प्रदेश

डिजिटल इंडिया की रंगोली ने दिया ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का संदेश रणजीता स्टेडियम में रंगोली के जरिए साकार हुआ डिजिटल भारत का विजन, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया अवलोकन

डिजिटल इंडिया की रंगोली ने दिया ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का संदेश रणजीता स्टेडियम में रंगोली के जरिए साकार हुआ डिजिटल भारत का विजन, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया अवलोकन

 सेवा संकल्प अभियान के तहत रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आकर्षक रंगोली के माध्यम से जीवंत रूप दिया गया। रंग-बिरंगे रंगों और दीपों से सजी इस विशेष रंगोली में डिजिटल कनेक्टिविटी, ई-गवर्नेंस, तकनीकी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया और उसके चारों ओर दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। डिजिटल तकनीक ने जहां आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाया है, वहीं शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और सुशासन को भी मजबूती दी है। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी मौजूद रहीं।

रंगोली में दिखी डिजिटल भारत की तस्वीर

रंगोली के मध्य में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश प्रमुखता से अंकित किया गया था। इसके ऊपर बने वाई-फाई के प्रतीक ने देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को दर्शाया। कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक के चित्र डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जानकारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रतीक बने।

मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्रों के जरिए मोबाइल तकनीक तथा ई-गवर्नेंस को दर्शाया गया। रंगोली में हरी पत्तियों और पौधे के चित्र के माध्यम से डिजिटल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया गया।

भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र के जरिए तकनीक के माध्यम से देश को सशक्त बनाने और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भावना अभिव्यक्त की गई। मानचित्र के भीतर बनी विभिन्न रंगों की डिजिटल लाइनें देश के अलग-अलग हिस्सों को तकनीक के माध्यम से जोड़ने का प्रतीक बनीं।

दीपों ने दिया जागरूकता और सकारात्मकता का संदेश

रंगोली के नीचे लिखा ‘Connected India, Stronger India’ संदेश डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से मजबूत भारत की परिकल्पना को सामने रखता है। रंगोली के चारों ओर जलते दीप भारतीय संस्कृति, प्रकाश और सकारात्मकता के प्रतीक बने।

दीपों के माध्यम से डिजिटल जागरूकता की रोशनी से अज्ञानता और डिजिटल दूरी के अंधकार को दूर कर नए अवसरों की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पार्षद विक्रांत सिंह एवं देवधन नायक, मनोनीत पार्षद रुपेश सोनी, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें...