प्रदेश
सरकार द्वारा वसूली के लिये व्यवसायियों को धमकाया जा रहा है - दीपक बैज
पांच माह की भाजपा सरकार वसूली के लिये व्यापारियों को धमका रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा राज के पांच माह में ही अवैध वसूली से व्यापार और उद्योग जगत के लोग परेशान हो गये है। बिल्डर, जमीन व्यापारी, राईस मिलर, छोटे-बड़े व्यवसायी सभी भाजपा सरकार की भयादोहन वाली नीति से परेशान हो गये है। कृषि के बाद सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला ‘‘रियल स्टेट सेक्टर’ भाजपा सरकार की वूसली वाली नीति के कारण छत्तीसगढ़ में बर्बाद होना शुरू हो गया है। छोटे-छोटे जमीन कारोबारियों को धमका कर वसूली किया जा रहा है, जो व्यापारी चढ़ावा देने में असमर्थ है उसके जमीनो का खसरा लॉक करवाया जा रहा है ताकि खरीदी-बिक्री रोक दिया जाये। वर्षो पहले जो लोग प्लाट खरीद चुके है उनके डीपीसी को वाऊन्ड्री वॉल को तोड़ने बुलडोजर भेजा जा रहा है। ऐसा इसलिये किया जा रहा ताकि भयादोहन किया जा सके और भाजपा से जुड़े लोग ही भूमि का व्यापार अनाप-शनाप भाव में कर सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पांच महीने में व्यापारियों को धमकाने, जीएसटी के छापे मरवाये जा रहे उनसे सेटलमेंट के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। छोटे-छोटे व्यापारियों तक के यहां जीएसटी के छापे मार कर परेशान किया जा रहा है। राज्य का व्यापारिक माहौल खराब हो चुका है। प्रदेश में व्यापारी व्यवसाय करने निवेश करने में डर रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राईस मिलरो को प्रोत्साहन राशि देनेके पूर्ववर्ती सरकार के निर्णय पर सवाल खड़ा करने वाली भाजपा के राज में मिलरों से प्रोत्साहन राशि के बदले 30 रू. प्रति टन की वसूली हो रही है। जानकार और भुक्तभोगी यह बताते है कि नान में चावल नहीं जमा करने पर प्रति क्विंटल 2700 रू. लेकर जमा की रसीद दे दी जाती है। संगठित रूप से वसूली का पूरा गिरोह सरकार के द्वारा चलाया जा रहा है। इस मामले की जांच में ईडी और ईओडब्ल्यू क्यों नहीं करती है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार की वसूली वाली नीति के कारण राज्य में पांच महीने में रेत के दाम तीन गुना तक बढ़ गये है। 7000 रू प्रति हाईवा आने वाली रेत 21000 से 24000 रू. हाईवा आ रही है। सीमेंट के दाम भी विष्णु भोग के कारण 30 से 50 रू. बढ़ गये है। पांच महीने में ही सरकार का भ्रष्टाचार सड़कों पर दिखने लगा है। ट्रक वाले ट्रांसपोर्टर वसूली से परेशान है। दूसरे राज्यों से आने वाली माल वाहन छत्तीसगढ़ समान लाने का अतिरिक्त भाड़ा इसलिये ज्यादा मांगती है क्योंकि छत्तीसगढ़ में आरटीओ का खर्चा बहुत ज्यादा है। राज्य में सरकार नहीं वसूली का पूरा गिरोह चल रहा है।
विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होगी - विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के लोगों से किए गए सभी वादे को पूरे करने के लिए हम लोगों को अभी बहुत राजस्व की आवश्यकता पड़ेगी, लेकिन उसकी व्यवस्था हम कर लेंगे। छत्तीसगढ़ को भगवान ने बहुत फुर्सत में बनाया है। यहां खनिज संपदा भरपूर है, वनोपज है, यहां की धरती माटी उर्वरा शक्ति से भरपूर है, मेहनतकश किसान हैं। हम सब मिलकर इतना सोर्सेस इकट्ठा कर लेंगे कि मोदी की गारंटी में जो भी वादे हैं, उसे पूरा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक साक्षात्कार में उक्त बातें कही।
2014 में भाजपा के "सबका साथ-सबका विकास" और 2023 में "मोदी की गारंटी" स्लोगन की शुरुआत छत्तीसगढ़ से हुई। इसे राष्ट्रीय भाजपा का स्लोगन बनने पर श्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि जो कैंपेन यहां से शुरू होते हैं उसे देश की जनता तुरंत एक्सेप्ट कर लेती है।
कांग्रेस द्वारा महिलाओं को सालाना एक लाख रुपए देने की बात पर सीएम साय ने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े वादे करके छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार बनाई थी। लेकिन 5 साल पूरा शासन चलाने के बावजूद भी इन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस, छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। एक लाख की बात करें या पांच लाख की, अब यहां की जनता उनके किसी भी बहकावे में नहीं आने वाली है।
ओडिशा में बृजमोहन अग्रवाल और हिमन्त बिस्वा सरमा ने की जनसभा पटनायक और पांडियन की जोड़ी ने ओडिशा को लूटने का काम किया:बृजमोहन अग्रवाल
आज ओडिशा चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे छत्तीसगढ़ के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा ने कांटाबांजी के बंगोमुंडा में आयोजित जनसभा में शामिल हुए और जनता से भाजपा को प्रचंड मतों से जिताने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए पहचाने जाने वाले ओडिशा को 25 सालों से पटनायक और पांडियन की जोड़ी ने लूटने का काम किया है। घमंड में चूर जोड़ी ने राज्य की भोली भाली जनता के साथ धोखा दिया है। केंद्र सरकार की जनता की हितकारी नीतियों को लागू नहीं किया। जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है। पश्चिम ओडिशा में गरीबी और बेरोजगारी के कारण यहां की युवा शक्ति पलायन कर गई है।
अग्रवाल ने कहा कि, भाजपा सरकार आने पर ओडिशा को एक बार फिर से इसका पुराना वैभव लौटाया जाएगा साथ ही युवा, किसान, गरीब और महिलाओं के हितों में काम किया जाएगा।
नक्सलियों पर की जा रही कार्रवाई पर कांग्रेस का सवाल उठाना दुःखद - विष्णु देव साय
नक्सलियों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर कांग्रेस द्वारा सवाल खड़े किये जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुःखद बताया है। श्री साय ने कहा कि कांग्रेस को इन सब विषयों को राजनीती से ऊपर उठकर देखना चाहिए।
पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार जब 29 नक्सली मारे गए, तब कांग्रेस और विपक्ष के लोग इस घटना को नकली बता रहे थे, जबकि स्वयं नक्सलियों ने 29 लोगों का लिस्ट जारी किया। ये बहुत ही दुःख की बात है। अब इन लोगों को क्या कहें, ये लोग तो सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर प्रश्न खड़ा करने वाले लोग हैं। उनसे मेरा यह आग्रह है कि इन सब विषयों को राजनीती से ऊपर उठकर देखें।
मुठभेड़ को कांग्रेस द्वारा फर्जी कहे जाने पर इसका खंडन करते हुए सीएम साय ने कहा कि लगातार हमारे जवानों को सफलता मिल रही है। उन्होंने पुनर्वास नीति पर कहा कि हमारी पुनर्वास नीति के कारण नक्सली आत्मसर्पण भी कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि इस नीति में और नया बेहतर हो सकता है, साथ ही नई पुनर्वास नीति लाने पर विचार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सल मोर्चे पर विष्णु सरकार को मिल रही सफलता के लिए उसकी जमकर तारीफ की है। जिस पर कांग्रेस प्रश्न उठा रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे गृह मंत्री के आभारी हैं कि उन्होंने हमारी सरकार पर विश्वास जताया है। यह सब डबल इंजन सरकार की वजह से संभव हुआ है कि मात्र 3-4 महीनों में 112 नक्सली मारे गए हैं, लगभग पौने चार सौ नक्सली आत्मसमर्पण किये हैं और 153 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। ये हमारी सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता है। श्री साय बोले कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री इस विषय पर बहुत ही गंभीर है और जल्द ही छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का समापन चाहते हैं।
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक पांडुरंग शंकरराव मोघे का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक पांडुरंग शंकरराव मोघे का कल रात निधन हो गया। उन्होंने 93 वर्ष के उम्र में राजधानी रायपुर के वी वाय अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर शोक संदेश में उन्होंने लिखा है कि - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री पांडुरंग शंकरराव मोघे जी के निधन का दुःखद समाचार मिला।
मोघे जी ने समूचे छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय विचारों को स्थापित करने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनकी स्मृति सदैव अमर रहेगी।
प्रभु दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।
गौरतलब है कि पांडुरंग शंकरराव मोघे जी धमतरी जिले में लंबे समय तक संघ के प्रचारक रहे। आपातकाल के दौरान सागर जिले में सत्याग्रह करते हुए जेल भी गए। रायपुर में संघ कार्यालय निर्माण के समय उनकी महती भूमिका रही। गायन कला में उनकी विशेष रुचि थी। उनकी स्मरण शक्ति भी लाजवाब थी। सादा जीवन उच्च विचार को अंगीकार कर अपना सर्वस्व जीवन जीने वाले मोघे जी का निधन समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है।
सुपोषण के लिये बेहतर कार्योजना तैयार कर करें क्रियान्वयन :कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह
कलेक्टरसभाकक्ष में आज अंतरविभागीय समन्वयन के लिए बैठक की गई जिसमें सुपोषण के लिए बेहतर कार्य योजना बनाने पर चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने ज़िले में सुपोषण के लिये बेहतर कार्योजना बनाकर क्रियान्वयन करने पर ज़ोर दिया। बैठक में ज़िला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप के साथ ही ज़िला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती निशा मिश्रा के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए।
मोदी सरकार का विकास देखने के लिए खड़गे जी इटालियन चश्मा उतारें : डिप्टी सीएम साव
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को ओडिशा के संबलपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर हमला बोला है। श्री साव ने पत्रकारों से चर्चा करते किए कहा कि, माननीय नरेन्द्र मोदी जी ने 10 सालों में बहुत काम किया है, और देश की जनता के सामने उन्होंने बार-बार अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया है।
खरगे जी मोदी की के इस रिपोर्ट कार्ड को देश के किसी भी सामान्य नागरिक से भी पूछ सकते हैं कि मोदी जी ने 10 सालों में क्या क्या दिया है। खड़गे जी को एक आम व्यक्ति बता देगा कि केंद्र सरकार की किस योजना का उन्हें लाभ मिला है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, एक आम व्यक्ति बता देगा कि, उन्होंने देश के लिए क्या-क्या किया है। आपने (खरगे) इटालियन चश्मा पहने है, आपको नहीं दिखता है, आप भारतीय चश्मा पहने और देखें आज देश कहां से कहां चला गया है।
स्वयं के विकास के साथ समाज में भागीदारी ही वास्तविक सफलता : श्री सोनमणि बोरा
आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने आज सवेरे सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में जेईई, आईआईटी सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से रूबरू हुए। श्री बोरा ने कहा कि हमारे यहां इतिहास है कि एकलव्य बिना गुरू के भी लक्ष्य को प्राप्त कर लेता है। हमें यहां शिक्षा को प्राथमिकता में रखकर लक्ष्य तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि तरक्की तो कोई भी कर लेता है, लेकिन स्वयं का विकास करना ही सफलता नहीं होता है। स्वयं के विकास के साथ समाज में भागीदारी ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने जिस उद्देश्य से आपको यहां भेजे हैं, उनके सपने को पूरा करना है। साथ ही ऐसे समाज जो हमारे पीछे छूट गए हैं, उनको भी आगे बढ़ाने की सोच रखना होगा।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण के दौरान अधिकारियो से कहा कि शासन प्रशासन की मंशा अनुरूप आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा तथा कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए फाइव स्टार होटलों की तरह सुविधाएं उपलब्ध हो। अतः होटलों की तरह इन वर्ग के बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित की जाय। उन्होंने प्रयास विद्यालय हॉस्टल के किचन का निरीक्षण कर बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय की तर्ज पर प्रयास वि़द्यालय को भी विकसित किया जाए। श्री बोरा ने प्रयास विद्यालय स्थित भौतिक और रसायन विज्ञान प्रयोगशाला सहित लाईब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को थ्योरी के साथ-साथ प्रेक्टिकल भी कराने के निर्देश दिए। श्री बोरा ने लाईब्रेरी में आवश्यक सभी किताबे, कम्प्यूटर आदि की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने डायनिंग हॉल का निरीक्षण करते हुए डायनिंग हॉल को होटलों की तरह साफ-सफाई के साथ ही सुसज्जित करने को कहा। उन्होंने आवासीय विद्यालय परिसर को सी.सी.टीव्ही. कैमरा से लैस करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में नवमीं व दसवीं के छात्रों के लिए 400 सीट और ग्यारवीं-बारहवीं के बच्चों के लिए 400 सीट उपलब्ध है। प्रयास विद्यालय में कमजोर वर्ग के बच्चे पढ़ाई करते है।
श्री सोनमणि बोरा ने इस दौरान सड्डू में बन रहे व्यावसायिक शिक्षा, शोध और इंजीनियरिंग सहित प्रतियोगी परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 22.05 करोड़ रूपए की लागत से बन रहे 750 सीटर आवासीय एकलव्य भवन का भी निरीक्षण किया। इनमें बालिकओं के लिए 250 सीट और बालकों के लिए 500 सीटर की अलग-अलग दो ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। श्री बोरा ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधयों से कहा कि गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में भवन का निर्माण किया जाना सुनिश्चित हो। श्री बोरा ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्माण कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमित रूप से निर्माण कार्याे की गुणवत्ता की जांच भी किया जाय। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आगामी समय के लिए क्या सुविधाएं दी जा सकती है अथवा क्या-क्या आवश्यकता पड़ सकती है। श्री बोरा भ्रमण के दौरान निर्माण एजेंसी से कहा कि कॉलोनाइजर की तरह एक कमरा मॉडल के रूप तैयार कर लिया जाय और उसके अवलोकन और सुधार के बाद बाकी निर्माण किया जाय, ताकि भविष्य के हिसाब से सुविधाओं को ध्यान में रखा जा सके।
इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण विभाग के ईई श्री त्रिदीप चक्रवर्ती, सहायक अभियंता श्री प्रकाश अनंत, प्रयास विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती मंजूला तिवारी, प्राचार्य श्रीमती प्रमिला शुक्ला, मेट्रिक्स संस्था के प्रतिनिधि श्री राजेश बोढ़े सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे
छेड़छाड़ के मकसद से सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम में जाने की कोशिश की है-कवासी लखमा ने आरोप लगाया
कवासी लखमा ने आरोप लगाया कि ईवीएम मशीन में छेड़छाड़ के मकसद से सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम में जाने की कोशिश की है. उन्होंने कहा है कि सुरक्षा का माकूल इंतजाम होने के बावजूद बार-बार अधिकारियों का दौरा संदेहास्पद है. स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी लगाई गई है. 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. बावजूद इसके लगातार सीआरपीएफ के आला अधिकारी स्ट्रांग रूम के पास जा रहे हैं.
बस्तर लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सीआरपीएफ के अधिकारियों पर ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ का आरोप लगाया. कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम में घुसकर ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ की है. उन्होंने बीजेपी आलाकमान के इशारे पर ईवीएम की सुरक्षा में सेंधमारी का आरोप लगाया.
जांजगीर चांपा में हादसा : चालक को आई झपकी, सड़क किनारे नाली में जा पलटी बाराती कार, सभी 9 लोगों को आई मामूली चोट
मंत्री रामविचार नेताम के नक्सलवाद को लेकर दिये गये बयान की कांग्रेस ने कड़ी निंदा किया है।
मंत्री रामविचार नेताम के नक्सलवाद को लेकर दिये गये बयान की कांग्रेस ने कड़ी निंदा किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि वरिष्ठ मंत्री का यह कहना कि नक्सली भाजपा नेता को मारते है कांग्रेस के क्यों नही? बेहद आपत्तिजनक बयान है। कांग्रेस से ज्यादा नक्सलवाद का देश कौन झेला है। झीरम में कांग्रेस के 31 नेताओं की हत्या हुई थी। भाजपा सरकार बनने के बाद चार कांग्रेस नेताओं की हत्या हुई है। प्रदेश सरकार का मंत्री नक्सल हत्याओं को कांग्रेस भाजपा की तराजू पर तौल रहे है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बस्तर में लगातार हो रही नक्सल हत्या के लिये भाजपा की विष्णुदेव सरकार की अकर्मण्यता और अनिर्णय वाली नीति जवाबदार है। राज्य में जब से भाजपा की सरकार बनी है नक्सली गतिविधियां बढ़ गयी है। सरकार तय नहीं कर पा रही कि नक्सल मामले में उसे क्या करना है, इसी कारण नक्सली गतिविधियां बढ़ गयी है। सरकार के अनिर्णय वाले स्थिति का खमियाजा बस्तर के लोगो को भुगतना पड़ रहा है। आदिवासी एक बार फिर सुरक्षाबलों नक्सलवाद के दो पाटो में पिस रहे है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने नक्सलवाद पर एक ठोस नीति बनाया था विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूल मंत्र को लेकर कांग्रेस सरकार आगे बढ़ी थी जिसके सकारात्मक परिणाम आये और राज्य में नक्सली गतिविधियों में 80 प्रतिशत तक की कमी आई थी तथा रमन राज में नक्सलवाद 15 जिलों तक पहुंच गया था। कांग्रेस सरकार के 5 सालों में बस्तर के सूदुर क्षेत्रों तक सिमट गया था। वर्तमान भाजपा सरकार के अनिर्णय के कारण राज्य में एक बार फिर नक्सली गतिविधियां बढ़ गई है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद से लगभग हर दूसरे दिन नक्सली घटनाएं हो रही है। साय सरकार की अकर्मण्यता के चलते ही विगत पांच महीनो के भीतरी ही 60 से अधिक घटनाओं को नक्सलियों ने अंजाम दिया है। भाजपा सरकार की नाकामी का खामियाजा भोले भाले आदिवासी जनता भुगत रही है। जिस तरह से पूर्ववर्ती भाजपा की सरकार के 2003 से 2818 के 15 वर्षों में 1500 से अधिक स्थनीय आदिवासी, नक्सली घटनाओं में मारे गए, हजार से अधिक सुरक्षा बल के जवान शहीद हुए थे और हजारों फर्जी प्रकरण बनाकर निर्दोष आदिवासियों को जेल में बंद किया गया था। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आते ही अब एक बार फिर वही दौर आ गया है। 2 बच्चो की विस्फोट से मौत हो गयी। विगत दिनों बस्तर में 6 माह की बच्ची की हत्या हुई थीं जिसे क्रॉस फायरिंग में मौत बताया गया, विगत पांच महीनों में फर्जी मुड़भेड़ को लेकर लगातार आरोप लग रहे हैं।
महापौर एजाज ढेबर के बयान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार
महापौर एजाज ढेबर के बयान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार
जब कार्य कर नहीं सकते तो उसे पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं,,
,,महापौर का अगर ऐसा बयान है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए,,
निर्वाचित जनप्रतिनिधि का इस प्रकार बयान दुर्भाग्य जनक है,,
जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे हैं तो पद के बने रहने का अधिकार नही है,,
महापौर एजाज ढेबर ने अपने बयान में कहा था अगर रायपुर नगर निगम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बैठा दिया जाए तो संकट खत्म नहीं होगा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बयान
महापौर को लेकर कहा - उनका जाने का टाइम है चला चली की बेला है तो अच्छे से निपट जाएं तो अच्छा है.... रामविचार नेताम ने महापौर पर साधा निशान
BREAKING : दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत, हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। एमसीबी जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. कलक्ट्रेट कार्यालय के पास तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. वहीं एक गंभीर से घायल है. घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह मामला मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र का है.जानकारी के अनुसार, आज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर कलक्ट्रेट कार्यालय के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. दोनों बाइक पर दो-दो युवक सवार थे. हादसे में अजीत वार्ड न.21 और दिनेश ग्राम सिरौली की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और दो घायल हो गए. जिसमें से एक गंभीर रूप से घायल अजीत केरकेट्टा का भालूडांड केवटी केल्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस की मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई में लगी हुई है.
BREAKING NEWS : बाल-बाल बचे थाना प्रभारी और आरक्षक, नक्सलियों ने कार में किया IED ब्लास्ट
बीजापुर। नक्सली अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. एक बार फिर से नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है. नक्सलियों ने टीआई के वाहन में विस्फोट किया है. इस घटना की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है. यह मामला फरसेगढ़ थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह कार में सवार होकर बीजापुर जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए थे. तभी सोमनपल्ली और रानीबोदली के बीच गन्नम नाला के पास नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया. वाहन में थानेदार के साथ एक आरक्षक भी सवार था. विस्फोट में वाहन के सामने का हिस्सा जद में आया है. हालांकि इस घटना में थानेदार और आरक्षक दोनों ही सुरक्षित हैं.
CG : सब इंजीनियर की सेवा समाप्त...CEO ने जारी किया आदेश...जानिए मामला...!!
सूरजपुर : - राजेश सिंह राणा, सी.ई.ओ. क्रेडा द्वारा जल जीवन मिशन एवं सौर सुजला योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर संयंत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिला सूरजपुर के वि.खं. प्रतापपुर के ग्राम कल्याणपुर नवापारा के प्राथमिक स्कूल में मेसर्स श्री राधे ट्रेडिंग द्वारा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत स्थापित 09 मीटर ऊंचाई के स्ट्रक्चर विन्यास के सोलर ड्यूल पंप संयंत्र में स्थापित किये गये मॉड्यूल का ओरियेंटेशन पूर्व दिशा में है, जबकि तकनीकी रूप से यह दक्षिण दिशा में होना चाहिए, इस प्रकार उक्त संयंत्र गलत दिशा में स्थापित हुआ है। साथ ही उक्त संयंत्र की फ्लोरिंग भी टूटकर धंसी हुई पाई गई साथ ही पम्प कंट्रोलर और लाइटनिंग अरेस्टर की अर्थिग अलग से नहीं की गई है एवं जी आई पाइप की जगह पीवीसी कंड्यूट पाइप का उपयोग किया गया है। इस प्रकरण हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्रेडा द्वारा जिलेके उपअभियंता (प्लेसमेंट), खेमसिंग पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से उनकी सेवा समाप्त कर दी गई साथ ही जिले के जिला प्रभारी श्री जे.आर. साण्डे को तथा इकाई मेसर्स राधे ट्रेडिंग को भी प्रकरण पर नोटिस जारी किया गया।
इसी प्रकार ग्राम खड़गवाकला, विकासखंड प्रतापपुर में श्री कन्नीलाल जायसवाल के यहाँ 3 एचपी का सोलर पम्प स्थापित सोलर पंप के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त संयंत्र का फाउंडेशन कमजोर हो जाने के कारण संयंत्र में स्थापित सोलर मोड्यूल एवं स्ट्रक्चर लुढ़क गया है। इस प्रकरण हेतु जिले के जिला प्रभारी श्री जे.आर. साण्डे, उप अभियंता (प्लेसमेंट) श्री कमल ध्रुव, मैकेनिक (प्लेसमेंट) श्री नितीन तिवारी व जिला सूरजपुर के अन्य विकासखंडों में जल जीवन के कार्यों की सतत् मॉनिटरिंग नही किये जाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चिात करने के कार्यों में लापरवाही की शिकायतें फील्ड से प्राप्त होने के कारण कलेक्टर दर पर कार्यरत् परियोजना निरीक्षक मो. इस्लाम को तथा इकाई मेसर्स सोलाबीज को भी प्रकरण पर नोटिस जारी किया गया। इसी क्रम में जिला जशपुर के ग्राम भीतघरा में हितग्राही मुकुलता किसपोट्टा के यहाँ मेसर्स आरबीपी 11-05-2024 17:58 एनर्जी के द्वारा सौर सुजला योजना VIII अंतर्गत स्थापित 3 एचपी क्षमता के सोलर पम्प का निरीक्षण किया गया, इकाई द्वारा संयंत्र में लगाया हुआ स्टीकर घोर आपत्तिजनक पाया गया, एवं उक्त स्टीकर का संयंत्र में लगा होना आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन भी पाया गया, इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्रेडा द्वारा नाराजगी जताई गई। इन कार्यों की मॉनिटरिंग भी क्रेडा के फील्ड अधिकारियो द्वारा जिम्मेदारी से नहीं किए जाने पर इकाई एवं क्रेडा के अधिकारी के विरुद्ध कड़ीकार्यवाही करने के निर्देश समक्ष में अधिकारियों को दिए गये एवं जिला प्रभारीजशपुर को गुणवत्ता पूर्ण कार्य कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस प्रकरणहेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी महोदय, क्रेडा द्वारा जिले के संबंधित उप अभियंता (प्लेसमेंट) श्री राजकुमार श्याम पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से उनकी सेवा समाप्त कर दी गई. साथ ही जिले के जिला प्रभारी तथा इकाई मेसर्स आर.बी.पी. को भी प्रकरण पर कड़ा नोटिस जारी किया गया।
इसके पश्चात् सी.ई.ओ. क्रेडा द्वारा विकासखंड कुनकुरी के ग्राम धोड़ीडाण्ड में हितग्राही कोरना लियूस के खेत में सौर सुजला योजना अंतर्गत मेसर्स आर.बी.पी. द्वारा स्थापित सोलर पम्प क्षमता 5 एचपी का निरीक्षण कर हितग्राही से कार्यशीलता संबंधी जानकारी ली गई. इस संयंत्र का कंट्रोलर चोरी हो जाने के पश्चात इकाई को निविदा के शर्तनुसार इन्श्योरेंस क्लेम कर हितग्राही के यह स्थापित संयंत्र में नया कंट्रोलर लगाया जाकर उक्त संयंत्र को कार्यशील किया जाना था, किंतु इकाई द्वारा आज दिनांक तक इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर सी.ई.ओ., क्रेडा द्वारा 48 घंटे के भीतर संयंत्र को कार्यशील करने के लिए स्थल से ही इकाई को निर्देशित किया गया एवं स्थल पर उपस्थित क्रेडा के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि यदि 48 घंटे के भीतर पम्प कार्यशील नहीं होता है तो इकाई के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित करे. इस प्रकरण हेतु इकाई मेसर्स आर. बी.पी. को कड़ा नोटिस जारी किया गया, साथ ही जिले के जिला प्रभारी, उप अभियंता (संविदा) श्री राजेन्द्र खेस एवं मैकेनिक (प्लेसमेंट) श्री पुरूषोत्तम साहू को भी प्रकरण पर नोटिस जारी किया किया गया है।
श्री राणा के क्रेडा सी.ई.ओ. के पद पर कार्यभार संभालने के प्रारंभ से ही राज्य में क्रेडा के माध्यम से संचालित सोलर योजनाओं से संबंधित कार्यों के गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही इस संबंध में गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर लगातार कार्यवाहियां भी की जा रही हैं, जिससे राज्य में क्रेडा अंतर्गत कार्य कर रहे इकाईयों एवं अधिकारियों व कर्मचारियों में गुणवत्तायुक्त कार्य करने की प्रवृत्ति निरंतर बढ़ रही है।
नाबालिक बालिका के साथ गैंगरेप...तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
माकड़ी। कोंडागांव जिले के माकडी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव के वार्षिक मेले से घर वापस आने के दौरान नाबालिक बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मामले में माकडी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना से मिली जानकारी अनुसार माकडी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाया की उसकी 14 वर्षीय बेटी सहेली के साथ वार्षिक मेले से रात को अपने घर आ रहे थी। तभी बाइक में सवार तीन अज्ञात युवकों ने इनका रास्ता रोका। युवकों ने पीड़िता को जंगल में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़िता गुमशूम उदास रहने पर परिजनों के बार-बार पूछने पर पीड़िता ने घटना के बारे में बताई। जिसके बाद परिजनों ने माकडी थाने में आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाया गया।
पुलिस ने तीनांे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाने में अपराध धारा 351, 376 घ क, 376(3) 506, पॉस्को एक्ट के तहत धारा 06 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी में जुटी गई। पुलिस ने संदेहियों से पुछताछ करते हुए घटना के तीन मुख्य आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में चैनू यादव 20 वर्ष, देवलाल विषकर्म 22 वर्ष व आकाश नेताम 24 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। यह सभी आरोपी ग्राम गुहाबोरंड के है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पी पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ विधिवत कार्यवाही कर सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
