प्रदेश

छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया, मैं यहां पहले भी आ चुकी हूं, ये जगह नई नहीं है मेरे लिए : राष्‍ट्रपति

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के दौरे पर आई राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यहां शांति सरोवर मे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्‍होंने अपने भाषण की शुरुआत ‘जय जोहार’ से की। उन्‍होंने कहा कि मैं यहां पहले भी आ चुकी हूं, ये जगह मेरे लिए नई नहीं है. मुझे फिर से यहां बुलाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। एक कहावत बहुत प्रसिद्ध है कि ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’। राष्‍ट्रपति मुर्मू ने ब्रह्मकुमारी परिवार के काम की सराहना करते हुए कहा कि पूरी मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मकुमारी परिवार बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। मैं इसके लिए बधाई देती हूं। सकारात्मक परिवर्तन को लेकर ओडिशा में यह कार्यक्रम शुरू हुआ है और मैं आज यहाँ आप सभी के बीच में भी हूं। उन्‍होंने कहा कि मैं यहाँ पहले ही आ चुकी हूँ। फिर से बुलाने के लिए आप सभी को धन्यवाद। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। राष्‍ट्रपति ने कहा कि एक ओर हमारा देश नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, चांद पर तिरंगा लहरा रहा है या विश्वस्तर खेल में कीर्तिमान रच रहा है। हमारे देशवासी अनेक नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। दूसरी ओर एक अत्यंत गम्भीर विषय है कुछ दिन पहले नीट की तैयारी कर रहे दो विद्यार्थियों ने अपने जीवन, अपने सपनों अपने भविष्य का अंत कर दिया। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए बल्कि हमें प्रतिस्पर्धा को सकारात्मक रूप से लेना चाहिए हार-जीत तो होती रहती है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि बच्चों का कांपिटिशन का प्रेशर है जितना जरूरी उनका करियर है। उतना ही जरूरी है कि वे जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें। मुझे लगता है कि इस पाजिटिव थीम की सहायता से हम उन बच्चों की मदद कर सकते हैं जो बच्चे आधी-अधूरी जिंदगी जी कर चले जाते हैं। हर बच्चे में अपनी विशिष्ट प्रतिभा है। अपनी रुचि को जानकर इस दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्‍होंने कहा कि यह युग साइंटिफिक युग है। अभी के बच्चे बहुत शार्प माइंड के होते हैं। थोड़ा धैर्य कम होता है। हमारे ब्रह्मकुमारी परिवार के सदस्य कई बरसों से इस दिशा में काम कर रहे हैं। मेरी आध्यात्मिक यात्रा में भी ब्रह्मकुमारी संस्था ने मेरा बहुत साथ दिया है। जब मेरे जीवन में कठिनाई थी तब मैं उनके पास जाती थी। उनका रास्ता कठिन है पर कष्ट सहने से ही कृष्ण मिलते हैं इसलिए धैर्य का जीवन जीना चाहिए। कष्ट सहकर ही हम सफलता हासिल कर सकते हैं। ब्रह्मकुमारी का रास्ता मुझे बहुत अच्छा लगा। आप सहजता से काम करते हुए आप अपनी जिंदगी को बेहतर तरीके से जी सकते हैं। जिंदगी जीने की कला वो सिखाते हैं। आत्मविश्वास ही ऐसी पूंजी है जिससे हम अपना रास्ता ढूँढ सकते हैं। हम सभी टेक्नालाजी के युग में जी रहे हैं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि बच्चे आर्टिफिशियल इंजीनियरिंग की बात कर रहे हैं लेकिन यह भी जरूरी है कि दिन का कुछ समय मोबाइल से दूर रहकर भी बिताएं। साइंस और टेक्नालाजी के साथ आध्यात्मिकता को भी जोड़े तो जीवन आसान हो जाएगा। जिंदगी को कैसे सफलता से जीये, किस तरह सुख से जीवन जिये, इसका रास्ता बहुत सरल है। हम केवल एक शरीर नहीं हैं। हम एक आत्मा हैं। परम पिता परमात्मा का अभिन्न अंग है। धैर्य सुख का रास्ता है। यह कठिन है लेकिन अभ्यास से यह रास्ता भी सहज हो जाता है। मैं सभी से कहना चाहती हूं कि अपनी रुचि के साथ सकारात्मक कार्य करते रहिये। ऐसे लोगों के साथ रहिये जो आपको सही रास्ता दिखा सके। राष्‍ट्रपति ने कहा कि ब्रह्मकुमारी में सब लोग भारत में ही नहीं दुनिया भर में शांति के लिए कार्य कर रहे हैं। सब शांति के विस्तार के लिए प्रयास कर रहे हैं। प्रबल शक्ति से किये गये कार्य से सफलता मिलती है। ये दुनिया को बेहतर बनाने में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में आपने जो काम आरंभ किया है मैं उसके लिए आपको बधाई देती हूँ। स्वर्णिम युग का स्वप्न जो हम देख रहे हैं रामराज्य के लिए हमें राम बनना होगा, सीता बनना होगा। रीरिक और मानसिक तत्व के लिए ये बहुत जरूरी है। यह केवल ब्रम्हकुमारी में सिखाया जाता है। सकारात्मक सोच से दुनिया की किसी भी चुनौती का कर सकते हैं सामना: राज्यपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने कहा कि आपके बीच उपस्थित होकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज की बैठक का विषय ‘सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष’ आज की दुनिया में बहुत उपयुक्त है। मैं कहना चाहूंगा कि सकारात्मक परिवर्तन का मतलब ऐसे परिवर्तन से है जिसका लाभ व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र को हो। उन्‍होंने कहा कि जब कोई समाज सकारात्मक बदलाव को अपनाता है तब वह और अधिक मजबूत हो जाता है। हम सभी जानते हैं कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है। जो रूढ़िवादी और परंपरावादी समाज अपनी मान्यताओं और परंपराओं को बदलना नहीं चाहता वह मुख्यधारा से कट जाता है। राज्‍यपाल ने कहा कि समय और आवश्यकता के अनुसार समाज में परिवर्तन आवश्यक हो जाता है। जब तूफ़ान चलता है तो वही पेड़ सुरक्षित रहता है जो झुकना जानता है। इसलिए हमें परिस्थितियों के अनुसार ढलना चाहिए। वर्तमान समय में हम सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहे हैं। सरकार भी समाज की भलाई के लिए काम कर रही है। देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ का नारा उठाया गया है। मकसद है कि देश में हर चीज तैयार हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी ‘आत्मनिर्भर भारत’ की वकालत करते हैं। राज्‍यपाल हरिचंदन ने कहा कि मैंने देखा है कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में दूसरों को बदलने के बजाय स्वयं परिवर्तन पर जोर दिया जाता है जो सराहनीय है। मुझे लगता है कि आपकी संस्था आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के कार्य में सकारात्मक भूमिका निभा सकती है। यह संस्था नशा मुक्ति कार्यक्रम के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था बस्तर जैसे सुदूर इलाकों में आदिवासियों को दिव्य ज्ञान और राजयोग की शिक्षा देकर व्यसनमुक्त बनाने का सराहनीय कार्य कर रही है। मैंने देखा है कि अध्यात्म, योग आदि की शिक्षा देकर अच्छे संस्कार पैदा किये जा सकते हैं। सकारात्मक सोच अपनाकर हम दुनिया की किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं। मेरी कामना है कि सकारात्मक परिवर्तन का यह वर्ष आप सभी के जीवन में सुखद बदलावों का साक्षी बने और समाज खुशहाल रहे तथा हमारा देश हर तरह से समृद्ध हो।
और पढ़ें ...

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- ऐसा लगा जैसे कोई अपना, अपने ही घर आया

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ब्रम्हकुमारी सेवा सरोवर में आयोजित सकारात्मक परिवर्तन वर्ष 2023 के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा राष्ट्रपति जी का आगमन छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बहुत गौरव का क्षण है। उनकी इस यात्रा के लिए मैं छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से आपको बहुत धन्यवाद देता हूं। आज राष्ट्रपति, पूरे देश की मुखिया के आगमन से हम छत्तीसगढ़ के लोग विशेष आत्मीयता का अनुभव कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कोई अपना, अपने ही घर आया है। यह प्रदेश एक आदिवासी प्रदेश है, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोग भी बहुत बड़ी संख्या में यहां निवास करते हैं। यह प्रदेश किसानों का प्रदेश है, यह वंचितों का प्रदेश है। सभी वंचितों को न्याय मिले, यह संविधान की भावना है। आप संविधान की रक्षक हैं, आपके आगमन से छत्तीसगढ़ के लोग बहुत सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बहुत लंबी सीमा ओडिशा से लगती है, इसलिए उत्कल संस्कृति के साथ हमारी सबसे अधिक साझेदारी है। हमारा रहन-सहन, खान-पान, आचार-विचार सबकुछ एक जैसा है। यहां तक की हमारा संघर्ष भी ओडिशा के वंचितों के संघर्ष जैसा ही है। यह बड़ा ही शुभअवसर है। रक्षाबंधन का समय है। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सकारात्मक परिवर्तन वर्ष का आज शुभारंभ भी हो रहा है। सामाजिक और आध्यात्मिक परिवर्तन की दिशा में इस संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों में यथासंभव भागीदार बनने के लिए प्रयत्नशील रहता हूं। छत्तीसगढ़ प्रदेश की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का आध्यात्मिक मार्गदर्शन हमें मिलता रहा है। मैं इसके लिए इस मंच से आभार व्यक्त करता हूं।
और पढ़ें ...

BREAKING : रक्षाबंधन मनाने घर आया था पुलिस का जवान, नक्सलियों ने कर दी हत्या

बीजापुर।  जिले से बड़ी खबर सामने आई है. रक्षाबंधन मनाने घर आये पुलिस जवान की नक्सलियों ने अपहरण कर हत्या कर दी है. हत्या के बाद नक्सलियों ने शव को गांव के समीप फेंका दिया है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. ये घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के दुआली पारा की है। जानकारी के अनुसार, गंगालूर थाना क्षेत्र के दुआली पारा में पुलिस जवान की अपहरण कर नक्सलियों ने हत्या कर दी है. मृतक जवान का नाम बुधराम अवलम है जो तोयनार थाना में पदस्थ था. मामले में एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि सूचना मिली है, मृतक सहायक आरक्षक है. तस्दीक के लिए बल को मौके के लिए रवाना होने के निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत डुवालीपारा में माओवादियों ने की तोयनार में पदस्थ सहायक आरक्षक बुधराम अवलम की हत्या कर दी है. बुधराम अवलम अवकाश पर अपने गृह ग्राम जांगला गया था. 30 अगस्त को जवान अपने भतीजे को मोटरसाइकिल से गंगालूर डुवालीपारा छोड़ने गया था. जहां डुवालीपारा में कुछ माओवादियों ने उसका अपहरण कर लिया और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. पुलिस बल घटनास्थल जाकर शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पोस्ट मार्टम के लिए गंगालूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की तैयारी कर रही है।
और पढ़ें ...

दल्ली प्लांट में मालगाड़ी पर गिरा कन्वेयर बेल्ट, 2 बोगियां क्षितग्रस्त, टल गया बड़ा हादसा

बालोद। दल्ली लौह अयस्क प्लांट में एक बार फिर अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्लांट में लौह अयस्क को मालगाड़ी तक पहुंचाने के लिए लगाए गए कन्वेयर बेल्ट की साफ-सफाई में लापरवाही के कारण कन्वेयर बेल्ट जर्जर होकर टूट गया। भारी भरकम कन्वेयर बेल्ट के मालगाड़ी पर गिरने से दो बोगियां क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि इस हादसे के दौरान आसपास कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था लिहाजा एक बड़ा हादसा टल गया। दल्ली माइंस में कन्वेयर बेल्ट 16 और 17 अधिक भार होने पर धराशायी हो गया। जिससे नीचे पटरी पर खड़ी मालगाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल प्लांट में उत्पादन ठप है। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र का ह।. दल्ली प्लांट में रेलवे ट्रैक के ऊपर से जाने वाला कन्वेयर बेल्ट 16 और 17 अचानक टूट गया जो वहां खड़ी मालगाड़ी पर गिर गया। हादसे में मालगाड़ी की 2 बोगियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि घटना के वक्त वहां पर कोई व्यक्ति नहीं खड़ा था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई है। धमाके जैसी आवाज से प्लांट में काम कर रहे कर्मचारी घबरा गए।दल्ली प्लांट का उत्पादन पूरी तरह से बंद हो चुका है। घटना की वजह कन्वेयर बेल्ट का जर्जर होना बताया जा रहा है। स्पीलेज मटेरियल का अधिक भार होना भी हादसे की वजह हो सकती है। कन्वेयर बेल्ट के आस पास में स्पिलेज मटेरियल का जमाव ज्यादा हो गया था। जिन्हें की लंबे समय से साफ नहीं किया गया था। जिसकी वजह से पुराना और जर्जर हो चुका बेल्ट ऊपर कई टन माल जमा का भार नहीं सह पाया और यह हिस्सा टूटकर गिर गया. नीचे मालगाड़ी रखा हुआ था, जो उसके चपेट में आ गया।
और पढ़ें ...

राखी का त्यौहार मानाने गांव आये जवान की नक्सलियों ने की हत्या : सर्चिंग में जुटी पुलिस

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक जवान का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। जवान राखी मानाने के लिए छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, जवान का नाम बुधराम अवलम है, जो नक्सल प्रभावित जांगला गांव का रहने वाला था। वह जिले के तोयनार थाने में पदस्थ था। 30 अगस्त को छुट्टी लेकर राखी का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव आया हुआ था। फिर शाम के समय अपने भतीजे को छोड़ने के लिए पास के ही गांव डुवालीकरका पहुंचा। इसकी जानकारी मिलने पर सादी वेशभूषा में गांव पहुंचे और उसका अपहरण कर लिया। बुधराम अवलम को लेकर नक्सली जंगल की ओर चले गए। कुछ घंटे उसे अपने साथ रखा और फिर धारदार हथियार से वार कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आज सुबह गांव के नजदीक जवान के शव को फेंक कर नक्सली भाग निकले।इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं इलाके में सर्चिंग की जा रही है। पुलिस अफसरों ने बताया कि बुधराम सहायक आरक्षक के पद पर पदस्थ था।
और पढ़ें ...

भिलाई इस्पात संयंत्र में हादसा, ब्लास्ट फर्नेस 6 में लगी आग, फायर ब्रिगेड मौजूद

भिलाई। Accident in Bhilai Steel Plant: छत्‍तीसगढ़ के भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस 6 में आग लग गई है। आग की सूचना मिलते ही संयंत्र की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। Accident in Bhilai Steel Plant: फिलहाल प्‍लांट में किसी की भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं मिली है। इस घटना से संयंत्र के भीतर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।आग की लपटें इतनी तेज हैं कि देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। Accident in Bhilai Steel Plant: बता दें कि इससे पहले अप्रैल महीने में भी भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शाप क्रमांक 2 के कास्टर क्रमांक 6 के वाटर और एयर टनल एरिया में आग लग गई थी। इस हादसे में चार ठेका मजदूर बुरी तरह झुलस गए थे।
और पढ़ें ...

ब्रह्मकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बांधी राखी

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास कार्यालय में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रायपुर की ब्रह्मकुमारी दीदी आशा बहन, सविता बहन, वनीषा बहन ने मुलाकात कर मुख्यमंत्री बघेल को राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और खुशहाल जीवन के लिए मंगलकामनाएं की। मुख्यमंत्री बघेल ने इस स्नेह और सम्मान के लिए ब्रह्मकुमारी दीदीयों का आभार प्रकट किया। ब्रह्मकुमारी बहनों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को मिष्ठान भेंट कर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मुख्यालय माउण्ट आबू में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुमारी दीदीयों को उपहार भी भेंट किए। इस अवसर पर ब्रह्मकुमार महेश भाई और हिरन भाई भी उपस्थित थे।
और पढ़ें ...

120 फीट ऊंचे चंद्रयान-3 के माडल में विराजेंगे गणपति, कोलकाता के कलाकार तैयार कर रहे प्रदेश का सबसे बड़ा पंडाल

रायपुर। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि का असर राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव के लिए बन रहे पंडालों में दिखाई दे रहा है। इस साल गणेश उत्सव 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी से शुरू होगा। गणेश उत्सव को लेकर राजधानी में कई बड़ी गणेश उत्सव समितियां विशेष थीम आधारित में बड़े-बड़े पंडाल तैयार करवा रही हैं। कालीबाड़ी में इस बार चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) के जैसा 120 फीट ऊंचा और 70 फीट चौड़ाई का पंडाल बनाया जा रहा है। आकर्षक झांकी बनाने में कोलकाता से कारीगर आए हुए हैं। वहीं कोलकाता के 30 कारीगर इस काम में दिन-रात जुटे हुए है। जय भोले ग्रुप के परमवीर सिंह ने बताया कि कालीबाड़ी समिति चंद्रयान-3 थीम पर कोलकाता के कारीगरों से आकर्षक पंडाल तैयार करवा रही है। 120 फीट ऊंचे पंडाल का आकार आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा सेंटर से लाचिंग के लिए तैयार चंद्रयान-3 के जैसा दिखेगा। इसी पंडाल के भीतर विघ्न नाशक गणपति विराजेंगे। समिति का दावा है कि छत्तीसगढ़ का यह सबसे बड़ा पंडाल चंद्रयान-3 के रूप में होगा। 120 फीट ऊंचा एवं 70 फीट चौड़ाई का यह पंडाल सबसे आकर्षक पंडाल रहेगा जिसकी चर्चा पूरे छत्तीसगढ़ में रहेगा। रेणुका राणा कृष्ण मूर्ति कला केंद्र के द्वारा भगवान श्री गणपति जी की मूर्ति पिछले तीन महीने से बनाई गई जा रही है। मूर्ति की ऊंचाई 17 फीट और चौड़ाई 26 फीट है, इसमे नौ ग्रह का रूप दिया हुआ है। इसमे एलियंस चांद में खड़े होकर तिरंगा लहरा रहे हैं।छत्तीसगढ़ में पहली बार इस रूप में गणेश जी की मूर्ति बनी है और भोले बाबा की जटा में पूरी सृष्टि दिखायी गई है।यह अपने आप में एक आकर्षक झांकी होगा।
और पढ़ें ...

स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सुबह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुँची, यहां पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और सीएम भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया। विमानतल पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, रायपुर कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी मौजूद रहे. जिसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट पर ही राष्ट्रपति को पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जवानों के गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान निरीक्षण करतीं राष्ट्रपति।
और पढ़ें ...

राष्ट्रपति मुर्मु का छत्तीसगढ़ आगमन पर आत्मीय स्वागत

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरूवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंची। राज्यपाल हरिचंदन ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी उनका स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में  उन्हे गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इस अवसर पर  जनप्रतिनिधि सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
और पढ़ें ...

पूल में खड़े युवक को बाइक ने मारी ठोकर, मौत के बाद हुआ जमकर हंगामा

गरियाबंद। मालगांव में नेशनल हाइवे पर पूल में टहल रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा कर तोड़फोड़ किया. इस सूचना मिलते ही रातों रात भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. वहीं आज सुबह से ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे जाम कर दिया है. जानकारी के अनुसार, बीती रात करीबन साढ़े 10 बजे नेशनल हाइवे में मालगांव पूल में टहल रहे युवक हुमन निषाद उम्र 16 वर्ष सड़क हादसे का शिकार हो गया. बाइक की टक्कर इतनी जबर्दस्त थी की उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में लहूलुहान युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद भारी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने पहले तो बाइक को आग लगा दिया. फिर घायल अवस्था में भर्ती आरोपी चालक की भी धुनाई कर दी. पुलिस ने ग्रामीणों को रोकना चाहा तो पुलिस के ऊपर भी पथराव किया. एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक ने समय पर मोर्चा संभाल लिया और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई. पूल में खड़े युवक को बाइक ने मारी ठोकर, मौत के बाद हुआ जमकर हंगामा
और पढ़ें ...

व्यवहार न्यायाधीश परीक्षा तीन सितंबर को, साढ़े 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

कलेक्टोरेट में बना कंट्रोल रूम, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांगन नोडल अधिकरी नियुक्त

व्यवहार न्यायाधीश परीक्षा तीन सितंबर को, साढ़े 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
 

रायपुर 29 अगस्त 2023/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा व्यवहार न्यायाधीश की प्रवेश स्तर परीक्षा 03 सितंबर को ली जाएगी। एक पाली में यह परीक्षा सुबह 11 बजे से 01 बजे तक होगी। रायपुर जिले में इस परीक्षा के लिए 32 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है। इस परीक्षा में साढ़े तेरह हजार से अधिक अभ्यर्थियों की शामिल होने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के आयोजन के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कलेक्टोरेट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 06 में परीक्षा संबंधी नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमंाक 0771-2413233 है। इस परीक्षा के लिए डिप्टी कलेक्टर आशुतोष देवांगन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।कौशल विकास विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल सहायक नोडल होंगे।

और पढ़ें ...

छत्तीसगढ़ : त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को झटका, 6 ट्रेनें फिर हुई रद्द...जानिए वजह..!!

बिलासपुर। बिलासपुर, रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत सवारी गाड़ियों के अनियमित संचालन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेलवे हर दिन अलग-अलग कारण बताकर यात्री गाड़ियों को रद्द कर रही है। इस बीच रेलवे ने रक्षाबंधन से पहले रेल यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, SECR ने 6 ट्रेनें फिर रद्द कर दी है। ये ट्रेनें 1 से 9 सितंबर तक रद्द रहेंगी। द, बधवाबारा रेलवे स्टेशन में नॉन इंटरलोकिंग का काम किया जाएगा जिसके चलते इन ट्रेनों को रद्द किया गया है।

देखें लिस्ट –

1. 01 से 09 सितम्बर तक रीवा से रवाना होने वाली गाडी संख्या 18248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

2. 31 अगस्त से 08 सितम्बर तक बिलासपुर से रवाना होने वाली गाडी संख्या 18247 बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

3. 01 से 10 सितम्बर तक भोपाल से रवाना होने वाली गाडी संख्या 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

4. 30 अगस्त से 08 सितम्बर तक बिलासपुर से रवाना होने वाली गाडी संख्या 18236 बिलासपुर- भोपाल एक्सप्रेस रद्द रहेगी ।

5. 01 से 07 सितम्बर तक रीवा से रवाना होने वाली गाडी संख्या 11751 रीवा-चिरिमिरी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

6. 02 से 08 सितम्बर तक चिरिमिरी से रवाना होने वाली गाडी संख्या 11752 चिरिमिरी-रीवा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

और पढ़ें ...

अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर जनदर्शन में पहुंचे एनटीपीसी के भूविस्थापित, जानिए क्या है वजह…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 135 दिनों से धरना पर बैठे एनटीपीसी के भूविस्थापित जनदर्शन में मिट्टी तेल उड़ेलकर पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें किसी तरह आत्मदाह करने से रोक लिया है। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी कोरबा के भूविस्थापित चारपारा गांव के 6 से 9 परिवार के लोगों ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह का प्रयास करना चाहते थे।

दरअसल, मुआवजा और क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर 22 अप्रैल 2023 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। इस लंबे अंतराल में मध्यस्थता या समाधान के लिए कोई पहल/प्रयास होता नहीं दिखा। भूविस्थापितों के लिए लड़ने वाले सामने आए तो भी पब्लिसिटी के लिए, राजनीतिक दल के लोग भी समर्थन देकर भूल गए।

इधर हर तरफ से हताश होकर धरना पर बैठे भूविस्थापित मंगलवार को अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आत्महत्या करने की नीयत से जनदर्शन में पहुंच गए। इन्हें इस हालत में देखते ही मौके पर तैनात सिपाहियों ने सतर्कता बरती और इससे पहले कि ये लोग खुद को आग लगा पाते, इन्हें रोक लिया गया। सूचना मिलते ही एसपी यू.उदयकिरण भी वहां पहुंचे। सिविल लाइन पुलिस भी पहुंच चुकी थी। इन सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इनकी समस्या का निराकरण के लिए प्रशासनिक पहल तेज होने की संभावना बनी है।

और पढ़ें ...

बड़ी खबरः महादेव सट्टा एप; 7 दिन ईडी की कस्टडी में रहेंगे ASI समेत चार आरोपी

रायपुर। महादेव एप सट्टेबाजी मामले में ईडी की गिरफ्त में आए चार आरोपियों को 7 दिन की ईडी की रिमांड मिली है। सभी आरोपी 5 सितंबर तक ईडी की कस्टडी में रहेंगे। बता दें कि सभी की 6 दिन की पहली रिमांड आज मंगलवार को पूरी हुई थी।

बता दें कि ईडी ने 8 दिन की रिमांड मांगी थी। ईडी ने महादेव एप सट्टेबाजी के औरोप में एएसआइ चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, अनिल दम्मानी और सुनील दम्मानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर लिया है।

रिमांड के दौरान चंद्रभूषण वर्मा और सतीश चंद्राकर ने सट्टेबाजी के खेल और इसके पैसों के लेनदेन से जुड़े कई लोगों के नाम उगले हैं। अधिक जानकारी जुटाकर ईडी की टीम सट्टेबाजी मामले में कुछ और आरोपियो पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।

और पढ़ें ...

डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने ग्रहण किया राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार

रायपुर। विधायक डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, अखिल भारतीय शुगर मिल फेडरेशन के सदस्य कुमार सिंह देव, नई दिल्ली, और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के साथ ही राज्य योजना आयोग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें। राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष अजय सिंह और सदस्य डॉ. के. सुब्रमणियम, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर टेकाम का स्वागत किया।। राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव अनूप श्रीवास्तव ने आयोग की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि राज्य योजना आयोग की ओर से थिंक टैक के रूप में कार्य करते हुए राज्य विकास के लिए प्रभावी पॉलिसी, रणनीति और सुझाव सतत् रूप से दिए जा रहे हैं। योजना आयोग के वर्ष जनवरी 2020 में पुर्नगठन के बाद उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की है। मुख्यमंत्री की परिकल्पना अनुसार शासन की महत्वकांक्षी योजनाएँ- नरूवा गरूवा, घुरुवा, बाड़ी, गोधन न्याय योजना, इथेनॉल इकाई, रीपा की अवधारणा राज्य योजना आयोग की ओर से तैयार की गई।

सतत् विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति के लिए फ्रेमवर्क निर्धारण का कार्य राज्य योजना आयोग की ओर से किया जा रहा है। प्रदेश एसडीजी लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध है। ’जनघोषणा पत्र’ के उद्देश्यों में भी एसडीजी लक्ष्य के अनुरूप ’अंत्योदय’ का संकल्प सम्मिलित है। एसडीजी के सिद्धांत के अनुरूप ही सरकार अपने योजनाओं को इस प्रकार क्रियान्वित कर रही है। इससे विकास के लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। राज्य योजना आयोग की ओर से तैयार की गई एसडीजी संबंधित विभिन्न रिपोर्ट यथा- छत्तीसगढ़ एसडीजी इंडिकेटर्स फ्रेमवर्क, छ.ग. डिस्ट्रिक्ट इंडिकेटर फ्रेमवर्क, छत्तीसगढ़ एसडीजी बेसलाईन और प्रोग्रेस रिपोर्ट, छत्तीसगढ़ एसडीजी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसे मुख्यमंत्री की ओर से विमोचित किया गया है।

एसडीजी के ऑनलाइन मॉनिटरिंग में सहायता के लिए तैयार किए गए ’एसडीजी डैशबोर्ड’ में प्रत्येक जिले को ’स्कोर’ और रैंकिंग प्रदान की गई है, जो कि जिलों को 2030 तक निर्धारित लक्ष्य की प्राप्त करने की दिशा में पथ प्रदर्शक का कार्य करती है। राज्य योजना आयोग की ओर से राज्य के संतुलित विकास के लिए चयनित विषयों पर कार्यदलों और कार्यसमूहों का गठन कर राज्य के लिए अत्यंत उपयोगी अनुशंसाओं का संकलन विभागों के उपयोग के लिए किया गया है। कृषि, जल संवर्धन, खाद्य और लघु वनोपज प्रसंस्करण और संबद्ध क्षेत्रों का विकास, उच्च व तकनीकी शिक्षा, वित्त, आदिवासी विकास, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण व खाद्य सुरक्षा, उद्योग, कौशल विकास, तथा रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कला और संस्कृति संवर्धन, पर्यटन और ग्रामोद्योग के क्षेत्रों में सुझाव देने विशेषज्ञों, विभागों के प्रतिनिधियों के साथ गहन विचार मंथन कर उक्त अनुशंसाएं दी गई है। संबंधित विभाग इन अनुशंसाओं के परीक्षण के बाद लागू किए जाने की संभावना का आंकलन कर क्रियान्वयन का कार्य सुनिश्चित करेंगे, जिससे कि सभी सेक्टर में अपेक्षा अनुसार प्रभावी प्रतिफल प्राप्त हो सकेंगे।

और पढ़ें ...