प्रदेश

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न 4 नवंबर को जशपुर में निकलेगी विशाल पदयात्रा, राष्ट्र चिंतन, युवा संवाद और छात्र प्रतियोगिताओं के जरिए जनजागरण की तैयारी

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न 4 नवंबर को जशपुर में निकलेगी विशाल पदयात्रा, राष्ट्र चिंतन, युवा संवाद और छात्र प्रतियोगिताओं के जरिए जनजागरण की तैयारी

 

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की जिला कार्यसमिति बैठक भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। अभियान के तहत 4 नवंबर को जशपुर में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी।

बैठक में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंडल एवं बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और व्यापक जनसंपर्क करने पर जोर दिया गया। अभियान के अंतर्गत राष्ट्र चिंतन, प्रबुद्धजनों से संवाद, युवा एवं छात्र संवाद, विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल ने कहा कि लोकतंत्र जनादेश, संवैधानिक मर्यादा और जनता के प्रति जवाबदेही पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के उद्देश्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता सूची की शुद्धता जैसे विषयों पर जनसंवाद करने का आह्वान किया।

जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मंडल और बूथ स्तर पर सक्रियता, आपसी समन्वय तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यक्रमों को पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के बीच निरंतर संवाद पर निर्भर करेगी।

बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के अंत में भाजयुमो जशपुर के पूर्व मंडल अध्यक्ष अभ्युदय मिश्रा के असामयिक निधन पर मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भाजपा पदाधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं।

बैठक में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें...