प्रदेश

कोविड की जांच एवं उपचार की सुविधा को पुनः सुदृढ़ करने दिशा-निर्देश जारी

कोविड की जांच एवं उपचार की सुविधा को पुनः सुदृढ़ करने दिशा-निर्देश जारी

उत्तर बस्तर कांकेर, 21 दिसम्बर 2023/भारत के केरल एवं अन्य राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट वायरस (जेएन-1) का फैलाव होने के कारण आगामी नव-वर्ष एवं त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के द्वारा कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम एवं प्रबंधन हेतु भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश का जिले के समस्त शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में पालन किए जाने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही जिले के समस्त शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड-19 जांच एवं उपचार की सुविधा को पुनः सुदृढ़ किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है तथा सभी विकासखण्ड को कोविड-19 के दैनिक जांच हेतु पत्र के माध्यम से लक्ष्य जारी किया गया है।
            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड बीमारी राज्य में नियंत्रण में है तथा अनावश्यक घबराने की आवश्यकता नहीं है, परन्तु सावधानी बरतना आवश्यक है। पूर्व मेंं जारी कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों तथा कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे मास्क लगाना, साबुन से हाथ धोना, सेनिटाइजर का उपयोग करना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना, संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों से दूरी बनाकर रखना इत्यादि नियमों का पालन करें। साथ ही सर्दी, खांसी, बुखार या श्वास में तकलीफ होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज कांकेर में उपस्थित होकर जांच एवं उपचार कराने के लिए उनके द्वारा आग्रह किया गया है।

ये भी पढ़ें...