सभी जवान सुरक्षित है. लगातार इलाके की सर्चिंग की जा रही है. एसपी किरण चव्हाण ने इसकी पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की बटालियन के कोर इलाक़े में सुरक्षाबल के जवान घुसे. सुबह से ही नक्सलियों से जवानों की भीषण मुठभेड़ जारी है. नक्सलियों की बटालियन का सबसे मजबूत इलाका कहा जाने वाला बोत्तलंका और इरापल्ली में जवानों का ऑपरेशन जारी है।
फिलहाल मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों को गोली लगने की भी खबर मिल रही है. इतना ही नहीं मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) से हमला करने की भी कोशिश की है. डीआरजी कोबरा और सीआरपीएफ जवानों लगातार नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं. एसपी किरण चव्हाण, सीआरपीएफ डीआईजी सुकमा आनंद और कोंटा डीआईजी सुरजपाल वर्मा लगातार जवानों के संपर्क में बनाए हुए हैं. सुकमा के वॉर रूम से डीआइजी कमलोचन कश्यप और सीनियर अधिकारी लगातार पूरे ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला अस्पताल में घोर लापरवाही : यहां डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा ऑपरेशन..! सरकारी अस्पतालों की बदहाली एक बार फिर हुई उजागर
बिलासपुर। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराने का दावा भले ही यहां के स्वास्थ्य मंत्री कर रहे हों, मगर हालात अच्छे नहीं हैं। न्यायधानी बिलासपुर के जिला अस्पताल की बदहाली का आलम यह है कि यहां बिजली के अचानक चले जाने से अस्पताल में पड़े जनरेटरों को स्टार्ट नहीं किया जा सका और यहां डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च की रौशनी में महिलाओं का नसबंदी ऑपरेशन करना पड़ा।
सिम्स के बाद जिला अस्पताल की बारी
हाई कोर्ट ने कुछ माह पूर्व ही न्यायधानी बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर जनहित याचिका दायर की थी। इसके बाद से इस अस्पताल में बड़े पैमाने पर सुधार कार्य किये। हालांकि अब भी यदाकदा सिम्स में गड़बड़ियों की खबरें आती ही रहती हैं। अव्यवस्था के मामले में दूसरा नंबर बिलासपुर के जिला अस्पताल का है, जहां कल महिलाओं की नसबंदी का ऑपरेशन चल रहा था। इस बीच बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद जिला अस्पताल में लगे जनरेटर्स को चालू करने का प्रयास किया गया, मगर तब पता चला कि अस्पताल में 7 जनरेटर रखे हुए हैं, मगर इनमें से किसी भी जनरेटर को चालू नहीं किया जा सका।
टालने पड़े अन्य ऑपरेशन
बिलासपुर जिला अस्पताल में नसबंदी के ऑपरेशन के दौरान अचानक बिजली चली गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च की मदद से मरीज का ऑपरेशन करना पड़ा, जिससे मरीज की जान पर बन आई। डॉक्टरों ने मोबाइल के टॉर्च की रोशनी के सहारे ही ऑपरेशन किया। अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद नसबंदी सहित अन्य ऑपरेशनों को भी टालना पड़ा।
डीजल नहीं था, इसलिए…
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन थियेटर में पॉवर बैकअप देने के लिए अस्पताल में 7 जनरेटर मौजूद होने के बावजूद कोई काम नहीं आया, क्योंकि सभी जनरेटर बंद पड़े थे। जनरेटर बंद रहने का कारण डीजल की कमी बताई जा रही है। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की बड़ी लापरवाही को उजागर किया है।
एक अन्य मामले में चल रही है जनहित याचिका
बता दें कि कुछ दिन पहले ही जिला अस्पताल, बिलासपुर में दुर्घटना के शिकार एक युवक के इलाज में लापरवाही बरती गई थी। इस मामले कीमीडिया में खबर आने पर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है और जनहित याचिका के रूप में सुनवाई शुरू की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 4 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। अब चर्चा इस बात की हो रही है कि कल टोर्च की रौशनी में ऑपरेशन किये जाने के मामले को भी हाई कोर्ट संज्ञान में ले सकता है।
PM नरेंद्र मोदी ने जशपुर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया वर्चुअली लोकार्पण और भूमिपूजन…
पत्थलगांव :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री लाल बहादुर शास्त्री के जयंती के अवसर पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के हजारीबाग से जशपुर जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुखरापारा, विकासखंड पत्थलगांव का वर्चुअली लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने ग्राम ढुढरूडांड़, विकासखंड कांसाबेल और विकासखंड फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का वर्चुअली भूमिपूजन भी किया। आदिवासी विद्यार्थियों की अच्छी शिक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड से देश में वर्चुअली तौर पर 1726.2 करोड़ की लागत के 40 एकलव्य आवासीय विद्यालयों का लोकार्पण और 1108.2 करोड़ की लागत के 25 भवनों का शिलान्यास भी किया। इनमें से छत्तीसगढ़ के 04 एकलव्य आवासीय भवनों का लोकार्पण और 03 का शिलान्यास शामिल है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुखरापारा का प्रतीकात्मक तौर पर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम के सार्थक सन्देश के साथ आम का पौधा का रोपण भी किया।
झारखंड से वर्चुअली तौर पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लोगों को आज की परियोजनाओं के लिए बधाई दी और कहा की महात्मा गांधी की जनजातीय कल्याण के प्रति दृष्टि और विचार हम सबके लिए काफी महत्वपूर्ण है। महात्मा गांधी ने माना कि भारत तभी आगे बढ़ सकता है जब जनजातीय समाज तेजी से आगे बढ़े।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज झारखंड की पावन धरती से 80 हजार करोड़ से अधिक लागत की विकास कार्याे का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। ये योजनाएं आदिवासी समाज के विकास के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के प्रति प्राथमिकता का प्रमाण है।
अक्टूबर में रायपुर आएंगी ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर, बढ़ाएंगी छत्तीसगढ़ के खिलाडियों का हौसला
पेरिस ओलंपिक में शूटिंग में दो पदक जीतकर भारत का नाम रौशन करने वाली मनु भाकर 20 अक्टूबर को रायपुर आने वाली है। ओलंपिक मेडलिस्ट मनु छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाती नजर आएंगी।
दरअसल, छत्तीसगढ़ राज्य 27वीं अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इसमें देश भर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। केंद्र सरकार का पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय 16 से 20 अक्टूबर तक रायपुर में इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। साथ ही इस खेल महोत्सव में देशभर से वन विभाग के खिलाड़ी अलग-अलग स्पोर्ट्स इवेंट में पार्टिसिपेट करेंगे। पेरिस ओलंपिक 2024 की पदक विजेता और विश्व प्रसिद्ध निशानेबाज मनु भाकर 20 अक्टूबर को होने वाले समापन समारोह में मौजूद रहेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने जयंती पर गांधी जी को किया नमन
बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट
बिलासपुर, 02 अक्टूबर 2024/उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने गांधी जयंती पर जिला कार्यालय परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास़्त्री की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान एवं कलेक्टर अवनीश शरण ने भी माल्यार्पण कर महात्मा गांधी का पुण्य स्मरण किया। बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट
उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट गार्डन का किया लोकार्पण
बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट
बिलासपुर, 02 अक्टूबर 2024/उप मुख्यमंत्री साव ने कलेक्टोरेट परिसर में खूबसूरत गार्डन का लोकार्पण किया। बाहर से जिला कार्यालय आने वाले लोगों के विश्राम की व्यवस्था है। महात्मा गांधी के नेतृत्व में आयोजित दाण्डी यात्रा की आदमकद प्रतिमाओं का भी अनावरण किया। सुन्दर फव्वारों से सुसज्जित यह गार्डन मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करता है। साव ने कलेक्टोरेट के सामने पुराने टाऊन हाल के जीर्णोद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत इसका जीर्णोद्धार किया गया है। भवन के एक हिस्सें में जिला पुरातत्व भवन बनाया गया है। पुरातत्व भवन में जिले की सैकड़ों पुरातात्विक मूर्तियां एवं ऐतिहासिक सामग्रियां सुरक्षित रखी गयी है। साव ने भवन में रखी मूर्तियों का उत्सुकता के साथ अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक धरम लाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, कलेक्टर अवनीश शरण, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ आरपी चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट
न्याय यात्रा की गूंज छत्तीसगढ़ में हमेशा गूंजेगी : न्याय यात्रा के समापन में छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे अपराध पर लगाम लगाने पहुँचा जन-सैलाब
(छत्तीसगढ़)। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार जैसे संगीन अपराध को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा सम्मानित प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जी के नेतृत्व में न्याय यात्रा गिरोधपुरी से 27 सितंबर से निकाली गई थी जिसका आज रायपुर राजधानी के गांधी मैदान में जबरदस्त समापन हुआ। विकास उपाध्याय ने अपने हजारों महिलाओ एवम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय के समीप छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट जी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव जी एवं नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत जी का आत्मीय एवं भव्य रूप से स्वागत् किया। उपाध्याय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के समापन में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट जी मुख्य रूप से छत्तीसगढ़वासियों को संबोधन करने पहुँचे थे, उनका कहना बिल्कुल सच है कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है एवं नौ महीने की भारतीय जनता पार्टी की साय सरकार छत्तीसगढ़ के लिए कार्य करने में पूरी तरह विफल नजर आ रही है। इस संबोधन को आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से आये समस्त छत्तीसगढ़ वासियों का जनसैलाब ध्यान से सून और समझ रहा था कि छत्तीसगढ़ में किस तरह से शासन-प्रशासन ध्वस्त हो चुका है। उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा निकाली गई इस न्याय यात्रा की गूंज हमेशा गुजेंगी l
मंत्री श्री देवांगन ने गांधी जयंती पर झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन आज बुधवार को गांधी जयंती पर कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 48 सुमेधा में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही नगर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से बड़ी कोई सेवा नहीं है। हम जिस तरह घर में स्वच्छता और सफाई रखते हैं, उसी तरह सार्वजनिक स्थल व बाहर भी सफाई का ध्यान रखें। कचरा फेंकने के लिए डस्टबिन का उपयोग करें। कुछ ऐसे ही उपाय अपनाकर हम न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दे सकते हैं, बल्कि स्वयं को भी स्वस्थ रख सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से 10 साल पहले बापू और शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत की थी। जिसका बेहतर प्रतिसाद मिला। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र पाटनवर, मंडल अध्यक्ष ईश्वर साहू, सुनिल भटपहरे, राधे यादव, बुधवार यादव, विजय साहू, नारायण सिंह ठाकुर, अनिल यादव, राज जायसवाल, किशन कैवर्त, संजय कुर्मवंशी, नारायण राजपूत, सुखदेव प्रजापति सहित अधिक संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को मिशन के रूप में अपनाकर देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ाया - भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा शब्द में कई सारे संदेश को समाहित किए हुए है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को मिशन के रूप में अपनाकर देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ाया है स्वच्छता सेवा पखवाड़ा हर वर्ष मनाया जाता है जिसका समापन महात्मा गांधी की जयंती के दिवस पर किया जाता है, महात्मा गांधी के विजन में भी स्वच्छता भी एक विषय रहा। उन्होंने कार्यक्रम में महापौर के रूप अपने कार्यकाल के दौरान स्वच्छता के प्रति विदेश दौरे और विदेश में उनके द्वारा गन्दगी नहीं करने की सीख का भी उल्लेख किया। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री देव जगदलपुर के टाउन हॉल में आयोजित स्वच्छता ही सेवा 2024, संपूर्णता अभियान कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप भी उपस्थित रहे,इसके आलावा महापौर श्रीमती सफिरा साहू, पूर्व वन विकास निगम अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ,भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी,विद्यासरण तिवारी एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव ,योगेंद्र पांडे ,नरसिंह राव ,वरिष्ठ पार्षद संजय पांडे ,गणमान्य पार्षदगण, जिला पंचायत के सदस्य, कलेक्टर श्री हरिस एस, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सर्वे, नगर निगम आयुक्त श्री हरेश मंडावी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर , अधिकारी, स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सफिरा साहू ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का आज समापन समारोह है। घर के आसपास से शुरू कर वार्ड, नगर, जिला-प्रदेश को स्वच्छ रखें,स्वच्छ भारत मिशन के तर्ज पर स्वच्छता से संबंधित कार्यकर छत्तीसगढ़ और जगदलपुर को स्वच्छ रखने के लिए प्रयास किया जाना है। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन में कलेक्टर श्री हरिस एस ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बस्तर जिले को भी स्वच्छ और सुंदर रखने का प्रयास किया जायेगा। कार्यक्रम में स्वच्छता से संदेश देने के लिए स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा 2024 "स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता के अंतर्गत जिला - बस्तर में 17 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक जिला एवं जनपद स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। जिसके तहत स्वच्छता मैराथन, स्वच्छता रथ, स्वच्छता श्रमदान कार्यालयों की साफ सफाई हेतु श्रमदान तथा तालाबों व सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई की गई है। स्वच्छता के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले जिला के ग्राम, ग्राम पंचायत, स्वच्छता के क्षेत्र के कार्यरत कर्मचारियो, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्र को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। साथ ही स्वच्छता के ब्राड एंबेसडर, स्वच्छता स्ट्रीट फूड हेतु नागरिकों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा संपूर्णता अभियान 5 जुलाई से 30 सितंबर तक जिले में नीति आयोग के चयनित सूचकांक को पूरा करने के उद्देश्य से संपूर्णता अभियान चलाया गया, जिसमें सभी विभागों ने विभिन्न गतिविधियाँ निर्धारित समय पर लक्ष्यगत सूचकों को पूरा करने के लिए सक्रियता दिखाई।जिले के 433 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएँ आयोजित कर सम्पूर्णता अभियान के सूचकांकों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर का लगाकर गर्भवत्ती माताओं,उच्चरक्त चाप, शुगर की जांच की गई एवं शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह में विशेष गतिविधियां करके गर्भवती महिलाओं एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की माताओं एवं गर्भवति महिलाओं को पोषण के संबंध में जागरूक किया गया एवं सभी गर्भवती महिलाओं को टीएचआर प्रदान किया गया।शिक्षा विभाग के द्वारा शत प्रतिशत हायर सेकेंडरी स्कूलों में बिजली की व्यवस्था एवं सभी बच्चों को शाला प्रवेश के समय पाठ्य पुस्तकें प्रदान की गई है। कृषि विभाग द्वारा सभी विकासखण्डों में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया एवं तोकापाल ब्लॉक में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार 100 प्रतिशत कृषि मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाए गए है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा स्वसहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराया गया। आकांक्षी विकासखण्ड तोकापाल में अब तक 40 प्रतिशत समूहों को रिवाल्विंग फण्ड प्रदाय किया गया है। इसमें सक्रिय सहभागिता के लिए कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनआरएलएम के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत भूमिपूजन एवं गृहप्रवेश कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वर्ष 2016-17 से 2022-23 तक कुल 23063 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। अब तक कुल 21169 आवास पूर्ण हुए है एवं 1719 आवास प्रगतिरत हैं। वर्ष 2024-25 में बस्तर जिले को कुल 16621 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिनमें से 10474 आवासों की स्वीकृति की गई है. 02 अक्टूबर 2024 से प्रथम किश्त प्राप्त 8667 आवासों का भूमिपूजन एवं आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम में आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक आवास की चाबी और आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र का भी वितरण किया गया।
साथ ही आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से ए.पी.एल. राशन कार्डधारी परिवार को पचास हजार रूपए तथा बी.पी. एल. राशनकार्ड धारीपरिवार को 5 लाख रूपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। योजना अंतर्गत जिले में 6 लाख 66 हजार 756 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है तथा 1लाख 40 हजार 072 हितग्राहियों ने योजना का लाभ लिया है जिसकी राशि 149 करोड़ रूपए है। योजना अंतर्गत जिले में 45 शासकीय व 2 निजी अस्पताल पंजीकृत है। इसमें जिला अस्पताल महारानी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल को सम्मानित किया गया। इसके अलावा चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, कविता वाचन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, स्वच्छता पर आधारित मॉडल प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और नृत्य नाटक के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने स्कूली बच्चों द्वारा लगाई गई मॉडल प्रदर्शनी, रंगोली और पेंटिंग प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
छत्तीसगढ़ का एक अनोखा अधूरा मंदिर, न भगवान की मूर्ति और न ही श्रद्धालु करते हैं पूजा, ये है मान्यता
जांजगीर चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में भगवान विष्णु का एक अनोखा मंदिर है, जो अपने निर्माण काल से अधूरा है और कभी पूरा नहीं किया जा सका. छत्तीसगढ़ के कल्चुरी नरेश जाज्वल्य देव प्रथम ने भीमा तालाब के किनारे 11वीं शताब्दी में एक मंदिर का निर्माण करवाया था. यह मंदिर भारतीय स्थापत्य का अनुपम उदाहरण है. ये मंदिर पूर्वाभिमुखी है और सप्तरथ योजना से बना हुआ है. इस मंदिर की खासियत ये है कि यहां पर शिखर हीन विमान मात्र ही मौजूद है. गर्भगृह के दोनों ओर दो कलात्मक स्तंभ है जिन्हे देखकर यह आभास होता है कि पुराने समय में मंदिर के सामने महामंडप निर्मित था, लेकिनअब उसके अवशेष ही रह गए हैं.
मंदिर के चारों ओर अत्यन्त सुंदर एवं अलंकरणयुक्त प्रतिमाएं बनाई गई हैं. त्रिमूर्ति के रूप में ब्रह्मा, विष्णु और महेश की मूर्ति भी यहां स्थापित है. ठीक इसके ऊपर गरुणासीन भगवान विष्णु की मूर्ति, मंदिर के पृष्ठ भाग में सूर्य देव विराजमान हैं. मूर्ति का एक हाथ भग्न है लेकिन रथ और उसमें जुते सात घोड़े स्पष्ट हैं. यहीं नीचे की ओर कृष्ण कथा से सम्बंधित चित्रों में वासुदेव कृष्ण को दोनों हाथों से सिर के ऊपर उठाए गतिमान दिखाये गया है. इसी प्रकार की अनेक मूर्तियां नीचे की दीवारों में बनी हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि किसी समय बिजली गिरने से मंदिर ध्वस्त हो गया था. जिससे मूर्तियां बिखर गयीं. बाद में उन मूर्तियों को मंदिर की मरम्मत करते समय दीवारों पर जड़ दिया गया.
गर्भगृह में कोई मूर्ति नहीं
मंदिर के चारों ओर अन्य कलात्मक मूर्तियों में भगवान विष्णु के दसावतार में से वामन, नरसिंह, कृष्ण और राम की प्रतिमाएं स्थित हैं. छत्तीसगढ के किसी भी मंदिर में रामायण से सम्बंधित इतने दृश्य कहीं नहीं मिलते जितने इस विष्णु मंदिर में हैं. इतनी सजावट के बावजूद मंदिर के गर्भगृह में कोई मूर्ति नहीं है. मंदिर अधूरा होने के कारण मूर्ति की स्थापना नहीं हो सकी.
क्या है मंदिर के अधूरेपन की कहानी
इस मंदिर के निर्माण से संबंधित अनेक जनश्रुतियां प्रचलित हैं. इन्हीं में से एक दंतकथा के अनुसार एक निश्चित समयावधि जिसे कुछ लोग इस छैमासी रात कहते हैं, इसी समय में शिवरीनारायण मंदिर और जांजगीर के इस मंदिर के निर्माण में प्रतियोगिता हुई है. कहते हैं कि भगवान नारायण ने घोषणा की थी कि जो मंदिर पहले पूरा होगा, वे उसी में प्रविष्ट होंगे. शिवरीनारायण का मंदिर पहले पूरा हो गया और भगवान नारायण उसमें प्रविष्ट हुए. जांजगीर का विष्णु मंदिर अधूरा रह गया.
महाबली भीम से भी जुड़ी है कथा
एक अन्य दंतकथा महाबली भीम से जुड़ी भी प्रचलित है. कहा जाता है कि मंदिर से लगे भीमा तालाब को भीम ने पांच बार फावड़ा चलाकर खोदा था. किंवदंती के अनुसार भीम को इस मंदिर का शिल्पी बताया गया है. इसके अनुसार एक बार भीम और विश्वकर्मा में एक रात में मंदिर बनाने की प्रतियोगिता हुई. तब भीम ने इस मंदिर का निर्माण कार्य आरम्भ किया. मंदिर निर्माण के दौरान जब भीम की छेनी-हथौड़ी नीचे गिर जाती तब उसका हाथी उसे वापस लाकर देता था. इस प्रकार कई बार हुआ, लेकिन आखिरी बार भीम की छेनी पास के तालाब में चली गयी, जिसे हाथी वापस नहीं ला सका और सवेरा हो गया. भीम को प्रतियोगिता हारने का बहुत दुख हुआ और गुस्से में आकर उन्होंने हाथी के दो टुकड़े कर दिया. इस प्रकार मंदिर अधूरा रह गया. आज भी मंदिर परिसर में भीम और हाथी की एक खंडित प्रतिमा है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सदर बाजार, आजाद चौक रायपुर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी जी के सिद्धांतों और उनके आदर्शों को याद करते हुए स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नागरिकों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। इस दौरान स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में भाग लेते हुए उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू भी लगाई।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत सहित अन्य जनप्रनिधि उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जयंती पर गांधी जी को किया नमन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर बिलासपुर कलेक्टोरेट परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सादर नमन किया। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास़्त्री की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, बिलासपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान और कलेक्टर अवनीश शरण ने माल्यार्पण कर महात्मा गांधी का पुण्य स्मरण किया।
