प्रदेश
राज्योत्सव 2026: जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि, 2 नवंबर को होगा आयोजन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा आयोजन स्थल।
जशपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। इसके अनुसार जशपुर जिले में मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्योत्सव के लिए इस वर्ष ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं, शासकीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, वहीं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे शासकीय भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। राज्य शासन ने कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और आयोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के प्रमुख जिलों में निर्धारित मुख्य अतिथि
जारी आदेश के अनुसार बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सरगुजा में मंत्री रामविचार नेताम और रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा कोरबा में मंत्री लखन लाल देवांगन, सूरजपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कांकेर में मंत्री केदार कश्यप, राजनांदगांव में मंत्री गजेन्द्र यादव तथा बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्योत्सव के आयोजन को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां की जाएंगी। कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने पर जोर रहेगा।
