प्रदेश

नारी शक्ति वंदन विधेयक रोकने पर भड़कीं रायमुनि भगत,विपक्ष पर सीधा प्रहार।

नारी शक्ति वंदन विधेयक रोकने पर भड़कीं रायमुनि भगत,विपक्ष पर सीधा प्रहार।

 

 

लोकसभा में नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को पारित होने से रोकने को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महिलाओं के प्रति नकारात्मक मानसिकता का उदाहरण बताया है।

जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से इस ऐतिहासिक पहल का विरोध किया और इसे गिराने का प्रयास किया।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार महिलाओं को विजन 2047 का भागीदार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें उम्मीद थी कि इस मुद्दे पर विपक्ष राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने पहले भी धारा 370, तीन तलाक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का विरोध किया और अब उसी तरह का रुख महिला आरक्षण से जुड़े इस विधेयक पर अपनाया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष पिंकीं गुप्ता ने भी विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि जिस एकजुटता के साथ विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध किया, वही ताकत अगर इसे पारित कराने में दिखाई जाती तो महिलाओं को व्यापक लाभ मिलता। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे को विपक्ष द्वारा बहाना बताया और कहा कि जनगणना के बाद यह प्रक्रिया स्वाभाविक रूप से पूरी होगी।

रायमुनि भगत ने विपक्ष द्वारा इस मुद्दे को चुनावों से जोड़ने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधेयक के गिरने के बाद देशभर में महिलाओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है, जिससे बचने के लिए विपक्ष इस तरह के आरोप लगा रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पारित हो चुका है और इसे लागू करने के लिए ही संशोधन विधेयक लाया गया था।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश नंदे, जिला मंत्री संतोष सिंह, फैज़ान सरवर खान, मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें...