प्रदेश
नहर में बहती मिली नाबालिग लड़की की लाश, हत्या की आशंका…
रायगढ़ :- खरसिया विधानसभा के ग्राम बरगढ़ से एक ख़बर सामने आई है, जहा गांव के नहर में एक नाबालिग लड़की की लाश तैरती हुई मिली हैं। नाबालिक की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया हैं। बताया जा रहा है खरसिया थाना क्षेत्र के बरगढ़ से मोहंदी मायनर गांव की ओर नहर में एक शव को तैरते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
जानकारी के मुताबिक मृतक लड़की की उम्र लगभग 10-12 वर्ष के बीच बताई जा रही है. वही आशंका जताई जा रही है कि शव कोरबा से निकलने वाली नहर से बहती हुई बरगढ़ तक पहुंची हैं। प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को नहर में फेंकने की संभावना व्यक्त की जा रही हैं, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।
ब्रेकिंग: अवकाश में किया गया संशोधन, जारी हुआ आदेश, जानिये अब रहेगी छुट्टी
बिलासपुर : राज्य सरकार ने 1 नवंबर को प्रदेश में छुट्टी का ऐलान किया है। इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तर और संस्थाएं बंद रहेगी। 1 नवंबर को छुट्टी के आदेश की वजह से कई जिलों में स्थानीय अवकाशों में फेरबदल करना पड़ा है।
9 मई 2024 को जारी आदेश में 1 नवंबर को जो स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था, अब उसके स्थान पर 10 दिसंबर को छुट्टी रहेगी। 10 दिसंबर को शहीद वीर नारायण बलिदान दिवस पर बिलासपुर जिले में स्थानीय अवकाश होगा। कलेक्टर ने इसे लेकर स्थानीय अवकाश का आदेश जारी कर दिया है।

CG : बीएसपी में बड़ा हादसा, स्टॉपर टूटने से नीचे खड़े ठेका मजदूर की मौके पर मौत
दुर्ग : जिले से हादसे की खबर सामने आ रही हैं, यहां बीएसपी यानी भिलाई स्टील प्लांट में एक मजदूर की मौत हो गई है। मजदूर के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। मजदूर के शव को भिलाई सेक्टर 9 हॉस्पिटल की मर्च्यूरी में रखा जाएगा।
भिलाई स्टील प्लांट में लंबे समय बाद एक बड़ा हादसा हुआ है। स्टील मेल्टिंग शॉप 3 में सुबह 10 बजे यह हादसा हुआ। ठेका मजदूर बसंत कुमार कुर्रे चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से प्लांट में हड़कंप मच गया है।
भिलाई स्टील प्लांट में हुए इस हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर उच्चाधिकारी पहुंच चुके हैं।पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच रही है। पुलिस और प्लांट के अधिकारी हादसे की जांच कर रहे हैं।
प्लेसमेंट केम्प का आयोजन 16 अक्टूबर को
प्लेसमेंट केम्प का आयोजन 16 अक्टूबर को
दुर्ग, 09 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र परिसर में 16 अक्टूबर 2024 को प्रातः 10.30 बजे से प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया गया है। प्लेसमेंट केम्प में निजी नियोजक इवेन लाइवलीहुड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डिलिवरी एसोसियेट (केवल महिला) के लिए 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम आठवीं पास एवं बेसिक इंग्लिश तथा आयु 18 प्लस आवश्यक है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के उप संचालक आर.के.कुर्रे के अनुसार इच्छुक आवेदक समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण एवं अंकसूची, पहचान पत्र (मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस) रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सभी दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर प्लेसमेंट/रोजगार मेला में उपस्थित हो सकते हैं। cg24news.in
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की खेल महोत्सव
हार-जीत स्पर्धा का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन जो असफल होकर अपने दक्षता में सुधार कर भविष्य में श्रेष्ठतम प्रदर्शन के द्वारा परचम लहराता है वह ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसलिए किसी भी खिलाड़ी को असफलता से निराश नहीं होना चाहिए और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
यह बात सांसद बस्तर महेश कश्यप ने धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता समापन समारोह को मुख्य आतिथ्य की आसंदी से सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह उम्र दिशा तय करने का है, इसलिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ें। इस संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बस्तर जिले की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ओव्हरऑल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत-हार से भी बड़ी उपलब्धि स्पर्धा में शामिल होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है और इसमें भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी बधाई के हकदार हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। यहां की प्रतिभाएं अब खेलकूद सहित हर क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित कर रहे हैं। भविष्य में और ज्यादा मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन से अपनी दक्षता सिद्ध करें।
इस अवसर पर विजयी खिलाड़ियों तथा टीमों को मैडल, ट्रॉफी तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही टीमों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं खेल प्रशिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस दौरान महापौर सफीरा साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी और शिक्षक- शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राओं के अलावा खेलप्रेमी गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डीएड अभ्यर्थियों का सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए जल सत्याग्रह, मांग पूरी नहीं होने पर दी चेतावनी
रायपुर :- छत्तीसगढ़ में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेश के बाद भी सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति नहीं देने से आक्रोशित डीएड अभ्यर्थियों ने बुधवार को तूता धरना स्थल में जल सत्याग्रह कर सरकार का ध्यान खींचा. साथ ही चेतावनी दी कि कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं होगा तो इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे।
धरना स्थल में अभ्यार्थी ओमप्रकाश ने बताया की डीएड/डिप्लोमा अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेशानुसार जल्द सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति देने की मांग को लेकर 2 अक्टूबर से तूता धरनास्थल पर हजारों संख्या में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से बातचीत की कोई पहल नहीं हुई हैं।
जल सत्याग्रह में बैठे अभ्यार्थी अविनाश साहू ने बताया डीएड की नियुक्ति का आदेश हाई कोर्ट ने 7 माह पहले दिया था, साथ ही सुप्रीम कोर्ट का आदेश आए 1 माह से अधिक हो गया है. सरकार और विभाग ने अभी तक आदेश का पालन नहीं किया है, और अब तक डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी गई है.
अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया है तो सरकार उसके आदेश का पालन क्यों नहीं कर रही है. क्या कोर्ट से बढ़कर सरकार है?. कोर्ट के आदेश का पालन नहीं कराने से अराजकता फैलेगी, सिस्टम और सरकार से लोगों का भरोसा उठ जाएगा?
जल सत्याग्रह करने वाले अभ्यार्थियों ने चेतावनी देते हुए कहा की अगर इस सांकेतिक प्रदर्शन के बाद भी सरकार और विभाग उन्हें नियुक्ति नहीं देती है तो वह पूर्ण रूप से अपने जीवन त्यागने को विवश होकर इच्छामृत्यु की मांग करेंगे।
राज्यपाल रमेन डेका से विधायक श्री यादव ने की सौजन्य मुलाकात
राज्यपाल रमेन डेका से आज यहां राजभवन में दुर्ग के विधायक गजेंद्र यादव ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी साथ ही दुर्ग में आयोजित विजयादशमी पर्व समारोह के लिए उन्हें आमंत्रण दिया।
ओ.डी.एफ. प्लस के बाद अब जिले को वाटर प्लस बनाने के अभियान में जुड़े अधिकारी - कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी
प्रथम राज्य स्तरीय जुनियर रेडक्रास मीट 2024 हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी सौंपे गये दायित्व बेहतर ढंग से संपादित करें
- विभागों के कंडम वाहनों की रायटफ हेतु करायें एम.एस.टी.सी. पंजीयन
- आयुष्मान कार्ड बनाने कार्ययोजना के साथ डोर-टू-डोर अभियान चलाये
- राष्ट्रीय परियोजनाओं के कार्य समय पर पूर्ण कराने सहयोग करें अधिकारी
- ओ.डी.एफ. प्लस के बाद अब जिले को वाटर प्लस बनाने के अभियान में जुड़े अधिकारी
दुर्ग, 08 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज अधिकारियों की बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागीय गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागों से अनुकम्पा नियुक्ति की अद्यतन जानकारी लेते हुए कहा कि शासन के मार्गदर्शी निर्देशों के तहत अधिकारी विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति हेतु आवश्यक पहल करना सुनिश्चित करें। नियुक्ति हेतु पद रिक्त नहीं होने की स्थिति में संभागायुक्त कार्यालय अथवा उच्च विभागीय कार्यालय को सूचित करें। कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा को अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में सभी विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर अवगत कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने अधिकारियों को अवगत कराया कि इंडियन रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा प्रथम राज्य स्तरीय जुनियर रेडक्रास मीट 2024 का आयोजन दुर्ग शहर के भारती विश्वविद्यालय परिसर पुलगांव में 18 से 22 अक्टूबर 2024 तक किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को विभिन्न कार्यों हेतु नोडल अधिकारियों का दायित्य सौंपा गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उक्त मीट के सफल आयोजन हेतु सभी नोडल अधिकारी सौंपे गये दायित्व का संपादन बेहतर ढंग से करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि विभागों में उपलब्ध 15 वर्ष से पुरानी शासकीय वाहनों को स्क्रैप किया जाना है। इसके लिये 15 वर्ष पुरानी शासकीय वाहनों का डाटा परिवहन विभाग के साफ्टवेयर 0.4 में उपलब्ध होना आवश्यक है। ऐसे सभी वाहनों का शासन स्तर से राइटफ होना है। उन्हांेने अधिकारियों को 15 वर्ष से पुरानी वाहनों का नीलामी हेतु एम.एस.टी.सी. पंजीयन विभागीय स्तर से कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का पेंशन प्रकरण के संबंध में कहा कि किसी भी विभाग में जिला कोषालय और संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा स्तर पर प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्हांेने पेंशन प्रकरण का निराकरण निर्धारित अवधि में करा लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने की अद्यतन प्रगति पर अंसतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को ग्रामवार एवं नगरीय निकायों वार कार्ययोजना बनाकर डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से आगामी माह तक छूटे हुए लोगों का आयुष्मान कार्ड का कार्य पूर्ण करने निर्देशित किया है। इसी प्रकार छूटे हुए राशन कार्डों का ई-केवायसी की प्रक्रिया भी पूर्ण करायी जाये। कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार की परियोजनाओं गेल, पावर ग्रिड टावर एवं भारत माला परियोजना के कार्य समय पर पूर्ण हो। उन्होंने इस हेतु संबंधित एसडीएम को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिये। ताकि राष्ट्रीय परियोजनाओं का कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने पावर ग्रिड के अधिकारी को किसानों से समन्वय बनाकर मुआवजा भुगतान राशि समय पर वितरित कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सुश्री चौधरी ने स्वास्थ्य अधिकारियों से जिले में डेंगू, मलेरिया, स्वाईन फ्लू एवं अन्य मौसमी बीमारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उक्त बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य अमले को मुस्तैद रहने तथा अधिकारियों को नगरीय निकायों एवं पंचायत क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने निर्देशित किया। कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की निराकरण के संबंध में विभागवार जानकारी ली और प्रकरणों के निराकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए निराकृत प्रकरणों को डिलीट करने फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री अन्य पत्र, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनचौपाल, पी.जी.एन., सार्थ ई-पोर्टल और पी.जी. पोर्टल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी टी.एल. तक मुख्यमंत्री जनदर्शन के लंबित प्रकरण शत-प्रतिशत् निराकृत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि ओ.डी.एफ. प्लस जिला बनाने के बाद अब दुर्ग जिले को वाटर प्लस जिला भी बनाना है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर कार्यरत् सभी विभागों के अमले का इसमें भागीदारी रहेगी। यह कार्य सभी विभागों को संचालित करना है। जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन ने जिले में वाटर प्लस अभियान के संबंध में प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
बैठक में सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरौदा के आयुक्त दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे, हरवंश सिंह मिरी एवं विजेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ एवं समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
BREAKING: इस तारीख को रहेगी छुट्टी, स्थानीय अवकाश घोषित
जगदलपुर: देवउठनी एकादशी पर्व के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर हरिस एस. द्वारा सामान्य पुस्तक परिपत्र भाग-दो के तहत 01 नवम्बर 2024 को गोवर्धन पूजा हेतु पूर्व में घोषित स्थानीय अवकाश के स्थान पर 12 नवम्बर 2024 को देवउठनी एकादशी पर्व के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। उक्त तिथि पर कोषालय एवं उप कोषालय यथावत खुले रहेंगे।
बाढ़ आपदा से बचाव हेतु एनडीआरएफ ने किया शिवनाथ नदी में मॉकड्रिल
बाढ़ आपदा से बचाव हेतु एनडीआरएफ ने किया शिवनाथ नदी में मॉकड्रिल
दुर्ग, 09 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में बाढ़ आपदा से बचाव की आवश्यक तैयारियों का जायजा लेने के लिए शिवनाथ नदी में आज मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ़) एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ़) द्वारा जिला स्तर पर उपलब्ध समस्त बाढ़ बचाव सामग्रियों का मॉकड्रिल किया गया। मॉकड्रिल में अतिवृष्टि के दौरान शिवनाथ नदी में ग्रामीण जन लकड़ी या छोटे-छोटे बोट के माध्यम से नदी पार करते समय बोट पल्टी हो जाने एवं गांव में पानी भर जाने की स्थिति में किस प्रकार से जिले में उपलब्ध मोटर बोट, स्क्यूबा डायविंग, अंडरवाटर कैमरा, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय आस्का लाइट, पेलिकन लाइट, सर्च लाइट विभिन्न प्रकार के वस्तुओं का प्रयोग कर बाढ़ बचाव कार्य का लाइव डेमो (मॉकड्रिल) का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान, एनडीआरएफ़ एवं एसडीआरएफ की टीम ने कई महत्वपूर्ण बचाव अभियानों का अभ्यास किया। इनमें नदी में डूबने वाले व्यक्तियों का बचाव, तेज बहाव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकालना शामिल था। इसके अलावा सर्पदंश की स्थिति में किस प्रकार सावधानी रखनी है तथा क्या उपाय करना है इसकी भी जानकारी दी गई। इस अभ्यास में आधुनिक बचाव उपकरणों और तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे टीम को वास्तविक आपदा के समय इन उपकरणों का सही और प्रभावी उपयोग करने का अनुभव प्राप्त हो सके। मॉकड्रिल के दौरान स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को भी शामिल किया गया, ताकि उन्हें आपदा के समय सही कदम उठाने और एनडीआरएफ़ की सहायता करने की जानकारी मिल सके।
जिले में शिवनाथ नदी के आस-पास के बहुत से गांव प्रभावित होते है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को घरों में उपलब्ध होने वाले सामग्रियों जैसे टीपा, भगोना, ड्रम, मटका, ट्यूव इत्यादि सामग्रियों का राप्ट बनाना एवं पीने वाले 1 लीटर वाटर बॉटल को ऐयर टाईट कर लाईफ जैकेट बनाकर डूबते हुये व्यक्ति को बचाया जा सकता है का डेमो टीम के जवानों और जिले के बाढ़ बचाव दल के जवानों द्वारा दिखाया गया। इस अवसर पर एडीएम अरविंद एक्का, आयुक्त नगर निगम दुर्ग लोकेश चन्द्राकर, एसडीएम दुर्ग हरवंश मिरी, संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, एसडीएम भिलाई-3 महेश राजपूत, एसडीएम भिलाई लवकेश ध्रुव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक अमित परिहार, पुलिस, स्वास्थ्य, एनडीआरएफ कटक (उड़ीसा) के एवं एसडीआरएफ के अधिकारीगण, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, नगर सेना दल एवं ग्रामीणजन उपस्थिति थे।
समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क केंद्र में काल करें
टोल फ्री नंबर 07786299028
कोण्डागांव 09 अक्तूबर 2024/ केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जाने वाले जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में संपर्क केंद्र की स्थापना की गई हैं। संपर्क केंद्र का मुख्य उद्देश्य सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना एवं आम जनता की समस्याओं को सुनना है। संपर्क केंद्र के द्वारा एक टोल फ्री नंबर 07786299028 जारी किया गया है जिस पर कोई भी व्यक्ति सुबह 10 बजे से शाम के 5ः30 बजे तक कॉल करके अपनी समस्याएं एवं मांग जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है, साथ ही इस नम्बर पर व्हाट्सएप के माध्यम से लिखित में भी अपनी समस्या एवं मांग को दर्ज करा सकते हैं। जिसे बाद में संपर्क केंद्र के माध्यम से संबंधित विभाग को भेज दी जाती हैं, जिसके बाद कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में प्राप्त मांग एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाता है।
संपर्क केंद्र के माध्यम से विभागों के अधिकारी अपने विभाग द्वारा चलाई जाने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वीडियो कॉलिंग के माध्यम से गांव के सरपंच सचिव को देते हैं ताकि सरपंच सचिव के माध्यम से वह जानकारी गांव के सभी लोगों तक पहुंच सके।
थुलथुली मुठभेड़ पर अपडेट: नक्सल कमेटी जारी कर सकती है मृतकों की सूची
दंतेवाड़ा-नारायणपुर :- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-नारायणपुर की सीमा पर बीते दिनों थुलथुली की पहाड़ियों पर सुरक्षाबल के साथ हुए मुठभेड़ में 31 नक्सलियों की मौत के बाद अब घायल 3 नक्सलियों की मरने की खबर सामने आ रही हैं। अब मुठभेड़ में मरने वाले नक्सलियों की संख्या 34 पहुंच चुकी हैं, वहीं अभी 6-7 और नक्सली घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार नहीं मिल पा रहा हैं।
आपको बता दे मुठभेड़ स्थल पर कुछ मीडियाकर्मी पहुंचे हुए थे. इसी दौरान थुलथुली और गावड़ी के ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने जंगल में नक्सलियों को अपने 3 साथियों के शवों को जलाते हुए देखा है. वहीं दूसरी ओर दंतेवाड़ा एसपी गौरव रॉय ने भी कहा है कि सोमवार को 3 नक्सलियों के शव जलाने की खबर मिली है, लेकिन वे इसकी पुष्टि अभी नहीं कर सकते. इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ स्थल पर करीब 60 नक्सलियों का जमावड़ा था. ऐसे में मारे गए नक्सलियों की संख्या शेष बचे नक्सलियों से ज्यादा हो गई थी। एक नक्सली के शव को ठिकाने लगाने के लिए कम से कम दो लोगों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में नक्सली चाहकर भी मारे गए साथियों के शवों को साथ नहीं ले पाए. जवानों के भारी पड़ने पर मौके से भाग निकलने में ही उन्होंने अपनी भलाई समझी.
मरने वालों नक्सलियों की संख्या बड़ सकती हैं
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल के साथ मुठभेड़ में 8-10 नक्सली घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की मौत हो चुकी है. वहीं जो शेष हैं, उन्हें उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है. ऐसे में इनमें से भी कुछ की मौत से इंकार नहीं किया जा सकता. यदि ऐसा होता है तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती हैं।
साथ ही एसपी गौरव रॉय के अनुसार, मुठभेड़ में दंडकारण्य कमेटी सदस्य व 5 राज्यों में मोस्ट वांटेड नक्सली लीडर कमलेश के घायल होने का अंदेशा है, क्योंकि स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य नीति उर्फ उर्मिला के साथ मौके पर उसके भी होने की चर्चा थी. संभवतः कमलेश घायल होने के बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकलने में सफल हो गया. उसके घायल होने की वजह से भी नक्सली कमजोर पड़ गए।
10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा, बढ़ाई गई एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख, जानिए अंतिम तिथि
रायपुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा 2025 हेतु परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2024 से बढ़ाकर 30 अक्टूबर 2024 तक कर दी गई है। इस अवधि के दौरान, छात्र विशेष विलम्ब शुल्क 1540 रूपए प्रति छात्र के साथ फॉर्म भर सकते हैं।
समस्त मान्यता प्राप्त संस्थाओं को निर्देश दिया गया है कि वे इस समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रविष्टि और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया को पूर्ण करें। निर्धारित समय के पश्चात पोर्टल पुनः प्रारंभ नहीं किया जाएगा।
स्वामी आत्मानंद स्कूल में भर्ती के लिए अंतरिम मेरिट लिस्ट जारी, इस तारीख तक कर सकते हैं दावा आपत्ति......
बिलासपुर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल के लिए बंपर भर्तियां होगी। आवेदन के आधार पर अब अलग-अलग पदों के लिए अंतरिम मेरिट सूची जारी कर दी गयी है। दावा आपत्ति के बाद अब 20937 आवेदकों को पात्र माना गया है। जिसके आधार पर अंतरिम मेरिट सूची मांगी गयी है। अब मेरिट सूची को लेकर 15 अक्टूबर तक दावा आपत्ति कर सकते हैं।
21 स्कूलों के लिए ये विज्ञापन जारी किया गया था। आपको बता दें कि संविदा भर्ती को लेकर समय सारिणी जारी कर दी गयी थी। जिसके तहत स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए 21 अगस्त को विज्ञापन का प्रकाशन हुआ था। 6 सितंबर तक आवेदक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते थे। सिंतबर महीने में चयन सूची जारी की जिसके बाद 26 सितंबर तक दावा आपत्ति मांगे गये। अब उसी आधार अंतरिम मेरिट सूची जारी की गयी है।स्वामी आत्मानंद के अलग-अलग स्कूलों के लिए अलग-अलग रिक्तियां जारी की गयी है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षकों के लिए अलग-अलग आवेदन की प्रक्रिया है।
BREAKING : सुबह – सुबह हादसा, छुही खदान धंसने से दो ग्रामीणों की मौत
सरगुजा : जिले के अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां छुही खदान में मिट्टी निकलने गए ग्रामीण हादसे का शिकार हो गए है। छुही खदान धसने से दो लोगों की मौत दबकर मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार दोनों ग्रामीण सुबह 6 बजे छूही मिट्टी निकालने गए थे। तभी मिट्टी निकालने के दौरान खदान धंस गई और दबने से दोनों ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। घटना कुन्नी चौकी क्षेत्र के जमदरा बिजोरा नाला के पास की है। सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाकर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
CG : कार और मोटर साइकल में हुई जबरदस्त भिडंत एक की मौत
बिलासपुर : मुंगेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेंड्री बाईपास के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। कार और मोटरसाइकल में हुई जोरदार टक्कर से मोटरसाइकल पर सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा तब हुआ जब कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में जा घुसी। कार में एक महिला और एक बच्चा भी सवार था , जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। मृत व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों ने घायल व्यक्ति को अपनी मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर तखतपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को मरचुरी भेजा। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और घटना की विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
