क्राइम
आदतन बदमाश ‘लक्की’ गिरफ्तार, लूट और हत्या के प्रयास का मामला।
कुनकुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लूटपाट और हत्या के प्रयास के मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आदतन बदमाश रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे खारीझरिया निवासी किया राम यादव के घर में आरोपी अपने साथियों के साथ घुसा। घर के सदस्य सो रहे थे तभी आरोपी ने कमरे में जाकर अलमारी खोलने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने घर की बहू का मुंह तकिए से दबाकर हत्या करने का प्रयास किया और अलमारी में रखे करीब 2 लाख 10 हजार रुपए नगद, एक मोबाइल फोन और चांदी की पायल लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और साइबर यूनिट की मदद से आरोपी की पतासाजी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 18 हजार रुपए नगद तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई है। 26 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, उसे जिला बदर किया जा चुका है और वह पहले पुलिस कस्टडी से भी फरार हो चुका है। इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
