सियासत
सोशल मीडिया पर BoycottMaldives ट्रेंड कर रहा है.अभिनेता अक्षय कुमार ने भी बायकॉट अभियान में शामिल होते हुए ट्वीट कर कहा
पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर BoycottMaldives ट्रेंड कर रहा है. इस हैशटैग को ट्रेंड करवाने वाला देश भी कोई और नहीं बल्कि पिछले साल तक मालदीव के अच्छे दोस्तों में गिना जाने वाला देश भारत है. वैसे तो इन दोनों देशों के बीच के रिश्ते पिछले साल अक्टूबर में मोहम्मद मोइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही थोड़े बहुत बिगड़ने लगे थे. लेकिन हालिया मामले ने भारत की जनता में भी आक्रोश ला दिया है.
दरअसल 2 जनवरी को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीर और वीडियो साझा किया जिसमें वह समुद्र किनारे टहलते नजर आ रहे थे. प्रधानमंत्री ने इन तस्वीरों और वीडियो को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आप लोगों को लक्षद्वीप घूमने जरूर जाना चाहिए'.
उनके इस कैप्शन और तस्वीर के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने लक्षद्वीप की तुलना मालदीव से करनी शुरू कर दी. जिसे देखते हुए मालदीव के मुइज़्ज़ू सरकार में मंत्री मरियम शिउना ने अपना ही तुर्रा जोड़ते हुए पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. शिउना ने लक्षद्वीप का भी मजाक उड़ाया. उनके इस ट्वीट के बाद मालदीव के नेता मालशा शरीफ और महज़ूम माजिद भी भारत को घेरते हुए नजर आए थे.
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि लक्षद्वीप के सुंदर, स्वच्छ और हैरान करने वाले समुद्र तटों पर हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखना बहुत अच्छा है और सबसे अच्छी बात यह है कि ये हमारे भारत में हैं.
अभिनेता अक्षय कुमार ने भी बायकॉट अभियान में शामिल होते हुए ट्वीट कर कहा, 'मालदीव के प्रमुख नेताओं ने भारतीयों पर घृणित और नस्लवादी टिप्पणियां की. यह हैरान करने वाला है. मालदीव एक द्वीप है ऐसा जहां सबसे भारतीय लोग जाते हैं. हम अपने पड़ोसियों के प्रति अच्छे हैं, लेकिन हमें ऐसी बेवजह नफरत क्यों बर्दाश्त करनी चाहिए? मैंने कई बार मालदीव का दौरा किया है और हमेशा इसकी प्रशंसा की है, लेकिन मेरे लिए अपनी गरिमा पहले है. आइए हम भारतीय द्वीपों का एक्स्प्लोर करें और अपने खुद टूरिज्म को सपोर्ट करें.
इन बॉलीवुड एक्टर्स के अलावा मधुर भंडारकर, जॉन अब्राहम, रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री कंगना रनौत भी सोशल मीडिया के माध्यम से लक्षद्वीप का प्रचार करने वाली कुछ भारतीय फिल्मी हस्तियों में शामिल रही.
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'मेरे देश के सभी युवाओं, यात्रा को लेकर उत्साही लोगों और खोजकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि आप पहले अपने देश का पता लगाएं, अपनी भूमि की सुंदरता और हमारे पास मौजूद विविध संस्कृति और व्यंजनों को देखें.
