प्रदेश
आयुष्मान भारत योजना से शत प्रतिशत ग्रामीणों को मिला कार्ड, सरपंच सम्मानित
आयुष्मान भारत योजना के तहत 100 प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायत किरगोली के सरपंच को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 30 लोगों का स्वास्थ्य जांच हुआ और 30 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। राजस्व विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में बी1 खसरा का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा पतिराम और परशुराम को छडी वितरण और गणेश राम का पेंशन आवेदन प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम में धरती कहे पुकार के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लघु नाटक की प्रस्तुति के साथ ग्रामीणों को रासायनिक खेती का प्रयोग न कर प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की गई। साथ ही मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों ने योजना के लाभ के बारे में बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, पद्मश्री श्री अजय मण्डावी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और ग्रामीणजन उपस्थित थे। साथ ही ग्राम किरगोली के अलावा ग्राम मण्डागांव एवं कानागांव, गाण्डागौरी, लिलेझर, कर्रामाड़, सिहारी, पेटोली, छोटेबेठिया, धरमपुर, बनसागर और चनार में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
