प्रदेश
डेंगू की रोकथाम हेतु सघन अभियान - डेंगू के प्रकरण निरंक
दुर्ग 21 नवंबर 2023/दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जिनमें से भिलाई नगर निगम क्षेत्र व दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अमले द्वारा डेंगू से संबंधित नियंत्रण व रोकथाम का कार्य निरंतर किया जा रहा है। आज 21 नवंबर 2023 को डेंगू एलिजा पॉजिटिव के प्रकरण निरंक है। वर्तमान में डेंगू एलिजा पॉजिटिव 01 मरीज भर्ती है। सभी डेंगू मरीज व संभावित मरीज के निवास क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा मास्किटो सोर्स रिडक्शन का कार्य दैनिक रूप से किया गया है। नगर निगम भिलाई, चरोदा रिसाली जनस्वास्थ्य विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम दुर्ग की टीम के द्वारा लगातार डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा नष्टीकरण के लिए टेमीफॉस एवं एडिस मच्छर को नष्ट करने के लिए मेलाथियॉन से फागिंग का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. पी. मेश्राम के अनुसार डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु दुर्ग, भिलाई, चरोदा, रिसाली नगर निगम जनस्वास्थ्य विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण व शहरीय की टीम द्वारा कुल 185299 घरों का सर्वेक्षण किया जा चुका है, जांच किये कुलर पानी टंकी व अन्य कंटेनर की संख्या-210275 जिनमें से 86254 खाली कराये गये। सभी कटेनरों में 119795 स्थानों में टेमीफास डालकर लार्वा का नष्टीकरण किया गया, 181291 पाम्पलेट के माध्यम से डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य शिक्षा दी गयी। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, सभी नगर निगम एवं मीडिया के द्वारा लगातार लोगों से यह अपील की जा रही है कि सप्ताह में एक दिन शुष्क दिवस के रूप में मनाया जाना डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए उचित होगा। उस दिन घर के सारे कन्टेनर जैसे कुलर, पानी टंकी व अन्य जिसमें बारिश का पानी एकत्रित हो उत्तको समतल जगह में उस पानी की निकासी की जाये। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए कारगर होगा। अपील नही मानने पर यदि किसी घर मे पहली बार लार्वा मिलता है तो नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा समझाईश दी जाएगी और दुसरी बार लार्वा मिलने पर 500 रू. से लेकर 5000रू. तक का अर्थदंड वसूला जाएगा जिसकी जवाबदारी स्वयं की होगी। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. पी. मेश्राम एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सी. बी. एस. बंजारे के द्वारा लोगो से यह अपील की गई है, कि बुखार आने पर मलेरिया एवं डेंगू की जाँच की जाये। डेंगू एवं मलेरिया की जाँच जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सभी सामु.स्वा. केन्द्र व प्राथ. स्वा.के. शहरी प्राथ. स्वा. केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में जॉच निःशुल्क किया जा रहा है। जाँच के उपरान्त ही डॉक्टर के परामर्श से दवा लेना उचित होगा।
संभाग स्तरीय प्रशिक्षकों द्वारा अधिकारियों को बतायी गई मतगणना की बारीकियां - प्रशिक्षण में दुर्ग, बेमेतरा एवं बालोद के अधिकारी हुए सम्मिलित
विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत मतगणना कार्य 03 दिसम्बर 2023 को किया जाएगा। दुर्ग, बेमेतरा एवं बालोद जिले के लिए नियुक्त अधिकारियों को आज बीआईटी सभागार दुर्ग में प्रशिक्षण दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विहित नियमों का पालन करते हुए मतगणना कार्य संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक बिन्दुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बजरंग दुबे की मौजूदगी में राज्य निर्वाचन कार्यालय से आए निर्वाचन प्रशिक्षक श्री पुल्लक भट्टाचार्य, श्रीमती गीता देवांगन ने मतगणना के दौरान किए जाने वाले दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए प्रशिक्षण दिया। मतगणना के संबंध में प्रमुख वैधानिक प्रावधानों, नियमों तथा मतगणना के दौरान कौन-कौन सी जरूरी सावधानी बरती जानी है एवं इस दौरान कौन-सी प्रारूप में आवश्यक प्रतिपूर्ति की जानी, इसकी जानकारी से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
विधानसभावार 14 टेबल में मतांे की गणना की जाएगी। प्रत्येक टेबल में एक सुपरवाईजर जो राजपत्रिक अधिकारी रेंक का होगा तथा एक गणना सहायक होंगे। प्रत्येक टेबल में माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे। मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति तीन बार रेण्डोमाईजेशन कर किया जाएगा। पहली रेण्डोमाईजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में तथा दूसरा व तीसरा रेण्डोमाईजेशन आब्जर्वर की मौजूदगी में किया जाएगा। मतगणना स्थल पर प्रवेश हेतु निर्धारित लोगांे को प्रवेश पास जारी किया जाएगा। मतगणना स्थल मंे मोबाईल लेकर प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशिक्षण में दुर्ग अपर कलेक्टर श्री अरविंद एक्का, श्री गोकुल रावटे, नगर निगम आयुक्त व अपर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बजरंग दुबे सहित तीनों जिले के आर.ओ. और ए.आर.ओ. उपस्थित थे।
प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना स्थल पर मोबाईल ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। मतगणना स्थल पर रिटर्निंग आफिसर एवं सहायक रिटर्निंग आफिसरों को भी मोबाईल रखने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान केवल प्रेक्षक ही मोबाईल रख सकेंगे। मीडियाकर्मियों को मतगणना स्थल में बनाए गए मीडिया सेंटर तक ही मोबाईल ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
वीडियोग्राफी रेण्डमाईजेशन प्रक्रिया, स्ट्रांग रूम के खोले जाने, स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ई.व्ही.एम. का परिवहन, मतगणना हॉल की व्यवस्थाओं, मतगणना प्रक्रिया, प्रेक्षकों द्वारा 02 ई.व्ही.एम. में गणना की, सुरक्षा व्यवस्थाओं की, अभ्यर्थी या अभ्यर्थी के अभिकर्ताओं की उपस्थिति की, परिणाम घोषणा प्रक्रिया की जाएगी। समस्त प्रक्रियाओं की वीडियोग्राफी की सी.डी. बनाकर रखना होगा। प्रशिक्षण में आज मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु अधिकारियों को अनुशासन व शिष्टाचार के साथ मतगणना की बारीकियों के संबंध में गहन प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान मतगणना के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका शत्-प्रतिशत् पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशिक्षकों के द्वारा ई.व्ही.एम. की सील तोड़ने की विधि के अलावा संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुर्नगणना, लाट आदि की प्रक्रियाओं एवं निर्देशों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया कि दो उम्मीदवारों को बराबर मत प्राप्त होने की स्थिति में लाट निकाला जाएगा। लाट निकालने से पहले निर्वाचन आयोग से अनुमति लेना आवश्यक है। प्रशिक्षण में मतगणना स्थल पर प्रवेश हेतु मतगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा उम्मीदवारों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं तथा मीडियाकर्मियों को पहचान पत्र जारी किए जाने के संबंध में प्राप्त दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मतगणना के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए प्रेेक्षकों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने मतगणना कार्य को प्रारंभ करने के पूर्व मौके पर उपस्थित उम्मीदवारों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी अनिवार्य रूप से देने को कहा।
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना केन्द्रों पर आधारभूत संरचना, मतगणना केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया सेंटर में आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, गणना हेतु मतगणना सामग्री, डाक मतपत्रों की गणना, ई.व्ही.एम. में दर्ज मतों की गणना, वीवीपीएटी स्लीप गणना, मतगणना की समाप्ति के पश्चात ईवीएम तथा निर्वाचन सामग्रियों को मुहरबंद करने और परिणाम की घोषणा के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारियां दी गई।
खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 हेतु समर्थन मूल्य पर मक्का उपार्जन 01 नवम्बर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक
कोण्डागांव, 20 नवम्बर 2023/ खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी के लिए किसान पंजीयन कराया जा रहा है। जिसके तहत छत्तीसगढ़ स्टेट सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड के जिला प्रबंधक द्वारा जिले के समस्त किसान भाईयों से अपील की गयी है कि वे अपने उत्पादित मक्के का विक्रय हेतु अपने क्षेत्र के लेम्पस समिति के शाखा प्रबंधक से संपर्क कर पंजीयन करायें। ताकि समर्थन मूल्य पर आपकी फसल का उपार्जन सुनिश्चित हो सके। इस हेतु जिले में 49 लेम्प्स समितियों द्वारा उपार्जन का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत अडेगा, अमरावती, अरण्डी, ईरागांव, उरन्दाबेड़ा, केशकाल, काटागांव, किबईबालेंगा, कोण्डागांव, कोनगुड, कोरगांव, खालेमुरवेण्ड, गम्हरी, गिरोला, गोलावण्ड, चिपावण्ड, छिनारी, तोड़ासी (बड़ेखौली), देवगांव, दहीकोंगा, धनोरा, फरसगांव, बड़ेकनेरा, बड़ेडोगर, बड़ेराजपुर, बड़ेबेन्दरी, बनियागांव, बफना, बम्हनी, बवई, बहीगांव, बोरगांव, बांसकोट, भण्डारसिवनी, मुनगापदर, मर्दापाल, मुलमुला, मसोरा, माकड़ी, रांधना, लजोडा, लुभा, लिहागांव, विश्रामपुरी, शामपुर, सलना, सिंगनपुर, सोनाबाल एवं हीरापुर की समितियों के माध्यम से किसानों का मक्का क्रय किया जावेगा। जिसके लिए मक्का उत्पादन करने वाले किसानों को अपना पंजीयन अवश्य रूप से कराना होगा।
मक्का उपार्जन का कार्य 01 नवम्बर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक किया जायेगा। जिसके लिये शासन द्वारा 2,090 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। इस हेतु भारत शासन द्वारा निर्धारित मापदंड अनुसार अच्छे किस्म का मक्का खरीदा जाना है। जिसमें नमी का निर्धारित मापदंड अधिकतम 14 प्रतिशत है। कृषकों को मक्का विक्रय की राशि लेम्प्स समितियों के माध्यम से प्रदान किया जायेगा। उपार्जन के संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण के लिए किसान सीधे जिला प्रबंधक के मोबाईल नम्बर 9425562121 एवं टोल फ्री नम्बर 1800-233-3663 से संपर्क कर सकते हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में मक्का खरीदी की अधिकत्तम सीमा 10 क्विंटल प्रति एकड़ लिकिंग सहित निर्धारित की गई है।
3 दिसंबर को फिर शुरू होगी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा- अरुण साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने आज यहां भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राज्य के सभी मतदाताओं विशेष तौर पर भारी उत्साह के साथ जबर्दस्त मतदान के लिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, मजदूरों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बन रही है।
छत्तीसगढ़ की जनता ने विकास, सुशासन, लोक कल्याण के लिए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति पाने आतुर है और उसने कांग्रेस की भ्रष्टतम सरकार के खिलाफ अपना फैसला सुरक्षित कर दिया है। 3 दिसंबर को आने वाला परिणाम हमारे विश्वास की पुष्टि कर देगा। भारतीय जनता पार्टी व्यवस्था परिवर्तन के लिए, राज्य के विकास के लिए दिए गए आशीर्वाद हेतु जनता जनार्दन की हृदय से आभारी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भाजपा मातृशक्ति को साष्टांग प्रणाम करते हुए चुनाव के दौरान कांग्रेस और उसके एजेंट के तौर पर काम करने वाले प्रशासन के उन अधिकारियों की भी आभारी है, जिन्होंने महतारी वंदन योजना का विरोध किया। राज्य की महिलाओं के हित की योजना को महिलाओं तक पहुंचने में बाधक बने। भाजपा के कार्यकर्ता तमाम बाधाएं पार करते हुए हर घर तक पहुंचे और महिलाओं को भरोसा दिलाने में शत प्रतिशत सफल रहे कि सरकार बनते ही महतारी वंदन योजना शुरू हो जाएगी और सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की निधि उन्हें ससम्मान मिलने लगेगी। पिछले चुनाव में महिलाओं से 5 सौ रुपये महीना देने का वादा करने वाली कांग्रेस ने महिलाओं के अपमान में कोई कमी बाकी नहीं रखी। भाजपा ने मोदी जी की गारंटी के तहत महिला वंदन योजना का संकल्प लिया है और मातृशक्ति का विश्वास अर्जित किया है। मतदान में महिलाओं की उत्साहपूर्वक भागीदारी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि महतारी की वंदना करने वाली भाजपा को महिलाओं ने अपना शुभाशीष प्रदान कर दिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि हमने सरकार बनते ही सभी आवासहीन 18 लाख परिवारों को पक्का मकान देने की मोदी गारंटी दी है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही इसके लिए राशि जारी कर दी जाएगी। हमने युवाओं को न्याय दिलाने और पीएससी घोटाला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का वचन दिया है, वह सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा। हमने किसानों को दो साल का बकाया बोनस एकमुश्त देने की मोदी गारंटी दी है। 25 दिसंबर को यह राशि किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। हम 31 सौ रुपये क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद करेंगे। 3 दिसंबर को किसानों का मान बढाने भाजपा सरकार बनने का किसान इंतजार कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग के लोग भाजपा के विजय संकल्प के साथ परिवर्तन के रथ पर सवार हुए हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि दिसंबर का महीना छत्तीसगढ़ में विकास की तेज गति से आगे बढ़ने और लोक कल्याण की योजनाओं के आरंभ का ऐतिहासिक माह होगा। छत्तीसगढ़ 3 दिसंबर को कांग्रेस रूपी ग्रहण से मुक्त होगा। 5 साल से अवरुद्ध छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इसी तारीख से आरंभ हो जाएगी। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं को उनके जीवट और लोकतंत्र के उत्थान में सम्पूर्ण समर्पण के साथ संघर्ष के लिए कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता हर अत्याचार का मुकाबला करते हुए आगे बढ़े। जनता के आशीर्वाद और हमारे कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम का सुफल भाजपा सरकार आने का स्पष्ट उद्घोष कर रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक स्तम्भ है। सरकार के भारी दबाव के बावजूद मीडिया जनता की आवाज बना, विपक्ष का निष्पक्ष सहयोगी बना, इस हेतु भाजपा राज्य के समस्त पत्रकारों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विश्वास दिलाती है कि हमारी सरकार मीडिया की स्वतंत्रता को प्राथमिकता देगी और छत्तीसगढ़ 3 दिसंबर को कांग्रेस राज की अघोषित सेंसर शिप से भी मुक्त हो जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता,प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी,प्रदेश प्रवक्ता अमित साहू माजूद रहे।
NSUI के प्रदेश सचिव ने कांग्रेस के दो नेताओं को वाहन से मारी ठोकर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में हिट एण्ड रन की बड़ी घटना सामने आई है। जिसमें कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश सिचव ने कांग्रेस के नेताओं को वाहन से कुचलने की कोशिश की । इस घटना में कांग्रेस के दो नेताओं को गंभीर चोंटे आई है। घायलों को उपचार हेतु अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दौरान घटना स्थल पर और लोग भी मौजूद थे जो बाल-बाल बच गए। इस घटना की शिकयात थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश कर रही है। कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया है कि एनएसयूआई प्रदेश सचिव ने षडयंत्र पूर्वक इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की है।
नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर युवक को उतारा मौत के घाट, बैनर जारी कर लगाया मुखबिरी करने का आरोप
कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सलियों ने जन अदालत लगाकर ग्रामीण युवक को मौत की सजा देने की सूचना दी है. नक्सलियों ने घटनास्थल पर बैनर लगाकर इस बात की पुष्टि की है.
बताया जा रहा है कि, नक्सलियों ने ग्राम गोमे में जनअदालत लगाकर हत्या करने की बात कही है. मृतक युवक का नाम अमर सिंह उइका बताया जा रहा है. युवक अमर सिंह पर डीआरजी के लिए मुखबिरी कर दो ग्रामीणों की हत्या करने का नक्सलियों ने आरोप लगाया है. इस घटना की जिम्मेदारी रावघाट एरिया कमेटी ने ली है.
इस मामले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा है कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है.
आपको बता दें कि, इससे पहले कांकेर में नक्सलियों की बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है बताया जा रहा है क, 5 नग आईईडी बरामद,सुरक्षाबलो को नुकसान पहुंचाने नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखी थी. मौके पर डीआरजी और बीडीएस की टीम पहुंची और तलाशी अभियान चलाया. पुलिस को जांच के दौरान करीब 25 किलो वजन का आईईडी बरामद हुआ है. जिसे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है.
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया ये आरोप
जांजगीर : जिले के ग्राम भैंसो निवासी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सवालों के घरे में आ गया है। कहा जा रहा है कि मृतका श्वेता साहू ने बिलासपुर के ग्राम जलसो स्थित अपने ससुराल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। हालांकि मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर श्वेता की हत्या करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चार वर्ष पूर्व श्वेता का विवाह परिजनों ने ग्राम पकरिया में की थी, लेकिन शादी के पांच दिन बाद उसका प्रेमी योगेंद्र कुर्रे उसे भगाकर अपने साथ ले गया और पूरे परिवार के साथ रह रहा था। बच्चा नहीं होने के कारण पति पत्नी में अक्सर अन बन होती थी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। देखने वाली बात होगी कि हत्या की मूल वजह क्या सामने आती है।
नेशनल हाईवे पर मिली युवती की लाश, शरीर पर चोट के निशान
बलरामपुर। नेशनल हाईवे पर एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती के सिर और आंख पर चोट के निशान मिले हैं। पास ही उसका पर्स पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस समेत FSL की टीम मौके पर पहुंची।
नेशनल हाइवे-343 पर औंराझरिया घाट के पास सड़क किनारे युवती का शव मिला है। प्रारंभिक जांच में युवती की मौत संदिग्ध लग रही है। युवती की शिनाख्त अंबिकापुर के ग्राम सपना निवासी पूजा पनिका (25) पुत्री सागर पनिका के रूप में हुई है। पुलिस को युवती के पर्स से 7 ATM कार्ड, ब्लैंक चेक, 5070 रुपए, मोबाइल फोन मिला है।
युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवती की हत्या हुई है या फिर अन्य कोई कारण है। FSL टीम मौके पर जांच के लिए भेजी गई है।
मतदान कर्मी की बेरहमी से पिटाई, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में विधानसभा निर्वाचन के लिए निकले एक मतदान कर्मी की अज्ञात लोगों ने पिटाई कर दी। पिटाई में मतदान कर्मी घायल हो गया, मारपीट के बाद घायल मतदान कर्मी के पूत्र ने भटगांव थाने में अपने पिता को लाकर मुकदमा दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोहागपुर गांव के निवासी शिक्षक ठाकुर प्रसाद को 17 नवंबर के दिन प्रतापपुर के मतदान केंद्र में ड्यूटी लगायी गयी थी। जहा मतदान दिवस के दिन मतदान कर्मी ठाकुर की तबियत बिगड़ गई, जिसे मतदान टीम के द्वारा प्रतापपुर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। ऐसे में मतदान कर्मी शाम को अपने घर के लिए अस्पताल से जरही के लिए रवाना हो गया और रात होने की वजह से जरही खेल परिसर के पास आराम करने लगा। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगो ने बुरी तरह से पिटाई कर घायल कर दिया। दूसरे दिन परिजनो को जानकारी मिलने के बाद उन्हें घर लाया गया, ऐसे में पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गयी है।
कांग्रेस का एक्शन जारी, 2 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को पार्टी से किया निष्कासित
बस्तर। छत्तीसगढ़ में दो चरणों पर मतदान संपन्न हो गए है ,वहीं मतदान के दौरान पार्टी विरोधी कार्य करने वालों पर कांग्रेस सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पार्टी विरोधी कार्य करने वाले कांग्रेसियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए 2 पुराने वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को 6 साल के लिए कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिला अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश में निष्कासित कांग्रेसी नेताओं में महिला कांग्रेस पूर्व जिला अध्यक्ष कमल झज्जर (Congress former district president Kamal Jhajjar) और AICC सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विक्रम शर्मा (Senior Congress leader Vikram Sharma) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन दोनों ही कांग्रेसी नेताओं ने विधानसभा चुनाव में निष्क्रियता दिखाते हुए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. दरअसल कुछ महीने पहले से ही पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमल झज्जर को लेकर पार्टी विरोधी कार्य करने की लगातार शिकायत मिल रही थी, इसके बाद कमल झज्जर को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्यता से भी हटाया गया था और महिला कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया गया था, और अब सीधे पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने की है।
रेलवे ने जारी किया ईब नदी पर निर्माणाधीन रेलवे पूल का विहंगम दृश्य
डा. रमन सिंह ने किये भाजपा की जीत के दावे, टीएस सिंह देव को लेकर दिया बयान
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी डॉ रमन सिंह आज अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचे, इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ रमन सिंह सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचे इस दौरान डॉक्टर रमन सिंह ने यहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, वहीं पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आगामी 3 दिसंबर को प्रदेश में चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे, लेकिन अभी जो रुझान प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में मिल रहा है उससे स्पष्ट है कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। डॉ रमन सिंह ने कहा कि हम 90 विधानसभा में बेहतर स्थिति में है। वहीं 55 से अधिक सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। डॉ रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव विधानसभा में भी भारतीय जनता पार्टी की जीत पिछले चुनाव के मुकाबले अधिक मतों से होगी। वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री टीएस के बयान के मामले में डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पालन अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि टीएस सिंह देव चूक गए, 5 साल पहले अगर इसी बात को दमदारी से बोले होते तो वो मुख्यमंत्री होते, उनको तो उनकी पार्टी ने साढे़ 4 साल तक घूम कर रख दिया, 15 दिन बचा था तो उपमुख्यमंत्री बना दिए। अब सरकार नहीं बन रही है तो जोर मार रहे हैं। पहले जोर मारे होते तो अभी मुख्यमंत्री रहते।
राजनांदगांव पहुंचे डॉ रमन सिंह ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा करने के साथी कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा यह भारतीय जनता पार्टी पहली बैठक में ही तय कर लेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 90 विधानसभा में स्थिति स्पष्ट है और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बन रही है।
BREAKING : भीषण सड़क हादसे में 12 साल के मासूम सहित दो लोगों की मौत
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में भीषण सड़क हादसा हुआ है, यहां तेज रफ्तार डिफेंस की बस ने 12 वर्ष के मासूम सहित दो लोगों को ठोकर मर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक लोहंडीगुड़ा इलाके के बाघनपारा में उस वक्त हुआ जब, 12 वर्ष का मासूम रमेश मंडावी निवासी पिच्चीकोडेर अपने परिजन सिंधु मंडावी सहित अपने बीमार रिश्तेदार को देखकर वापस घर लौट रहे थे। तभी मुख्य मार्ग पर ये दर्दनाक हादसा हुआ है। इधर लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कर्रवाई शुरु कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आग में जलने से 20 साल की युवती की मौत, शार्ट सर्किट बताई जा रही वजह, जाँच जारी
बलौदाबाजार। जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है। यहां भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम जरहागांव में 20 वर्षीय युवती की आग में झुलसने से मौत हो गई है। घटना का कारण अज्ञात है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका का नाम मीनाक्षी वर्मा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक शार्ट सर्किट की वजह से घर के आंगन में रखे छेना में आग लगी। जिसे बुझाते वक्त छेना का बड़ा ढेर लड़की के ऊपर गिरा। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना के वक्त लड़की की मां खेत गई हुई थी। घटना की सूचना पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस घटना स्थल पहुंचकर जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की जांच और पूछताछ के बाद घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
घटना के संबंध में भाटापारा ग्रामीण थाना प्रभारी अमित पाटले ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना लगभग दो बजे के आसपास की है जब सूचना मिली। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस की टीम वहां पहुंचकर जांच में जुट गई। लड़की पूरी तरह झुलस गई थी। जिससे उसकी मौत हो गई।फिलहाल प्रथम दृष्टया घर के पास से गई विघटन तार में शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। जिससे घर के पावन में रखे गोबर छेना के रखे ढेर में आग लगी थी। जिसे लड़की बुझा रही थी। इस बीच पूरा ढेर उसके ऊपर गिर गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 नवंबर को
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 के मतगणना के प्रशिक्षण के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निग ऑफिसर (समस्त), मतगणना सहायक रिटर्निग ऑफिसर 05, प्रत्येक विधानसभा हेतु 02 मास्टर ट्रेनर एवं जिले के टेबुलेशन प्रभारी अधिकारी 01, पोस्टल बैलट नोडल अधिकारी 01, ईवीएम नोडल अधिकारी 01, सुरक्षा नोडल अधिकारी 01 एवं प्रोग्रामर 01 सहित दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा के कुल 140 प्रशिक्षणार्थियों हेतु मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम दुर्ग के बीआईटी ऑडिटोरियम में 21 नवंबर 2023 को प्रातः 10 बजे से आयोजित किया गया है। मुख्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु रिसोर्स पर्सन पुलक भट्टाचार्य एन.एल.एम.टी., श्रीमती गीता दीवान एन.एल.एम.टी. एवं विनोद अगलावे एस.एल.एम.टी. नियुक्त किए गए है।
संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्य के लिए अश्वनी देवांगन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उनकी सहायता हेतु अभय जायसवाल जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के सुचारू संपादन हेतु दायित्व सौंपा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण स्थल बीआईटी ऑडिटोरियम के प्रबंधन संबंधित दायित्व प्राचार्य बीआईटी दुर्ग, सर्किट हाउस में आवश्यकतानुसार ठहरने की व्यवस्था, संबंधित प्रशिक्षणार्थियों को सूचना एवं समन्वय के कार्य का दायित्व सत्कार अधिकारी जिला दुर्ग को एवं सामग्री व्यवस्था का दायित्व श्री कृष्ण कुमार देवांगन श्री प्रकाश साहू एवं बालेश कुमार ठाकुर जिला निर्वाचन कार्यालय दुर्ग को सौंपा गया है। इसी प्रकार तकनीकी व्यवस्था (इंटरनेट युक्त लैपटॉप प्रशिक्षण के संबंध में पीपीटी) का दायित्व श्री एल.बी. सिंह जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दुर्ग एवं स्टाफ, सुश्री छाया साहू सहायक प्रोग्रामर जिला निर्वाचन कार्यालय दुर्ग, सुश्री श्रुति अग्रवाल ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दुर्ग एवं स्टाफ को, रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मास्टर ट्रेनर इत्यादि के लिए बैठक व्यवस्था का दायित्व अनुविभागीय अधिकारी (रा.) तहसीलदार दुर्ग को, स्वल्पाहार, जलपान एवं भोजन व्यवस्था का दायित्व श्री सीपी दीपांकर, खाद्य नियंत्रक दुर्ग एवं वीवीपैट गणना हेतु मॉडल गणना कक्षा की व्यवस्था, प्रशिक्षण हेतु ईवीएम/वीवीपैट की व्यवस्था एवं प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध कराए गए सामग्रियों की जांच का दायित्व श्री लवकेश ध्रुव नोडल अधिकारी एवं ईवीएम/वीवीपैट को दिया गया है।
