प्रदेश
आज से छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में नया रोस्टर लागू, अब 19 बेंच में होगी मामलों की सुनवाई
पहली डिवीजन बेंच में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा शामिल
बिलासपुर। हाई कोर्ट में आने वाले अलग-अलग मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में आज से नया रोस्टर लागू कर दिया गया है। जिसके मुताबिक अब हाई कोर्ट में 10 सिंगल बेंच, 3 डिवीजन बेंच और 6 स्पेशल बेंच में होगी मामलों की सुनवाई। इनमें पहली डिवीजन बेंच में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा शामिल है जो कि डिवीजन बेंच के सभी रिट मैटर, पल ओमान हेवियस कॉरपस पिटीशन आदि की सुनवाई करेंगे।
दूसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस गौतम भादुड़ी और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल हैं। इस बेंच में टैक्स के मामलों के अलावा डिवीजन बेंच में सुने जाने वाले कमर्शियल सिविल और कंपनी मामलों की अपील सुनी जाएगी। वहीं तीसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल शामिल हैं। इस बेंच में क्रिमिनल मैटर अपील और ट्रिब्यूनल के रिट मैटर की सुनवाई होगी।
इसी तरह हाई कोर्ट में मामलों की सुनवाई के लिए 6 स्पेशल बेंच गठित की गई है, जिसमें पहली बेंच में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा, दूसरी बेंच में जस्टिस गौतम भादुड़ी, तीसरी बेंच में जस्टिस संजय के अग्रवाल, चौथी बेंच में जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल, पांचवी बेंच में जस्टिस संजय कुमार जायसवाल और छठी बेंच में जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल शामिल है। यह बेंच दोपहर 2:15 बजे के बाद विभिन्न मामलों की सुनवाई करेगी।
इसी तरह मामलों की सुनवाई के लिए 10 सिंगल बेंच का भी गठन किया गया है। जिसमें पहली बेंच में दूसरी बेंच में जस्टिस संजय अग्रवाल, दूसरी बेंच में अरविंद सिंह चंदेल, तीसरी बेंच में जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू, चौथी बेंच में जस्टिस रजनी दुबे, पांचवी बेंच में जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास, छठी बेंच में जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी, सातवीं बेंच में जस्टिस दीपक कुमार तिवारी, आठवीं बेंच में जस्टिस सचिन सिंह राजपूत, नौवीं बेंच में जस्टिस राकेश मोहन पांडे और दसवीं बेंच में जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल का नाम शामिल है। विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई जानकारी का अवलोकन कर सकते है।
5 लाख के इनामी सक्रिय माओवादी ने किया सरेंडर, 15 से भी ज्यादा घटनाओं में था शामिल
नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत् छत्तीसगढ़ शासन की ‘‘नक्सल उन्मूलन नीति अंतर्गत विकास, विश्वास व सुरक्षा ’’ के प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर पांच लाख के इनामी नक्सली ने सरेंडर किया है। आत्मसमर्पित माओवादी विगत 17 वर्षो से माओवादी संगठन में सक्रिय रहा है। जिला नारायणपुर सहित सीमावर्ती जिला बीजापुर, कांकेर क्षेत्रो में 15 से भी ज्यादा विभिन्न माओवादी घटनाओ में सम्मिलित रहा हैं।
पुलिस अधीक्षक,नारायणपुर पुष्कर शर्मा, के नेतृत्व में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत् छत्तीसगढ़ शासन की ‘‘नक्सल उन्मूलन नीति अंतर्गत विकास, विश्वास व सुरक्षा ’’ के प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर नक्सलियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा एवं उनके शोषण, अत्याचार तथा बाहरी नक्सलियों के द्वारा भेदभाव करने तथा स्थानीय आदिवासियों पर होने वाले हिंसा से तंग आकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन के कुतूल एरिया कमेटी अंतर्गत परलकोट एलओएस कमांडर (05 लाख ईनामी छ0ग0 शासन द्वारा ) के पद पर कार्यरत जयलाल कवाची द्वारा आज 24 जनवरी 2024 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुष्कर शर्मा पुलिस अधीक्षक नारायणपुर के समक्ष बिना हथियार के आत्मसमर्पण किया गया। उल्लेखनीय है कि आत्मसमर्पित माओवादी जयलाल की पत्नि मासे भी वर्तमान में नक्सली संगठन में कुतुल एल0ओ0एस0 कमाण्डर के पद पर कार्यरत है।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी - इस बार तेलंगाना राज्य की स्पेशल फोर्स की प्लाटून भी परेड में होंगी शामिल
.jpeg)
रायपुर 24 जनवरी 2024/राजधानी रायपुर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में सुबह 9 बजे से आयोजित होगा। राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन मुख्य समारोह स्थल में ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। आज पुलिस परेड ग्राउण्ड में फूल डेªस फायनल रिहर्सल हुई। इस अवसर पर डीजीपी श्री अशोक जुनेजा, कलेक्टर श्री गौरव कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत अग्रवाल के साथ सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इसमें 09 सशक्त सुरक्षा बल, नगर सेना पुलिस एवं महिला, एनसीसी गर्ल्स एवं बॉय्ज, घुड़सवार बल, बैंण्ड प्लाटून पुलिस और महिला बैग पाईपर बैंड दस्ता शामिल हैं। इस बार तेलंगाना पुलिस का प्लाटून विशेष रूप से शामिल हैं। संपूर्ण परेड आयोजन के प्रभारी-श्री विवेकानंद सिन्हा हैं।
रिहर्सल में आकर्षक मार्च-पास्ट के साथ पदक अलंकरण समारोह और अन्य कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियों को परखा गया। राज्यपाल के सुरक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार ने रिहर्सल में राज्यपाल की भूमिका निभाकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार समारोह की गतिविधियां संचालित की गई। आकर्षक परेड के साथ सशस्त्र बलों की टुकड़ियो द्वारा रिहर्सल में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सलामी दी गई।
रिहर्सल में परेड कमाण्डर श्री अक्षय साबद्रा परीवक्षाधीन आईपीएस के नेतृत्व में, सुरक्षा बलों की 18 प्लाटूनों के साथ बैंड प्लाटून ने भी कदम से कदम मिलाकर गणतंत्र के महोत्सव में मार्च-पास्ट किया। कार्यक्रम में तीन स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक कला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का की अभ्यास प्रस्तुति दी गई।
गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल के हाथों सम्मानित होंगे पुलिस के अधिकारी-जवान
गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य समारोह में राज्य के पुलिस अधिकारियों-जवानों को विभिन्न पदकों और पुरुस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में नक्सलियों के विरूद्ध अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति का ‘पुलिस वीरता पदक‘ से अलंकृत किया जाएगा। समारोह में उत्कृष्ट सेवा लिए राष्ट्रपति का ‘विशिष्ट सेवा पदक‘ से भी पुलिस अधिकारियों और जावानों को सम्मानित किया जाएगा। आपदा राहत एवं बचाव कार्य में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सैनिकों को नागरिक सुरक्षा पदक से अलंकृत किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर इस बार स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे साथ ही शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित झाकियों का भी प्रदर्शन होगा। चार बच्चों राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिसमें अरनव सिंह अंबिकापुर जिला सरगुजा, ओम उपाध्याय भिलाई जिला-दुर्ग, प्रेमचन्द्र साहु अभनपुर जिला-रायपुर और लोकेश कुमार साहु अभनपुर जिला-रायपुर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में महानदी भवन ( मंत्रालय) में कैबिनेट की बैठक शुरू....
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में महानदी भवन ( मंत्रालय) में कैबिनेट की बैठक शुरू
धान खरीदी की तिथि 1 मार्च तक बढ़ाई जाय -दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि 1 मार्च तक धान खरीदी की जाये ताकि लक्ष्य की प्राप्ति हो तथा सभी किसान अपना धान बेच सके। अभी भी 5 लाख से अधिक किसान धान बेच नहीं पाये है, वहीं 21 क्विंटल के हिसाब से पूर्व में 20 क्विंटल धान बेच चुके किसानों से प्रति एकड़ 1 क्विंटल अतिरिक्त धान की खरीदी की जानी है। इस वर्ष क़े लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 135 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया था, तब प्रति एकड़ 20 क्विंटल की खरीदी तय हुआ था, वर्तमान में ज़ब प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी क़े आदेश जारी हो गए है तो लक्ष्य भी बढ़ेगा कम से कम 150 लाख मीट्रिक टन खरीदी पहुंचेगी। इसलिये एक महीने धान की खरीदी बढ़ाई जाये।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि किसान धान खरीदी केन्द्रों में अपना धान बेचने पहुंच रहे है लेकिन उन्हें वादानुसार धान की क़ीमत 3100 रु. प्रति क्विंटल नहीं मिल रहा है। लगभग 5 लाख से अधिक किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। अनेकों धान खरीदी केंद्रों में टोकन और तौलाई के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही है। भाजपा सरकार की अवस्था और दुर्भावना के चलते ही किसान तकलीफ़ पा रहे हैं। साय सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय लक्ष्य घटाकर किसानों के हक का गला घोट रहे हैं। किसानों को समर्थन मूल्य 2183 रू. की ही भुगतान हो रहा है। किसानों को 3100 रु. की क़ीमत कैसे और कब मिलेगी?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार क़े द्वारा विधानसभा में पेश किये गए अनुपूरक बजट में भी धान खरीदी क़े लिए कोई वित्तीय व्यवस्था नहीं है इससे और ज्यादा किसानों की चिंता बढ़ गयी है। कांग्रेस मांग करती है कि प्राथमिकता क़े आधार पर धान की क़ीमत 3100 रु. एक मुश्त भुगतान का निर्णय लेकर क्रियान्वित करवाया जाय ताकि किसानों को उनकी फ़सल की पूरी क़ीमत मिल पाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही प्रदेश में टोकन जारी करने की व्यवस्था से लेकर तौलाई और संग्रहण केंद्रों से धान का उठाव भी धीमा हो गया है। किसानों का शोषण और किसान विरोधी षड्यंत्र ही भाजपा का मूल चरित्र है। पूर्ववर्ती सरकार ने खरीफ सीजन 2023-24 के लिए 20 क्विटंल प्रति एकड़ की दर से खरीदी करने के लिए कुल लक्ष्य 135 से 140 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया था। विष्णुदेव सरकार ने एक तरफ तो 21 क्विटंल प्रति एकड़ खरीदी का आदेश जारी किया लेकिन दुर्भावना पूर्वक कुल धान खरीदी का लक्ष्य घटाकर 130 लाख मीट्रिक टन कर दिया। किसानों से धान की कम खरीदी करने के लिए ही षडयंत्र पूर्वक टोकन जारी करने में कोताही बरती जा रही है। तौलाई की रफ्तार भी दुर्भावना पूर्वक घटा दी गई है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से 32.99 लाख़ हेक्टेयर पंजीकृत रकबा पर 170 लाख़ मिट्रिक टन का संशोधित लक्ष्य तय करे साय सरकार।
प्रत्येक बालिका के लिए समानता और सम्मान सरकार का लक्ष्य : माथुर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और वन मंत्री केदार कश्यप एक साथ बुधवार को पुलिस परेड ग्राउंड पहुँचने पर अच्छा दृश्य देखने को मिला। श्री माथुर, उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा, मंत्री द्वय श्री चौधरी व श्री कश्यप सुकमा प्रवास पर जाने के लिए हेलीपेड पहुँचे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर पर सवार होने के लिए जाते समय उन्होंने गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल देते हुए स्कूली बच्चों को देखा तो स्वयं को रोक नही पाए और सभी भाजपा नेता बच्चों के बीच जा पहुंचे। बच्चे उन्हें अपने बीच पाकर प्रफुल्लित हो उठे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री माथुर ने इस मौके पर अपने एक संदेश में कहा कि यह दिन लड़कियों के सामने आने वाली असमानताओं को खत्म कर समाज में जागरूकता पैदा करने और शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और पोषण में समान अवसरों की वकालत करने पर केंद्रित है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के माध्यम से सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बालिका के लिए समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर जोर देना है। प्रदेश प्रभारी श्री माथुर एवं उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा मंत्री श्री कश्यप श्री चौधरी ने रिहर्सल कर रहे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि आप लोग बहुत अच्छा कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आप सबकी सहभागिता से जीवन में परस्पर सहयोग व समन्वय, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन के भाव तो विकसित होंगे ही, 'राष्ट्र प्रथम' को केंद्र में रखकर हम राष्ट्र के समूचे परिवेश में एकता, सद्भावना और समरसता की भाव-धारा से भी जुड़ेंगे। आप हमारे देश और प्रदेश के गौरव हैं। इस दौरान रिहर्सल करती बालिकाओं से मिलकर श्री माथुर व मंत्रियों ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई भी दी। श्री माथुर व मंत्रियों ने बच्चों के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए जिसमें बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ उनका साथ देते हुए गगनभेदी जयघोष किया। भाजपा नेताओं ने बच्चों के साथ ग्रुप फ़ोटो भी खिंचवाया।
छत्तीसगढ़ - रिश्तों का कत्लः छोटे भाई की मार से बड़े भाई की मौत,आख़िर क्या थी वजह
गरियाबंद – जिले के पिपरछेडी थाना क्षेत्र में बीती रात छोटे भाई की मार से बड़े भाई की मौत हो गई। दोनों के बीच धान बेचने के बाद मिले रकम को लेकर विवाद की होने की बात सामने आ रही है। मामले में बड़े भाई के पत्नी के रिपोर्ट के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल लाया गया हैं।
जानकारी के मुताबिक पिपरछेडी थाना क्षेत्र के ग्राम बीजापुर के रहने वाले जुझार सिंग सोरी और देविंग सिंग दोनो भाइयों के बीच मंगलवार दोपहर धान बेचने के बाद मिले पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। आवेश में आकर छोटे भाई लकड़ी के बल्ली से बड़े भाई की पिटाई कर दी। विवाद के कुछ देर बाद बड़ा भाई जुझार सिंग सोरी अपने पत्नी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) के पास आंगनबाड़ी पहुंचा। सारी घटना की आप बीती बताई और थाने जाकर रिपोर्ट लिखने बात कही। लेकिन इसी बीच जुझार सिंग बेहोश होकर गिर गया। उसे पत्नी अन्य सहयोगी के मदद से घर ले गई। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
इधर, पति के मौत के बाद पत्नी रूखमणी बाई सीधे पिपरछेडी थाना पहुंची और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीपरछेडी थाना प्रभारी संतोष साहू ने बताया कि मृतक के शरीर में चोट के निशान है। मृतक के पत्नी के बयान के आधार मामले की जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गरियाबंद ज़िला अस्पताल भेजा भेजा गया है।
मां ने नवजात को चूहों के बिल में छोड़ा, लोगों ने बचाई जान, जानें क्या है मामला
बस्तर। जिले के एक गांव में नवजात बच्ची चुहे के बिल के पास मिली। बच्ची की मां ने ही उसे चूहे के बिल में डाला था। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्ची को बाहर निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक तोकापाल गांव की रहने वाली एक युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। 22 जनवरी की आधी रात उसने बच्ची को जन्म दिया। जिसके बाद उसने इसकी जानकारी प्रेमी को दी। युवक ने प्रेमिका और बच्ची को अपनाने से मना कर दिया। अगले दिन 23 जनवरी को युवती ने नवजात को गांव में ही नीलगिरी के पेड़ के पास चूहों के बिल में पाट दिया।
मंगलवार को सरपंच पति मनीष बेंजाम नीलगिरी के जंगल की ओर गए तो उन्होंने बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। तब उन्होंने बच्चे को चूहे के बिल से निकालकर एंबुलेंस को बुलाया। मामले की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची 108 संजीवनी एक्सप्रेस से बच्ची को फौरन गांव के अस्पताल लाया गया। फिर उसे बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बच्ची की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
धान उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज, धान खरीदी में गड़बड़ी का मामला
बलरामपुर। जिले के धान उपार्जन केंद्र डोंगरो के समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। धान खरीदी के गड़बड़ी के आरोप में दोनों के खिलाफ चलगली थाना में शिकायत दर्ज किया गया है। मामले की पुलिस विवेचना करने में जुट गई है।
धान उपार्जन केंद्र डोंगरो खरीदी वर्ष 2023-24 में धान खरीदी केंद्र में भौतिक सत्यापन खाद्य अधिकारी खाद निरीक्षक के द्वारा संयुक्त रूप से दिनांक 20 जनवरी 2024 को किया गया। जिसमें समिति में नया बरदाना की कुल संख्या 7182 नग बोरी धान और पुराने बरदाने में 4956 बोरी धान एवं 8857 बोरी नग बोरी धान है। इस प्रकार भौतिक सत्यापन में समिति प्रांगण में भौतिक रूप से कुल 20995 नाग बोरी धान पाया गया। जबकि मॉड्यूलर रिपोर्ट के अनुसार कल 24694 नग बोरी धन समिति प्रांगण में उपलब्ध होना चाहिए था। जहां मिलान करने पर 3699 बोरी अनुमानित वर्जन 1469.60 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र में काम पाया गया। जिसे शासन के घोषित समर्थन में मूल्य 32 लाख 29 हजार 966 रुपये होता है।
जिला खाद्य अधिकारी ने इसकी शिकायत चलगली थाना में की थी जिला खाद्य अधिकारी के शिकायत के आधार पर थाना चलगली समिति प्रबंधक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के विरुद्ध 408, 420 सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
शहरों में विकास और सुविधाएं बढ़ाने प्रतिबद्धता के साथ काम करें अधिकारी – अरुण साव
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं तथा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अभियंता को अपने-अपने निकायों में विकास और सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और अभियंताओं को अपने मुख्यालय में ही निवास करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने सभी निर्माण कार्यों और निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने काम में विलंब और लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने और नियमानुसार ब्लैक-लिस्ट करने की कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन टीम के साथ वार्डों का दौरा कर निर्माण और सफाई कार्यों के निरीक्षण के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर के सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अधोसंरचना विकास, राज्य एवं केंद्र प्रवर्तित तथा 15वें वित्त आयोग की राशि से निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इन नगरीय निकायों में आय-व्यय की स्थिति, कर संग्रहण की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति, साफ-सफाई की व्यवस्था और वेतन भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस., संचालक श्री कुंदन कुमार, सूडा (SUDA) के सीईओ श्री सौमिल रंजन चौबे, नगरीय प्रशासन विभाग के मुख्य अभियंता और सभी संभागों के संयुक्त संचालक भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को विकास कार्यों में आ रही समस्याओं का निराकरण तत्परता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से रुकावटों को दूर कर कार्यों को तेजी से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने भवन निर्माण और सीसी रोड में निर्माण और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचकर अच्छी गुणवत्ता का कार्य सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री साव ने निर्माण और सफाई कार्यों का मौके पर नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नामांकित कर हर सप्ताह तीन दिन निकाय के अधिकारियों की टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ सफाई और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों और सड़कों की साफ-सफाई की पुख्ता मॉनिटरिंग करते हुए वार्डों में अच्छी स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा।
श्री साव ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को संपत्ति कर के साथ ही अन्य करों की वसूली की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने आगामी अप्रैल माह से इसके लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर नजर रखने के साथ ही ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्यवाही करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में प्रगतिरत सभी कार्यों को अप्रैल माह से पहले पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इनके निर्माण से गरीबों को आवास मिलने के साथ ही शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित भी होगा। श्री साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अच्छे कार्य के लिए गोबरा-नवापारा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री संतोष कुमार विश्वकर्मा की पीठ थपथपाई और अन्य नगरीय निकायों को उनका अनुसरण करने को कहा। वहां योजना के तहत स्वीकृत 1435 आवासों में से 1270 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है जो कि स्वीकृत आवासों का 89 प्रतिशत है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगरीय निकायों में भविष्य की जरूरतों और लोगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को काम सौंपकर भूलना नहीं है। उन कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखकर उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराना है। उन्होंने उद्यानों और तालाबों के सौंदर्यीकरण के साथ ही इन्हें आमोद-प्रमोद स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अच्छा रखरखाव सुनिश्चित करते हुए इन जगहों को जीवंत और उपयोगी बनाने को कहा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने समीक्षा बैठक में कहा कि निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता की शिकायत नहीं आना चाहिए। मैदानी स्तर पर पूरी तैयारी होने के बाद ही नए कार्यों के प्रस्ताव विभाग को भेजें ताकि स्वीकृति मिलते ही तत्काल कार्यारंभ किया जा सके। उन्होंने संपत्ति कर के बड़े बकायादारों को चिन्हित कर हर बुधवार को इसकी वसूली के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगरीय निकायों में सड़कों, नालियों और चौक-चौराहों में अच्छी सफाई रखने को कहा। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा रहने से वहां आने वाले लोगों में शहर की अच्छी छबि बनती है। उन्होंने सड़कों पर इधर-उधर घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर कांजीहाउस में रखने को कहा। उन्होंने सूखा एवं गीला कचरा को घर पर ही अलग-अलग एकत्र करने के बारे में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बागेश्वर बाबा के हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार में शामिल होकर लिया भक्ति रस का आनंद
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के कोटा गुढ़ियारी में आयोजित बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर और कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार में शामिल होकर भक्ति रस का आनंद लिया। उन्होंने बागेश्वर बाबा से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पावन अवसर पर श्री रामायण की आरती में भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन बहुत मंगलमय है, हम सभी को बाबा बागेश्वर का दिव्य प्रवचन सुनने को मिल रहा है। कल 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है और यह हम सब छत्तीसगढ़ वासियों के लिए बहुत खुशी की बात है कि श्री रामलला को धान का कटोरा कहे जाने वाले और प्रभु राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ से भेजे गए चावल से भोग लगाया गया है। हमारे छत्तीसगढ़ से चावल, सब्जी के साथ ही डॉक्टर और नर्सों की टीम अयोध्या भेजी गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की ओर से अयोध्या में अभी दो महीने तक भंडारा चलाया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या भेजा जायगा। इसे सुनकर बाबा बागेश्वर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस योजना की सराहना की।
बागेश्वर बाबा ने छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा राजिम में कुंभ के स्वरूप में राजिम मेला को आयोजित करने संबंधी प्रयासों के लिए भी प्रसन्नता जाहिर की। श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार में बह रही भक्ति धारा का रसपान करने श्रद्धालुगण की भीड़ बड़ी संख्या में जुटी हुई थी।
शर्मनाक : मासूम बच्ची की मौत पर पुलिस ने पीड़ित को डराकर वसूले पैसे,मामला सामने आया तो SP ने तत्काल किया सस्पेंड….
बलरामपुर । बलरामपुर जिला में खाकी को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां एक बीमार नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने परिवार वालों को डरा धमकाकर 9 हजार रूपये की रिश्वत वसूल लिया। बताया जा रहा है कि बच्ची की मौत हार्ट अटैक से हुई थी, बावजूद इसके पुलिस बच्ची की मां को ही मौत का जिम्मेदार बताकर 20 हजार रूपये की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी के बाद एसपी लाल उमेंद सिंह ने दोषी एएसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मानवता को शर्मसार करने वाला ये मामला बलरामपुर जिला क रघुनाथ नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बेतो में संतोष कुशवाहा का परिवार निवास करता है। संतोष की दो माह की नवजात बच्ची का नवंबर 2023 में अचानक तबियत खराब हो गया था। बच्ची को उपचार के लिए परिजनों ने सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। उपचार के दौरान बच्ची की मौत की सूचना सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें बच्ची की मौत हार्ट अटैक से होने की रिपोर्ट दी गयी थी। पीएम रिपोर्ट और केस डायरी कोअग्रिम जांच के लिए वाड्रफनगर से रघुनाथनगर थाने भेजा गया था।
यहां पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद भी रघुनाथनगर थाने के एएसआइ जुबलिन कुजूर को नियत बदल गयी। उसने थाने में पदस्थ नगर सैनिक आशुतोष उपाध्याय के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नगर सैनिक पीड़ित संतोष के घर पहुंच गया। उसने मां को ही बच्चे की मौत का जिम्मेदार बताते हुए डराया जाने लगा। मामला खत्म करने के लिए 20 हजार रूपये की मांग की गयी थी। रुपये नहीं देने पर संतोष की पत्नी पर कानूनी कार्रवाई करने का भय दिखाया गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने पैसे देने से जब मना किया तब नगर सैनिक जांच अधिकारी एएसआई जुबलिन कुजूर को लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंच गया। साथ ही थाने में बुलाकर दोबारा 20 हजार रुपए की मांग की गई। इसके बाद संतोष के पिता ने 20 जनवरी को पहली किस्त के रूप में 9 हजार रुपये दिए थे।
इसके बाद बचे हुए 11 हजार रुपये अगले दिन देने की तैयारी थी। जिसके बाद ही उन्हें थाने से जाने दिया गया। पुलिस की इस शर्मनाक करतूत की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया में वायरल हो गयी। एसपी लाल उमेंद सिंह ने तत्काल इस प्रकरण में संज्ञान लेकर जांच का आदेश दिया गया। उधर मामले का खुलासा होने पर एएसआई रिश्वत की रकम पीड़ित संतोष के पिता को वापस कर करने पहुंच गया। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर एसपी डाॅ.लाल उमेद सिंह ने एएसआइ जुबलिन कुजूर को निलंबित कर दिया है। बलरामपुर के एडिशनल एसपी चंद्रेश सिंह ठाकुर ने बताया कि मीडिया में सामने आई खबरों के आधार पर एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ष्टिबाधित बच्चों को महाभोग का किया वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को लड्डूओं से तौला गया
अयोध्या धाम में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से उनके ननिहाल में भी उत्सव का माहौल है। मकर संक्रांति से जो उत्सव शुरू हुआ है वो प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक दिन तक रहा। यह बात मुख्यमंत्री ने आज श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर राजधानी रायपुर के आकाशवाणी चौक में आयोजित महाभोग एवं प्रसादी कार्यक्रम में कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यहां स्थित माँ महाकाली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने माँ काली की आरती कर उन्हें लड्डुओं का भोग अर्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री साय को लड्डुओं से तौला गया। मुख्यमंत्री ने नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड स्कूल के दृष्टिबाधित बच्चों को महाभोग का वितरण किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी के लिए कल का दिन ऐतिहासिक था। अयोध्या धाम में छत्तीसगढ़ के भांजे प्रभु श्री रामलला टेंट से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हुए। उन्होंने कहा कि रामायण में माता शबरी का भी जिक्र आता है और उनका आश्रम शिवरीनारायण में है। माता शबरी वनवासी थीं और उन्होंने वर्षों प्रभु का इंतजार किया। उनकी तपस्या का परिणाम था कि भगवान स्वयं उनके पास आए थे और शिवरीनारायण की पावन धरा पर ही माता शबरी ने उन्हें बेर खिलाए। श्री साय ने कहा कि इसी तरह भक्तों की लंबी प्रतीक्षा के बाद उनके आराध्य की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर आया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवयुवक मंडल के तत्वावधान में रामभक्त चिट्ठियों के माध्यम से प्रभु के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इन चिट्ठियों को एकत्रित कर अयोध्या धाम ले जाया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रभु श्री रामलला दर्शन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि ननिहाल वासियों को सरकारी खर्चे पर प्रभु की जन्मभूमि अयोध्याधाम का दर्शन कराया जाएगा।
गणतंत्र दिवस समारोह का फाइनल रिहर्सल 24 को
जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के पदोन्नति एवं नवीन पदस्थापना
मंत्री श्री बघेल ने रामायण मानस गायन मण्डली को किया सम्मानित
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रीदयालदास बघेल विगत दिवस बेमेतरा जिला मुख्यालय के राम मंदिर में दीपदान, गंगा आरती और रामायण मानस गायन में शामिल हुए। जिला प्रशासन द्वारा कलाजत्था के माध्यम से सभी विकासखण्डों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। श्री बघेल ने भक्तिमय गाने का आनंद लिया। उन्होंने कार्यक्रम में पंजीकृत त्रिवेणी संगम मानस मण्डली पिकरी एवं जय मां शीतला मानस मण्डली भिलौरी को 5-5 हजार रूपए प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय सहित विकासखंड और ग्राम पंचायतों में नागरिकों के लिए एलईडी टी.व्ही. व प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था कराई गई थी। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
